रणजी का रण: गुजरात क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम, सौराष्ट्र से ड्रॉ खेल मुंबई नॉकआउट
- दिल्ली की टीम नॉकऑउट की दौड़ से लगभग बाहर
- गुजरात क्वार्टरफाइनल में पहुंची
- 41 बार की चैंपियन मुंबई की टीम बाहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुंबई की टीम सौराष्ट्र के खिलाफ ड्रॉ खेलकर मौजूदा रणजी ट्रॉफी सत्र से बाहर हो गई। सौराष्ट्र के धर्मेंद्र सिंह जडेजा (33*) और कमलेश मकवाना (31*) ने संयमित पारियां खेलकर मुंबई को जीत से रोक दिया। सौराष्ट्र को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक मिले। वहीं 41 बार की चैंपियन को सूर्यकुमार यादव के शतक के बावजूद एक अंक से संतोष करना पड़ा। मुंबई के 14 अंक है। उसे आखिरी मुकाबले में मध्यप्रदेश के खिलाफ मैच खेलना है जिसमें जीत भी उसे नॉकऑउट में नहीं पहुंचा सकती।
चौथे और अंतिम दिन मुंबई के स्पिनर शम्स मुलानी (3/47) और शंशाक अतार्डे (3/45) ने सौराष्ट्र के शीर्ष और मध्यक्रम को तहस नहस कर दिया जिससे मेजबान टीम ने 83 रन तक सात विकेट गंवा दिए थे। मुंबई जीत से तीन विकेट दूर थी। पर नौवें नंबर पर उतरे जडेजा और आठवें नंबर पर आए मकवाना ने 40 ओवर तक टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया। छोर पर डटे रहे। जिससे मुंबई की छह अंक हासिल करने की उम्मीद टूट गयी। सौराष्ट्र को अब तमिलनाडु से खेलना है और उसके पास क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का मौका है।
हिमाचल ने रेलवे से खेला ड्रॉ
रेलवे ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। हिमाचल प्रदेश के पहली पारी के 283 रन के जवाब में रेलवे ने अपनी पारी सात विकेट पर 545 रन बनाकर घोषित की थी। हिमाचल ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 165 रन बनाए थे। अमित कुमार 71 और कप्तान अंकित कलसी 27 रन पर नाबाद लौटे। प्रशांत चोपड़ा ने 37 और आकाश वश्ष्ठि ने 26 रन बनाए।
गुजरात क्वार्टर फाइनल में पहुंची
गुजरात ने दिल्ली के खिलाफ ड्रॉ मैच से तीन अंक लेकर नॉकऑउट में प्रवेश कर लिया। लचर प्रदर्शन कर रही दिल्ली की टीम क्वार्टर फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गई। गुजरात के सात मैचों में 29 अंक हैं और क्रास पूल (ग्रुप ए और बी) तालिका में शीर्ष पर है। वह नॉकऑउट का टिकट कटाने वाली पहली टीम बन गई।
क्रास पूल से शीर्ष पांच टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी। ग्रुप सी से दो शीर्ष टीमें और प्लेट ग्रुप की सर्वश्रेष्ठ टीम लाइन-अप पूरा करेंगी। दिल्ली को अब बस राजस्थान से खेलना है। उन्हें क्वालिफाई करने का जरा भी मौका बनाना है तो बोनस अंक सहित सात अंक जुटाने होंगे। लेकिन 25 अंक भी शायद उनके लिए क्वालिफाई को काफी नहीं हों क्योंकि गुजरात (29), सौराष्ट, (28), आंध्र (27), बंगाल (26), और कर्नाटक (25) पहले ही शीर्ष पांच टीमें हैं जिनका अभी एक एक मैच बचा है।
अंतिम दिन हिम्मत सिंह (70) और जोंटी सिद्धू (52) के अर्द्धशतकों से दिल्ली ने अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 333 रन पर घोषित कर दी। इससे गुजरात को जीत के लिए 292 रन का लक्ष्य मिला। गुजरात ने दो विकेट गंवाकर 128 रन बना लिए थे। पहली पारी के शतकवीर मनप्रीत जुनेजा 51 और भार्गव 42 रन बनाकर नाबाद लौटे। मैच का नतीजा निकलना संभव नहीं था और चायकाल के बाद इसे समाप्त कर दिया गया।