गुप्टिल ने याद दिलाई वर्ल्ड कप वाली पारी, लगाया दोहरा शतक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल का यह साल उनके करियर के लिहाज से बेहद शानदार साबित हो रहा है। वर्ल्ड कप से पहले उनका किवी टीम में चयन पर ही सवाल उठाए जा रहे थे लेकिन उनके अनुभव को देखते हुए टीम में बनाए रखा गया। उन्होंने वर्ल्ड कप में अपने चयन को बेजोड़ बल्लेबाजी के जरिए सही साबित भी कर दिया।
पिछले महीने खत्म हुए वर्ल्ड कप में गुप्टिल 547 रन बनाकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में ही विस्फोटक पारी खेलकर 237 रन बनाए जो टूर्नामेंट के 40 साल के इतिहास में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर भी बन गया। उनकी इसी पारी कमाल की पारी की बदौलत न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचा फिर सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार फाइनल तक का सफर तय किया।
अब वर्ल्ड कप खत्म होने के लगभग एक महीने बाद न्यूजीलैंड का यह बल्लेबाज फिर से सुर्खियों में आ गया है। उसने फिर से दोहरा शतक लगा दिया। इस बार यह दोहरा शतक काउंटी क्रिकेट में जमाया जो उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर में पहला दोहरा शतक भी है। उनकी यह पारी भी वर्ल्ड कप में दोहरे शतक जैसी ही विस्फोटक पारी रही।
लगातार 3 छक्कों से गुप्टिल ने लगाया दोहरा शतक
मार्टिन गुप्टिल इस समय इंग्लैंड में काउंटी चैंपियनशिप में व्यस्त हैं और ब्रिस्टल में डर्बीशायर के लिए खेलते हुए पहली पारी में ग्लूचेस्टरशायर के खिलाफ दोहरा शतक ठोंक दिया। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह उनका पहला दोहरा शतक है।
28 साल के इस बल्लेबाज ने 176 गेंदों में 227 रनों की शानदार पारी खेली जिसमें उन्होंने 29 चौके और 11 छक्के लगाए। हालांकि उनकी यह पारी पूरी तरह से बेदाग नहीं रही क्योंकि उन्हें 57 रन पर आसान जीवनदान मिला। लेकिन फिर उन्होंने कोई गलती नहीं की और लियाम नोरवॉल की गेंद पर लगातार 3 छक्का लगाकर दोहरा शतक पूरा किया। इस दोहरे शतक की बदौलत डर्बीशायर ने 9 विकेट पर 545 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद पारी घोषित कर दी।
सेकेंड डीविजन लीग के इस मुकाबले में इससे पहले ग्लूचेस्टरशायर की टीम 275 रन बनाकर आउट हो गई। ग्लूचेस्टरशायर के लिए यह मैच अब तक बेहद खराब रहा है उसकी ओर से इस पारी में कुल 6 कैच टपकाए गए। हालांकि मैट टेलर 93 रन देकर 5 विकेट झटकने में कामयाब रहे।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए गुप्टिल ने यह शानदार पारी ऐसे वक्त खेली है जब एक हफ्ते बाद न्यूजीलैंड की टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड रवाना होगी। वह 2013 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम में शामिल किए गए हैं।