डीएवी में ABVP की लगातार 10वीं जीत, सचिव पद पर बड़ा उलटफेर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीएवी पीजी कॉलेज में एबीवीपी ने लगातार 10वीं बार अध्यक्ष पद जीत हासिल कर अपना परचम लहराए रखा है। एबीवीपी के राहुल कुमार 1576 मत पाकर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।
वहीं दूसरे स्थान पर रहे एबीवीपी के ही बागी संजय तोमर ने मात्र दस वोटों के अंतर से पीछे रहकर आखिरी वक्त तक सबकी सांसे थामे रखी। इधर सचिव पर लगातार तीन वर्षों से चली आ रही आर्यन ग्रुप की किलेबंदी को सत्यम शिवम ग्रुप के कपिल शर्मा ने भेद दिया।
डीएवी में शुक्रवार को हुए रिकॉर्ड मतदान ने सबकी धड़कने बढ़ा रखी थीं। शनिवार दोपहर जब मतगणना शुरू हुई तो शुरुआती रुझानों ने एक बार फिर सबकी धड़कने तेज कर दी। रिकॉर्ड वोटिंग भले ही पिछले नौ सालों से लगातार एबीवीपी की हो रही जीत का सिलसिला बदल नहीं पाई। लेकिन बागी संजय तोमर ने 1566 वोट पाकर सबको चौंका दिया। उनके और अध्यक्ष पद पर निर्वाचित राहुल कुमार के बीच जीत का अंदर मात्र दस वोटों का रहा। वहीं एनएसयूआई को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
सचिव पद पर सत्यम शिवम ग्रुप जीता, आर्यन हारा
वहीं चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर हुआ सचिव पद पर जहां तीन सालों से लगातार जीत रहे आर्यन ग्रुप को सत्यम शिवम ग्रुप के कपिल शर्मा ने हराकर सभी को चौंका दिया। कपिल शर्मा ने आर्यन ग्रुप के प्रत्याशी को भारी अंतर से हरा दिया। गौरतलब है कि आर्यन ग्रुप के समर्थित प्रत्याशी लगातार तीन सालों से सचिव पद पर जीतते आ रहे थे।
सहसचिव पद पर विकास ग्रुप की प्रिया ने निर्दलीय आदेश कुमार को हराया। विवि प्रतिनिधि पद पर भी विकास ग्रुप की ज्योति पंवार ने छात्रम के विरेंद्र सिंह रावत को हराया। कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की ज्योति वर्मा ने निर्दलीय भरत सिंह को मात दी। छात्रा प्रतिनिधि पद पर भी एनएसयूआई की ज्योति रावत ने निर्दलीय अंजली चमोली को हराया। छात्र स्नातक प्रतिनिधि पद पर नवीन नेगी ने दिव्य मोहन जोशी को हराया। चुनाव के बाद सभी विजेता प्रत्याशियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकालकर जश्न मनाया। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. गोपाल क्षेत्री ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ को शपथ दिलाई।