ENG vs IND: बदले के मूड में एंडरसन, पिच को लेकर खेला माइंड गेम, बोले- शायद भारत शिकायत न करे
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट बुधवार यानी कल से शुरू होगा। इससे पहले इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने पिच को लेकर बड़ी बात कही है।
विस्तार
भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार (चार अगस्त) से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो जाएगी। पहला मैच नॉटिंघम में खेला जाएगा। इससे पहले इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने पिच को लेकर बड़ी बात कही है। इस तेज गेंदबाज ने कहा कि जिस तरह से भारत ने इस साल के शुरू में अपनी घरेलू मैदानों पर अनुकूल पिचें बनाई थी उसी तरह से इंग्लैंड को भी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के दौरान तेज और उछाल वाली अच्छी पिचें तैयार करनी चाहिए।
एंडरसन ने कहा, 'यदि हम पिच पर थोड़ा घास छोड़ते देते हैं तो मुझे नहीं लगता कि भारत को कोई शिकायत हो सकती है क्योंकि भारत के पिछले दौरे में हम निश्चित तौर पर उनके अनुकूल परिस्थितियों में खेले थे।' उन्होंने कहा, 'भारत ने अपने लाभ के लिए घरेलू परिस्थितियों का उपयोग किया और मेरा मानना है कि दुनिया भर में बहुत सी टीमें ऐसा करती हैं।'
एंडरसन ने कहा, 'यदि पिच पर थोड़ी घास मौजूद रहती है तो भारत के पास भी अच्छा तेज गेंदबाजी आक्रमण है। उन्होंने कहा, 'मैं कुछ अच्छी पिचों की उम्मीद कर रहा हूं। हम पिचों में तेजी चाहते हैं। तेज गेंदबाज होने के नाते हम तेजी और उछाल चाहते हैं क्योंकि हम जानते हैं कि गेंद स्विंग होगी और ऐसे में गेंद के बल्ले का किनारा लेने की संभावना बढ़ जाती है।'
इस तेज गेंदबाज ने कहा, 'पिच की जो तस्वीर अभी सामने आई है वह पहले टेस्ट मैच से तीन दिन पहले की है। इस बीच काफी कुछ बदल सकता है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे कुछ घास काटेंगे और उस पर रोलर भी चलाएंगे।' बता दें कि एंडरसन इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने 162 टेस्ट मैचों में 617 विकेट लिए हैं।