फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   PAK vs IRE Result T20 World Cup 2024 Pakistan vs Ireland Match Key Highlights Records Analysis

PAK vs IRE : पाकिस्तान ने जीत के साथ टी20 विश्व कप से ली विदाई, बाबर ने धोनी को इस मामले में पीछे छोड़ा

Sun, 16 Jun 2024 11:59 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, फ्लोरिडा
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, फ्लोरिडा Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Sun, 16 Jun 2024 11:59 PM IST
सार

PAK vs IRE Highlights T20 WC 2024 : आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 106 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने सात गेंद शेष रहते सात विकेट पर 111 रन बनाकर जीत दर्ज की।

विज्ञापन
PAK vs IRE Result T20 World Cup 2024 Pakistan vs Ireland Match Key Highlights Records Analysis
पाकिस्तान बनाम आयरलैंड - फोटो : ICC

विस्तार

कप्तान बाबर आजम की सधी हुई बल्लेबाजी के दम पर पाकिस्तान ने ग्रुप-ए के अपने अंतिम मुकाबले में आयरलैंड को तीन विकेट से हराकर टी20 विश्व कप में अपने अभियान का समापन जीत के साथ किया। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गेरेथ डेलानी के 31 रन और जोशुआ लिटिल के नाबाद 22 रनों की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन बाबर ने जिम्मेदारी से खेलते हुए 34 गेंदों पर दो चौकों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए जिसके दम पर पाकिस्तान ने सात गेंद शेष रहते सात विकेट पर 111 रन बनाकर जीत दर्ज की।
विज्ञापन

पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी पांच गेंदों पर दो छक्कों के सहारे 13 रन बनाकर नाबाद रहे। आयरलैंड की ओर से बैरी मैकार्थी ने तीन विकेट झटके। इससे पहले पाकिस्तान के गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया था और आयरलैंड को बड़ा स्कोर बनाने से रोकने में सफल रहे थे। तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी और स्पिनर इमाद वसीम ने तीन-तीन विकेट लिए थे और आयरलैंड की पारी को लड़खड़ा दिया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन

बाबर ने धोनी को पीछे छोड़ा
बाबर आजम ने भले ही 32 रनों की पारी खेली, लेकिन उन्होंने टी20 विश्व कप में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भारत को अपनी कप्तानी में 2007 विश्व कप का खिताब दिलाने वाले महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा। बाबर के वैश्विक टूर्नामेंट में कप्तान के तौर पर 17 पारियों में 549 रन हो गए हैं, जबकि धोनी के नाम 29 पारियों में 529 रन हैं। तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के केन विलियमसन हैं जिन्होंने 19 पारियों में 527 रन बनाए हैं। 
विज्ञापन

एक भी मैच नहीं जीत सका आयरलैंड
आयरलैंड की टीम का सफर भी ग्रुप-ए में समाप्त हुआ, लेकिन टीम एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी। आयरलैंड ने चार में से तीन मैच गंवाए, जबकि उसका अमेरिका के खिलाफ मैच बारिश की भेंट चढ़ा जिसकी मदद से वह एक अंक हासिल करने में सफल रहा। ग्रुप ए में आयरलैंड की टीम सबसे नीचे पांचवें स्थान पर रही, जबकि पाकिस्तान चार मैचों में दो जीत और दो हार के साथ चार अंक लेकर तीसरे स्थान पर रही। 

आयरलैंड ने पाकिस्तान को दिए शुरुआती झटके
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पावरप्ले में ही दो विकेट गंवा दिए। सबसे पहले मार्क एडायर ने सईम अयूब को आउट किया जो 17 रन बनाकर आउट हुए। फिर बैरी मैकार्थी ने मोहम्मद रिजवान को आउट कर पाकिस्तान को दूसरा झटका दिया। रिजवान ने भी 17 रन बनाए। रिजवान और अयूब ने पहले विकेट के लिए 23 रन जोड़े थे और लग रहा था कि टीम आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लेगी, लेकिन पहला झटका लगते ही पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई। पाकिस्तान ने पावरप्ले में दो विकेट पर 40 रन बनाए जो इस टी20 विश्व कप में उसका पहले छह ओवर में सबसे ज्यादा स्कोर है। इससे पहले पाकिस्तान ने अमेरिका के खिलाफ तीन विकेट पर 30 रन, भारत के खिलाफ एक विकेट पर 35 और कनाडा के खिलाफ पावरप्ले में एक विकेट पर 28 रन बनाए थे। 

पाकिस्तान ने 10 रन पर गंवाए चार विकेट
पाकिस्तान के लिए असली परेशानी पावरप्ले के बाद शुरू हुई जब मैकार्थी और कर्टिस कैंफर ने आयरलैंड को लगातार सफलताएं दिलाई। पाकिस्तान का तीसरा विकेट 52 रन के स्कोर पर गिरा था। कैंफर ने फखर जमां को आउट कर पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया था। फिर मैकार्थी ने उस्मान खान (दो रन) और शादाब खान को खाता खोले बिना आउट कर पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा दी। फिर कैंफर ने इमाद वसीम को आउट कर आयरलैंड को छठी सफलता दिलाई जो चार रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान ने इस तरह महज 10 रन पर चार विकेट गंवाए थे। 

