नीट का कटऑफ जारी, जान लीजिए क्वालिफाइंग मार्क्स
कॉमन मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के लिए सीबीएसई ने ऑल इंडिया काउंसलिंग की कटऑफ जारी कर दी है। बोर्ड के मुताबिक एक ओर 720 में से 118 अंक पाने वाले भी कामयाब हो गए हैं तो दूसरी ओर सामान्य श्रेणी में 468 अंकों पर कटऑफ रही।
सीबीएसई के मुताबिक, सामान्य श्रेणी में कटऑफ 685 से 468 अंक, सामान्य दिव्यांग में कटऑफ 466 से 214 अंक, ओबीसी में कटऑफ 468 से 465 अंक, ओबीसी दिव्यांग में कटऑफ 213 से 210 अंक, एससी में कटऑफ 468 से 352 अंक, एससी दिव्यांग में कटऑफ 209 से 130 अंक, एसटी में कटऑफ 466 से 303 अंक, एसटी दिव्यांग 213 से 118 अंक रही है। इसी कटऑफ के तहत ऑल इंडिया काउंसलिंग शुरू हो चुकी है।
बोनस मार्किंग
मेडिकल की कॉमन प्रवेश परीक्षा नीट 1 और नीट 2 में सीबीएसई ने इस साल बोनस मार्किंग की है। बोर्ड ने प्रवेश परीक्षाओं की अंतिम आंसर-की जारी करते हुए यह जानकारी दी है। इसके तहत नीट 1 में प्रत्येक कैंडीडेट को आठ अंक और नीट 2 में हर कैंडीडेट को चार बोनस अंक दिए गए।
नीट में तीन सवालों पर मिले बोनस अंक
रिजल्ट के बाद शुरू हुई ऑल इंडिया काउंसिलिंग में छात्र उधर अपनी च्वाइस भर रहे हैं तो सोमवार को अचानक आई आंसर-की से असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, बोर्ड ने यह साफ कर दिया है कि इन बोनस अंकों के साथ ही इवेल्यूएशन किया गया है। आंसर-की के मुताबिक, एक मई को आयोजित हुई नीट 1 में सेट एपीडब्ल्यू में सवाल नंबर 53 व 98, सेट बीक्यूएक्स में सवाल नंबर 40 व 104, सेट जीआरयू में सवाल नंबर 70 व 169, सेट डीएसजेड में सवाल नंबर 62 व 170 गलत पाए गए हैं।
इन सभी सवालों के लिए अभ्यर्थियों को आठ अंकों का बोनस दिया गया है। इसी प्रकार 24 जुलाई को आयोजित हुई नीट 2 में सेट में एएपीपीडब्ल्यूडब्ल्यू में सवाल नंबर 67, सेट बीबीक्यूक्यूएक्सएक्स में सवाल 28, सेट सीसीआरआरवाईवाई में सवाल नंबर 179 और सेट डीडीएसएसजेडजेड में सवाल 146 गलत पाए गए हैं।
इन सवालों के लिए प्रत्येक कैंडीडेट को चार बोनस अंक दिए गए हैं। परीक्षा विशेषज्ञ वैभव राय के मुताबिक, इस वजह से छात्र असमंजस में हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार बोर्ड ने अंतिम परिणाम जारी होने के बाद इस तरह से आंसर की जारी की है। अन्य किसी प्रवेश परीक्षा में इस तरह की प्रक्रिया नहीं अपनाई जाती।