ये 'नवरत्न' वर्ल्ड कप में बिखेर सकते हैं जलवा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप शुरू होने में अब 8 दिन शेष रह गए हैं। क्रिकेट के इस महाकुंभ के शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के अलावा दक्षिण अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन किया है, जबकि वर्ल्ड चैंपियन भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड जैसी टीमों ने खराब खेल दिखाया।
बावजूद इसके कि हर टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो इस बार वर्ल्ड कप में अपना जलवा बिखेर सकते हैं। हर प्रशंसक अपने-अपने स्तर पर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों पर दांव लगा रहे हैं। प्रशंसकों के अलावा कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी वर्ल्ड कप में कुछ खिलाड़ियों पर अपने-अपने दांव लगाए हैं। आज हम आपको वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और महान क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स के दांव की बात करेंगे। विव ने वर्ल्ड कप से पहले दुनिया के 9 चुंनिदा खिलाड़ियों पर नजर रखने की बात कही है।
ये 9 खिलाड़ी वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने पहुंची 14 टीमों में से चुने गए हैं। विव ने 9 खिलाड़ियों में सिर्फ एक भारतीय खिलाड़ी को शामिल किया। आइए, जानते हैं कि विवियन के उन नवरत्नों के बारे में जो इस बार वर्ल्ड कप में छा सकते हैं।
विव के 4 दिग्गज बल्लेबाजों के बारे में जाने
महान क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स ने हाल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए 9 खिलाड़ियों की एक लिस्ट तैयार की है जो इस बार वर्ल्ड कप में छाए रहेंगे।
विव की लिस्ट में सबसे पहला नाम है दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एबी डीविलियर्स का, जिन्होंने पिछले महीने ही वनडे क्रिकेट में सबसे तेज शतक ठोंकने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने महज 31 गेंदों में शतक ठोंका। वह जिस तरह से बल्लेबाजी करते हैं उससे वह वर्ल्ड कप में रनों की बारिश कर सकते हैं।
इसके बाद विराट कोहली को उन्होंने अपनी लिस्ट में रखा है। कोहली हालांकि त्रिकोणीय सीरीज में कुछ खास नहीं कर सके थे लेकिन इन दिनों जबर्दस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में पिछले महीने खत्म हुई टेस्ट सीरीज में 4 शतक लगाए। वह कभी भी कहीं भी रन बनाने में सक्षम हैं।
कैरेबियाई बल्लेबाज क्रिस गेल भी वर्ल्ड कप में बड़ा दांव चल सकते हैं। गेल जब बल्लेबाजी करते हैं तो उन्हें रोक पाना किसी भी टीम के गेंदबाजों के लिए संभव नहीं होता। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में वह नाकाम तो रहे लेकिन इससे पहले टी-20 सीरीज में जोरदार बल्लेबाजी की थी।
ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज स्टीवन स्मिथ जिस तरह से रन बना रहे हैं उससे यही लगता है कि वह वर्ल्ड कप में भी कई बड़ी पारियां खेलेंगे। हाल में ही उन्हें ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट और वनडे मैचों की कप्तानी करने का मौका मिला और दोनों ही प्रारूपों में बतौर कप्तान पहले ही मैच में शतक ठोंकने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।
'नवरत्नों' में 2 तेज गेंदबाज भी शामिल
अभी आपने विवियन रिचर्ड्स के नवरत्नों में से 4 बड़े खिलाड़ियों के बारे में जाना। अब हम आपको शेष 5 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं। उनकी 9 खिलाड़ियों की लिस्ट में 7 तो बल्लेबाज ही हैं और जो 2 गेंदबाज शामिल हैं वे दोनों तेज गेंदबाज हैं।
ब्रैंडन मैकुलम, न्यूजीलैंड के कप्तान अपनी आतिशी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। मैकुलम जब एक बार रन बनाना शुरू करते हैं तो उन्हें रोक पाना संभव नहीं होता। हाल के कुछ मैचों में वह नाकाम जरूर रहे लेकिन वह कभी भी लय हासिल कर सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के एक और बल्लेबाज को इस लिस्ट में जगह मिली है। ग्लेन मैक्सवेल वनडे और टी-20 प्रारूप के ही खिलाड़ी माने जाते हैं। इंग्लैंड के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की एक बार फिर सभी की निगाह इस आतिशी बल्लेबाज पर टिक गई है। बल्ले के अलावा वह गेंद से भी कमाल करने में सक्षम हैं।
कुमार संगकारा, श्रीलंका के सबसे अनुभवी बल्लेबाज संभवतः अपना अंतिम वर्ल्ड कप टूर्नामेंट खेल रहे हैं। ऐसे में वह इस बार कई बड़ी पारियां खेलकर इसे यादगार बनाना चाहेंगे। वह लगातार रन बना रहे हैं और पिछले कुछ समय में उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़े भी हैं।
बल्लेबाजों के अलावा दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन भी अपना जलवा दिखा सकते हैं। स्टेन तो अपनी गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों में खौफ भरते ही रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की तेज पिचों पर वह काफी कारगर साबित हो सकते हैं।
स्टेन के अलावा पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान भी अपनी टीम के लिए तुरुप का पत्ता साबित हो सकते हैं। 7 फुट लंबे इस तेज गेंदबाज को अपनी लंबाई की वजह से पिच पर अच्छी खासी उछाल मिल सकती है। अगर वह उछाल पाने में सफल रहे तो बल्लेबाजों के सामने उन्हें खेल पाना संभव नहीं होगा। बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज अगर टूर्नामेंट में लगातार फिट रहता है तो अपनी टीम के लिए काफी कुछ करने में सफल हो सकता है।