बाबर आजम ने पाकिस्तान को संभाला
पाकिस्तान का स्कोर एक समय छह विकेट पर 62 रन था और टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। हालांकि, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने दूसरे छोर से पारी को संभाला और सधी हुई पारी खेली। बाबर ने अब्बास अफरीदी के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। बाबर और अब्बास की साझेदारी ने ही पाकिस्तान को मुश्किल से उबारा, लेकिन बेंजामिन व्हाइट ने अब्बास को आउट कर पाकिस्तान को सातवां झटका दिया। अब्बास 21 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, बाबर अंत तक टिके रहे और उन्होंने टीम को मैच जिताया। शाहीन अफरीदी ने छक्का लगाकर मैच समाप्त किया। 

शाहीन ने दिए शुरुआती झटके
इससे पहले, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने पहले ही ओवर में आयरलैंड को झटके देकर कप्तान का फैसला सही साबित किया। शाहीन ने एंड्रयू बालबर्नी को खाता खोले बिना और लोरकन टकर (2) को आउट कर आयरलैंड को शुरुआती झटके दिए। शाहीन इस तरह मौजूदा टी20 विश्व कप के पहले ओवर में दो विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बन गए। उनसे पहले अर्शदीप सिंह, रुबेन ट्रंपेलमैन और फजलहक फारूकी ऐसा कर चुके हैं। इसके बाद अपना पहला ओवर डालने आए मोहम्मद आमिर ने कप्तान पॉल स्टर्लिंग को आउट किया जो एक रन बनाकर आउट हुए। फिर शाहीन ने हैरी टैक्टर को खाता खोले बिना आउट कर आयरलैंड की पारी लड़खड़ा दी। शाहीन ने मौजूदा विश्व कप में पावरप्ले में कुल 10 ओवर गेंदबाजी की और पांच विकेट झटके। इस दौरान उनकी इकॉनोमी 6.6 की रही। 

आयरलैंड के शीर्ष चार बल्लेबाज रहे नाकाम
आयरलैंड की शुरुआत काफी खराब रही और उसके शीर्ष चार बल्लेबाज महज तीन रन के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे। टी20 विश्व कप की किसी पारी में शीर्ष चार बल्लेबाजों का यह तीसरा न्यूनतम स्कोर है। आयरलैंड के पहले मौजूदा विश्व कप में युगांडा के शीर्ष चार बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो रन बनाए थे, जबकि 2007 टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ केन्या के शीर्ष चार बल्लेबाज खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए थे। 

पावरप्ले में आयरलैड का चौथा न्यूनतम स्कोर
आयरलैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ पावरप्ले में पांच विकेट पर 32 रन बनाए जो उसका टी20 विश्व कप में चौथा न्यूनतम स्कोर है। इस वैश्विक टूर्नामेंट में आयरलैंड का सबसे कम स्कोर भारत के खिलाफ दो विकेट पर 26 रन है जो उसने इसी टी20 विश्व कप में बनाया था। वहीं, टीम मौजूदा विश्व कप के पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट गंवाने वाली संयुक्त रूप से तीसरी टीम बन गई है। आयरलैंड के अलावा पापुआ न्यू गिनी और युगांडा ने भी पावरप्ले  में पांच विकेट गंवाए थे। युगांडा की टीम ने दो बार पावरप्ले में पांच विकेट गंवाए थे। 

डेलानी-जोशुआ की सधी हुई बल्लेबाजी
एक तरफ जहां आयरलैंड के बल्लेबाज पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण के सामने घुटने टेक रहे थे, वहीं डेलानी और जोशुआ लिटिल ने सधी हुई पारियां खेल टीम को किसी तरह 100 रन के पार पहुंचाया। आयरलैंड का स्कोर एक समय 32 रन पर छह विकेट था, लेकिन डेलानी ने मार्क एडायर के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की जिससे टीम मुसीबत से उबरने में कुछ हद तक सफल रही। हालांकि, इमाद वसीम ने डेलानी और एडायर को आउट कर आयरलैंड की पारी एक बार फिर लड़खड़ा दी। डेलानी ने 19 गेंदों पर 31 रन बनाए, जबकि एडायर 19 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। आयरलैंड ने 80 रन पर नौ विकेट गंवा दिए थे और लग रहा था कि टीम 100 रन से भी कम पर निपट जाएगी, लेकिन लिटिल ने अच्छी बल्लेबाजी की और 18 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 22 रन की पारी खेली। यह टी20 विश्व कप में 10वें नंबर पर उतरे किसी बल्लेबाज का संयुक्त रूप से दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। हालांकि आयरलैंड की टीम 106 रन ही बना सकी जो पाकिस्तान के खिलाफ किसी टीम का पांचवां न्यूनतम स्कोर है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed