{"_id":"4561f5d48f2a897334183a2843846986","slug":"match-preview-of-mumbai-indians-vs-kolkata-knight-riders-ipl-8-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"IPL में खुद को जिंदा रखने के लिए मुंबई को चाहिए जीत","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IPL में खुद को जिंदा रखने के लिए मुंबई को चाहिए जीत
अमर उजाला, दिल्ली
Updated Wed, 13 May 2015 05:25 PM IST
विज्ञापन
आईपीएल-8 में मुंबई इंडियंस के सामने अब करो या मरो की स्थिति है। प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए उसे बृहस्पतिवार को मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
विज्ञापन
इस मुकाबले में हार मिली तो फिर मुंबई के प्लेऑफ में जाने की संभावना लगभग खत्म हो जाएंगी, क्योंकि इसके लिए फिर उसे अन्य टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर रहना होगा। बेशक आईपीएल में कोलकाता पर मुंबई का पलड़ा भारी है और उसने दोनों टीमों के बीच खेले गए कुल 15 मुकाबलों में से दस में मुंबई ने ही बाजी मारी है।
विज्ञापन
लेकिन रोहित शर्मा एंड कंपनी को यह भी याद रखना होगा कि इस सीजन में हुई पिछली भिड़ंत में बाजी कोलकाता के हाथ लगी थी, जिसने उसे 7 विकेट से मात दी थी। मुंबई को अपने पिछले मुकाबले में भी रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के हाथों 39 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
विज्ञापन
घरेलू मैदान पर यह मुंबई का आखिरी मैच भी होगा और फिर उसे अपने अंतिम लीग मैच में 17 मई को सनराइजर्स हैदराबाद से उसी के घर में भिड़ना है। ऐसे में मुंबई के पास गलती करने की गुंजाइश बिल्कुल भी नहीं है। टीम के 12 मैचों में 12 अंक है और वह अंक तालिका में छठे स्थान पर है।
मुंबई के लिए उसके ओपनरों ने अच्छा काम किया है और मध्यक्रम ने भी समय-समय पर अपनी उपयोगिता साबित की है। हालांकि पिछले मुकाबले में एबी डीविलियर्स और विराट कोहली के खिलाफ गेंदबाजों को मुश्किल हालात का सामना करना पड़ा था।
वहीं कोलकाता इस मुकाबले में जीत दर्ज करती है तो फिर वह शीर्ष स्थान पर पहुंचकर इस साल प्लेऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बन जाएगी। साथ ही मुंबई के खिलाफ यह इस सत्र की उसकी दूसरी जीत होगी।
गौतम गंभीर की टीम यह भी जानती होगी कि अगर वह यह मुकाबला जीत जाती है तो फिर वह शीर्ष दो में जगह बनाने के अपने लक्ष्य के भी काफी करीब पहुंच जाएगी। टीम ने अपने पिछले तीनों मुकाबले जीते हैं और मुंबई के खिलाफ भी खिलाड़ी इस लय को कायम रखना चाहेंगे।
टीम ने हर विभाग में संतुलित प्रदर्शन किया है। गंभीर और रोबिन उथप्पा ने कोलकाता को अच्छी शुरुआत दिलाई है तो मनीष पांडेय, यूसुफ पठान और आंद्रे रसेल ने भी टीम के अभियान में सराहनीय योगदान दिया है।
टीम की तेज गेंदबाजी उमेश यादव और आंद्रे रसेल पर निर्भर है तो स्पिन विभाग में सुनील नारायन, ब्रैड हॉग, पीयूष चावला ने अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है।