रो पड़े ABVP अध्यक्ष प्रत्याशी, बोले 'मुझे हराने की हो रही साजिश '
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीएवी कॉलेज देहरादून में एबीवीपी के टिकट से छात्रसंघ अध्यक्ष का चुनाव लड़ रहे राहुल कुमार ने विरोधियों पर हराने की साजिश करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रेस वार्ता में बेहद भावुक अंदाज में कहा कि वह गरीब घर के संगठन के समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन ने उन्हें जिम्मेदारी दी है लेकिन कुछ लोग जानबूझकर उन्हें हराने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि वह संगठन की लगातार दसवीं जीत के लिए जी जान लड़ा देंगे।
बुधवार को एबीवीपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष प्रत्याशी राहुल कुमार काफी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वह गरीब घर के हैं। उनके पिताजी ने सब्जी का काम करते हुए उन्हें पढ़ाया है। उनकी मां बचपन में ही गुजर गई थी। कुछ लोग नहीं चाहते कि इस गरीब प्रत्याशी को अध्यक्ष पद पर जीत मिले, इसलिए वह मुझे हराने की साजिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह वर्ष 2009 से संगठन के समर्पित कार्यकर्ता के तौर पर जुड़े हुए हैं। विरोधी भले ही कितनी भी कोशिशें कर लें लेकिन वह संगठन को डीएवी में लगातार दसवीं जीत तक लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव जीते तो गत वर्षों की तरह इस साल भी संगठन छात्रहितों में कार्य करेगा। प्रेस वार्ता में डीएवी के पूर्व अध्यक्ष राहुल रावत और पूर्व अध्यक्ष अंशुल चावला भी मौजूद रहे।
बागी संजय बोले, मेरी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया
मैं संगठन से सात साल से जुड़ा हुआ हूं। मेरी पूरी मेहनत पर संगठन ने पानी फेर दिया है। जिन कार्यकर्ताओं को कल तक संगठन में उत्पाती किस्म का माना जाता था, आज उन्हें टिकट दे दिया गया। संगठन ने हमारे साथ अन्याय किया है। अब हम पूरी ताकत से अध्यक्ष पद जीतेंगे। यह बात एबीवीपी से बागी होकर डीएवी में अध्यक्ष पद पर नामांकन करने वाले निर्दलीय प्रत्याशी संजय तोमर ने कही। उन्होंने कहा कि वह पीछे नहीं हटेंगे।
बुधवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में संजय तोमर ने कहा कि वह हमेशा से ही संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें यह भी नहीं बताया कि उनका टिकट क्यों काटा। बस सीधे आदेश जारी कर दिया। उन्होंने टिकट पाने वाले कार्यकर्ताओं पर सवाल भी उठाए।
कहा कि वह संगठन में उत्पात मचाते आए हैं लेकिन फिर भी उन्हें सिर पर बैठाया गया। उन्होंने साफ कहा कि वह अध्यक्ष पद जीतने के लिए चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। इसके बाद कॉलेज में बेहतर शैक्षिक माहौल बनाने के लिए काम करेंगे। इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पारस गोयल और राकेश नेगी आदि मौजूद रहे।