फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Ranji Trophy Roundup: Bengal, Gujarat Register Big Wins; Rain Denies Madhya Pradesh Victory
IND Inning
75/2 (5.4 ov)
Target: 248
Abhishek Sharma 8(7)*
Shreyas Iyer 2 (2)
IND need 173 runs in 14.2 remaining overs

रणजी ट्रॉफी राउंडअप: बंगाल की दिल्ली पर बड़ी जीत, गुजरात ने ओडिशा को हराया; बारिश बनी एमपी की राह में बाधा

Wed, 14 Oct 2026 07:24 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Wed, 14 Oct 2026 07:24 PM IST
सार

रणजी ट्रॉफी एलीट 2026-27 के शुरुआती दौर में बंगाल ने दिल्ली को नौ विकेट से हराया, जबकि गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से शिकस्त देकर बोनस अंक हासिल किया। मध्य प्रदेश जीत से सिर्फ तीन विकेट दूर रह गया, लेकिन बारिश और खराब रोशनी के कारण गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ हो गया। ग्रुप-बी में आंध्र, सौराष्ट्र और पंजाब ने पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन-तीन अंक हासिल किए। वहीं, हैदराबाद ने त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराया, जबकि विदर्भ और बड़ौदा ने भी बड़ी जीत दर्ज की। झारखंड-केरल, तमिलनाडु-राजस्थान और रेलवे-उत्तराखंड सहित कई मुकाबले ड्रॉ रहे।

विज्ञापन
Ranji Trophy Roundup: Bengal, Gujarat Register Big Wins; Rain Denies Madhya Pradesh Victory
जडेजा-शमी - फोटो : PTI

विस्तार

रणजी ट्रॉफी एलीट 2026-27 के पहले दौर में बुधवार को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। बंगाल ने दिल्ली को नौ विकेट से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की, जबकि गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से शिकस्त देकर बोनस अंक हासिल किया। वहीं, गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर बारिश और खराब रोशनी के कारण मध्य प्रदेश के खिलाफ हार से बच गया। मध्य प्रदेश जीत से सिर्फ तीन विकेट दूर रह गई थी। इसके अलावा आंध्र, सौराष्ट्र और पंजाब ने पहली पारी में बढ़त के आधार पर ड्रॉ मुकाबलों से 3-3 अंक हासिल किए। हैदराबाद ने त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराया, जबकि विदर्भ और बड़ौदा ने भी अपने-अपने मुकाबलों में बड़ी जीत दर्ज की।
विज्ञापन
Trending Videos

Ranji Trophy Roundup: Bengal, Gujarat Register Big Wins; Rain Denies Madhya Pradesh Victory
बंगाल बनाम दिल्ली - फोटो : PTI
बंगाल ने दिल्ली को नौ विकेट से हराया
  • ग्रुप-सी के मुकाबले में बंगाल ने दिल्ली को नौ विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की। दिल्ली की टीम दूसरी पारी में 277 रन पर सिमट गई और बंगाल को जीत के लिए 89 रन का लक्ष्य मिला। बंगाल ने इसे 15.3 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
  • दिल्ली ने दिन की शुरुआत दूसरी पारी में 101/3 के स्कोर से की थी। कप्तान आयुष बडोनी ने 134 गेंदों पर 85 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि विकेटकीपर अनुज रावत ने 39 रन बनाए। हालांकि, बंगाल के गेंदबाजों ने दिल्ली को बड़ा लक्ष्य खड़ा करने का मौका नहीं दिया। प्रदीप्त प्रमाणिक ने तीन विकेट लिए, जबकि आमिर गनी और सुमंत गुप्ता को दो-दो विकेट मिले। मोहम्मद शमी, आकाश दीप और मुकेश कुमार ने भी एक-एक विकेट हासिल किया।
  • इससे पहले बंगाल ने अपनी पहली पारी में 429 रन बनाए थे, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम 240 रन पर आउट हो गई थी। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने दूसरी पारी में नाबाद 34 रन बनाए, जबकि पहली पारी में शतक जड़ने वाले सुदीप घरामी 16 रन बनाकर नाबाद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से हराया
ग्रुप-सी के एक अन्य मुकाबले में गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से हराकर बोनस अंक हासिल किया। बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ देसाई ने दूसरी पारी में 36 रन देकर पांच विकेट झटके और ओडिशा की पारी 161 रन पर समेट दी। ओडिशा ने दिन की शुरुआत दूसरी पारी में 119/4 के स्कोर से की थी। टीम की ओर से संदीप पटनायक ने 65 और निनाद राठवा ने 53 रन बनाए। गुजरात के लिए अर्जन नागवासवाला ने मैच में कुल छह विकेट हासिल किए। ओडिशा से मिले 47 रन के लक्ष्य को गुजरात ने बिना विकेट गंवाए 9.3 ओवर में हासिल कर लिया। नए कोच मोंटी देसाई के मार्गदर्शन में गुजरात की टीम ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
विज्ञापन

