दर्द से कराहते हुए मैदान से बाहर लौटे थे रोहित शर्मा, क्या खेल पाएंगे वन-डे सीरीज?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
माउंट मोनगानुई की खूबसूरत वादियों के बीच टी-20 सीरीज का अंत हुआ। भारत ने 5-0 से न्यूजीलैंड को रौंदा। टीम इंडिया ने पहली बार लगातार 8वां टी-20 मैच भी जीता। इससे पहले भारतीय टीम तीन मर्तबा (2012-19) लगातार सात मैच जीत चुकी है। इन सब खुशखबरी के बीच रोहित शर्मा की चोट अब भी फैंस के दिलों की धड़कन बढ़ा रही है। हर कोई यह जानने को बेकरार है कि बल्लेबाजी छोड़कर लड़खड़ाते हुए मैदान छोड़ने वाले हिटमैन की चोट में कितना सुधार आया?
यही सवाल जब मैच के बाद कार्यवाहक कप्तान लोकेश राहुल से किया गया तो उन्होंने हालात काबू में बताया। बकौल राहुल, 'बल्लेबाजी के दौरान रोहित को पिंडली में लगी चोट ज्यादा चिंताजनक नहीं है। उनके दो-तीन दिन में पूरी तरह फिट हो जाने की उम्मीद है। हालांकि बीसीसीआई की ओर से कहा गया कि उनकी स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
रोहित शर्मा ने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 41 गेंदों की पारी में 60 रन बनाए जिसमें तीन चौके और इतने ही छक्के शामिल थे, उन्होंने 25वीं बार 50 से अधिक रन बनाए और ऐसा कर विराट कोहली (24) को पीछे छोड़ा। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पांचवें टी-20 में तीसरे नंबर पर उतरे रोहित के छक्का लगाते समय बाएं पिंडली में चोट लग गई थी।
भारत को अब न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है जिसका पहला मुकाबला पांच फरवरी को हैमिल्टन में होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के अंतिम टी-20 मैच में शानदार जीत के बाद कार्यवाहक कप्तान की भूमिका निभा रहे लोकेश राहुल ने कहा कि यह देखकर अच्छा लगा कि हमने अपने लीडरों के बिना भी अच्छा किया।
सीरीज जीत का उठाएंगे लुत्फ
राहुल ने कहा कि पिछले 2-3 वर्षों से खिलाड़ी साथ-साथ खेल रहे हैं और इसका लुत्फ भी उठा रहे हैं। हम सभी देश और टीम के लिए जीत का संकल्प लेकर उतरते हैं। राहुल ने कहा कि विदेश में 5-0 की जीत रोज-रोज नहीं होती। लिहाजा अगले कुछ दिन हम इसका लुत्फ लेंगे। निश्चित रूप से वनडे सीरीज से पहले हमारा मनोबल काफी ऊंचा है।
टी-20 विश्व कप पर हैं निगाह : भारत की न्यूजीलैंड पर जीत में अहम भूमिका निभाने वाले लोकेश राहुल ने कहा कि हमारी निगाह इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप पर है। उन्होंने कहा कि टी-20 विश्व कप जीतना हमारा मकसद है। हम उसी को ध्यान में रखकर अपनी तैयारी कर रहे हैं।