हार से परेशान मुंबई के लिए जीत हर हाल में जरुरी
शुरुआती छह मैचों में से पांच में हार का सामना करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम के सामने अब हालात कुछ-कुछ करो या मरो जैसे ही हैं। रोहित शर्मा की अगुआई में जब यह टीम शनिवार को सनराजइर्स हैदराबाद के खिलाफ मैदान पर कदम रखेगी तो उस पर हर हाल में यह मुकाबला जीतने का दबाव होगा।
चार मैचों के बाद मुंबई की टीम ने पांचवें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर को हराकर जीत का खाता जरूर खोला था, लेकिन दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 37 रन से मिली हार के बाद टीम के हौसले एक बार फिर पस्त हो गए हैं। टीम अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर हैं।
वहीं खराब शुरुआत से उबरने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंचने में सफल रही। कप्तान डेविड वार्नर मोर्चे से टीम की अगुआई कर रहे हैं। शिखर धवन ने भी बखूबी उनका साथ निभाया है। इस टीम की सबसे बड़ी मजबूती उसका गेंदबाजी आक्रमण है।
दमदार सुपरकिंग्स को पंजाब किंग्स से है खतरा
आईपीएल-8 में विजयी पटरी पर सरपट दौड़ रही चेन्नई सुपरकिंग्स और लड़खड़ाते हुए आगे बढ़ रही किंग्स इलेवन पंजाब के बीच शनिवार को टक्कर होगी। दोनों टीमों ने पांच-पांच मुकाबले खेले हैं, जिनमें से चेन्नई ने 4 जबकि पंजाब ने 2 में जीत दर्ज की।
चेन्नई को उसके घर में मात देना कभी भी आसान नहीं रहा है और इस बार भी हालात अलग नहीं है। दो बार की चैंपियन चेन्नई को टूर्नामेंट में अभी तक के सफर में ज्यादा मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ा है। टीम के बल्लेबाज जबरदस्त लय में हैं और लगातार विपक्षी टीमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
लेकिन वहीं, दूसरी ओर किंग्स इलेवन पंजाब टीम सिर्फ दो ही मैच जीती हो लेकिन इसी टीम ने अपने पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के अजेय रथ को थामकर जीत का परचम लहराया है। चेन्नई के लिए पंजाब को कम आंकना बड़ी भूल हो सकती है।