Ranji Trophy Roundup: Bengal, Gujarat Register Big Wins; Rain Denies Madhya Pradesh Victory
मध्य प्रदेश बनाम जम्मू-कश्मीर - फोटो : PTI
बारिश ने छीनी मध्य प्रदेश की जीत
  • गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर ने मध्य प्रदेश के खिलाफ हार टाल दी, लेकिन टीम की दूसरी पारी में बल्लेबाजी बेहद खराब रही। 326 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर ने चौथे दिन खेल समाप्त होने तक 34 ओवर में 88 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। बारिश और खराब रोशनी के कारण आगे खेल नहीं हो सका और मुकाबला ड्रॉ रहा।
  • मध्य प्रदेश ने दूसरी पारी 249/6 पर घोषित की थी। कप्तान शुभम शर्मा ने 200 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाए, जबकि सरांश जैन 35 रन बनाकर नाबाद रहे। पहली पारी में मध्य प्रदेश ने 196 रन बनाए थे, जिसके जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम 120 रन पर सिमट गई थी।
  • लक्ष्य का पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाज मध्य प्रदेश के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। आवेश खान और आर्यन पांडे ने तीन-तीन विकेट लिए। आवेश ने 30 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि पांडे ने 31 रन देकर तीन बल्लेबाजों को आउट किया। जम्मू-कश्मीर के लिए औकिब नबी 30 रन बनाकर नाबाद रहे।

आंध्र, सौराष्ट्र और पंजाब को मिले तीन-तीन अंक
  • रणजी ट्रॉफी के ग्रुप-बी मुकाबलों में आंध्र, सौराष्ट्र और पंजाब ने पहली पारी में बढ़त हासिल कर तीन-तीन अंक अपने नाम किए।
  • आंध्र ने कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में 418 रन बनाए थे, जबकि कर्नाटक की टीम 274 रन पर सिमट गई थी। आंध्र को 144 रन की बढ़त मिली। कर्नाटक ने दूसरी पारी में कप्तान करुण नायर के नाबाद 155 रन की बदौलत 337/9 पर पारी घोषित की और आंध्र को 194 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में आंध्र ने 44 ओवर में चार विकेट पर 104 रन बनाए और मुकाबला ड्रॉ रहा। भारत के बल्लेबाज केएल राहुल दोनों पारियों में नाकाम रहे और क्रमशः एक तथा चार रन बना सके।
  • सौराष्ट्र ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ पहली पारी में 392 रन बनाए। रवींद्र जडेजा ने 209 गेंदों पर 102 रन की पारी खेली। जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम 312 रन पर आउट हो गई। सौराष्ट्र ने दूसरी पारी में 67 ओवर में एक विकेट पर 229 रन बनाए। हरविक देसाई ने 68 रन बनाए, जबकि चिराग जानी 127 रन बनाकर नाबाद रहे। पहली पारी में 80 रन की बढ़त के आधार पर सौराष्ट्र को तीन अंक मिले।
  • पंजाब ने असम के खिलाफ पहली पारी में 478/6 रन बनाकर घोषित की, जबकि असम ने 373 रन बनाए थे। दूसरी पारी में असम ने 61 ओवर में छह विकेट पर 157 रन बनाए और मुकाबला ड्रॉ रहा। इस तरह पंजाब को तीन और असम को एक अंक मिला।

