कोलकाता और राजस्थान दोनों के लिए जीत जरुरी
आईपीएल का यह संस्करण अब ऐसे मुकाम पर पहुंच चुका है जहां पीछे हटने की गुंजाइश खत्म हो गई है। शनिवार को अहम मुकाबले में भिड़ते हुए मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के दिमाग में यह बात जरूर होगी कि अगर यह मैच हारे तो टूर्नामेंट में उसका खेल खत्म होने की पूरी-पूरी उम्मीद है।
समीकरण बिल्कुल साफ है, जीत दर्ज करो और प्लेऑफ का टिकट पाओ। गौतम गंभीर की अगुआई वाली टीम कोलकाता के 13 मैच में 15 अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर काबिज है। वहीं राजस्थान की टीम 13 मैच से 14 अंक जुटाकर पांचवें पायदान पर है। कोलकाता को हालांकि अपने पिछले मुकाबले में मुंबई के खिलाफ करीबी हार का सामना करना पड़ा था। डेथ गेंदबाजी टीम के लिए समस्या बन गई है। हाल ही में टीम के साथ जुड़े बांग्लादेशी ऑलराउंडर शाकिब उल हसन ने इस समस्या से पार पाने पर जोर दिया है।
वहीं राजस्थान की टीम लंबे ब्रेक के बाद तरोताजा होकर यह मैच खेलने उतरेगी। टीम के लिए करो या मरो की स्थिति है और जबरदस्त लय में चल रहे अजिंक्य रहाणे कप्तान शेन वाटसन के साथ मिलकर टीम को विजयी मंजिल तक पहुंचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। टीम का अभी तक का प्रदर्शन हालांकि उतार-चढ़ाव भरा रहा है। शुरुआती पांच मैच जीतकर टूर्नामेंट का धमाकेदार आगाज करने वाली टीम को अब प्लेऑफ में पहुंचने के लिए यह मैच जीतना ही होगा।
जीत के साथ विदाई करना चाहेगी पंजाब
एक तरफ अंक तालिका में शीर्ष पर विराजमान चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम है तो दूसरी ओर सबसे निचले पायदान पर काबिज किंग्स इलेवन पंजाब। परिणाम के लिहाज से इस मुकाबले की भले ही कोई अहमियत न हो, लेकिन इसमें जीत दर्ज कर पंजाब का इरादा टूर्नामेंट से विजयी विदाई लेने का जरूर होगा। खासतौर से अपने होमग्राउंड में। वहीं चेन्नई की टीम पंजाब के हराकर शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी।
पिछले साल की उपविजेता पंजाब का प्रदर्शन इस साल बेहद खराब रहा है और टीम 13 में से महज 3 ही मुकाबले जीत सकी है। पंजाब को अपने पिछले मैच से प्रेरणा लेनी होगी जिसमें उसने रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर जैसी टीम को धूल चटाकर प्लेऑफ में पहुंचने के उसके समीकरण बिगाड़ दिए थे। पंजाब के पास खोने के लिए कुछ नहीं है और यही बात उसे खतरनाक टीम बनाती है।
चेन्नई के खिलाफ पंजाब के खिलाड़ी स्वतंत्र होकर खेल सकते हैं और अगर पंजाब ने इस मैच में जीत दर्ज कर ली तो फिर चेन्नई की टीम भी प्लेऑफ के अगर-मगर के गणित में फंस सकती है। वहीं चेन्नई की टीम को अपने पिछले मुकाबले में दिल्ली डेयरडेविल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।