झारखंड और केरल का मैच ड्रॉ
ग्रुप-सी में झारखंड और केरल के बीच जमशेदपुर में खेला गया मुकाबला ड्रॉ रहा। झारखंड ने पहली पारी में 587 रन बनाए थे। इसके जवाब में केरल की टीम 395 रन पर सिमट गई। झारखंड को 192 रन की बढ़त मिली और उसने केरल को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर किया। दूसरी पारी में केरल ने 19.3 ओवर में दो विकेट पर 62 रन बनाए, जिसके बाद मुकाबला ड्रॉ समाप्त हुआ। झारखंड के ऑलराउंडर उत्कर्ष सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने मैच में 71 रन बनाने के साथ पांच विकेट भी हासिल किए।

तमिलनाडु-राजस्थान और रेलवे-उत्तराखंड के मैच भी ड्रॉ
ग्रुप-डी में राजस्थान और तमिलनाडु के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। राजस्थान ने पहली पारी में 363 रन बनाए, जबकि तमिलनाडु की टीम 274 रन पर सिमट गई। राजस्थान ने दूसरी पारी में 192/6 पर पारी घोषित कर तमिलनाडु को 282 रन का लक्ष्य दिया। तमिलनाडु ने दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 73 रन बनाए। रेलवे और उत्तराखंड के बीच मुंबई में खेला गया मुकाबला भी ड्रॉ रहा। रेलवे ने पहली पारी में 278 रन बनाए, जिसके जवाब में उत्तराखंड ने 470 रन बनाकर बढ़त हासिल की। रेलवे ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 272 रन बनाए और मुकाबला बेनतीजा रहा।

Ranji Trophy Roundup: Bengal, Gujarat Register Big Wins; Rain Denies Madhya Pradesh Victory
विदर्भ बनाम पुदुचेरी - फोटो : PTI
हैदराबाद, विदर्भ और बड़ौदा की बड़ी जीत
ग्रुप-बी में हैदराबाद ने त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, ग्रुप-ए के अन्य मुकाबलों में विदर्भ ने पुदुचेरी को 160 रन से हराया, जबकि बड़ौदा ने गोवा को पारी और 135 रन से शिकस्त दी। इस तरह रणजी ट्रॉफी के शुरुआती दौर में बंगाल, गुजरात, हैदराबाद, विदर्भ और बड़ौदा ने जीत दर्ज कर अपने अभियान को मजबूती दी। वहीं, पहली पारी में बढ़त के आधार पर अंक हासिल करने वाली टीमों के लिए भी शुरुआती दौर उपयोगी साबित हुआ।

हरियाणा ने हिमाचल को हराया
हरियाणा ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को सात विकेट से हराकर छह अंक हासिल किए। रोहतक के बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को मैच के चौथे और अंतिम दिन हरियाणा ने 71 रन का लक्ष्य 18.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। हिमांशु राणा ने 37 और धीरू सिंह ने नाबाद 24 रन बनाए। दोनों के बीच 63 गेंदों में 51 रन की साझेदारी हुई। हरियाणा ने पहली पारी में 296 रन बनाकर हिमाचल प्रदेश के 253 रन के जवाब में 43 रन की बढ़त हासिल की थी। इसके बाद हिमाचल की दूसरी पारी 113 रन पर सिमट गई। हरियाणा के लिए अंशुल कंबोज ने दोनों पारियों में कुल छह विकेट लिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed