IPL 2025: दो गेंद में दो बार पकड़ा गया हेड का कैच, फिर भी नहीं दिए गए आउट, हार्दिक-नीता और आकाश अंबानी चौंके
यह मुंबई की सात मैचों में तीसरी जीत है और वह छह अंक लेकर तालिका में सातवें स्थान पर है। वहीं, सनराइजर्स को सात मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है और वह चार अंकों के साथ नौवें स्थान पर है।
विस्तार
हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने पहले विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की। हालांकि, दोनों के बीच ओपनिंग साझेदारी काफी धीमी रही थी। हेड ने 29 गेंद में 28 रन की पारी खेली, जिसकी उनसे उम्मीद नहीं की जाती है। इसी कड़ी में पारी के 10वें ओवर में हार्दिक पांड्या गेंदबाजी के लिए आए। ओवर की चौथी गेंद पर हार्दिक ने एक फुलर लेंथ की गेंद फेंकी और हेड ने इसे डीप मिड विकेट में खेला। वहां खड़े विल जैक्स ने कैच भी लपका और मुंबई के खिलाड़ी और स्टेडियम में मौजूद फैंस जश्न मनाने लगे। इसी कड़ी में नो बॉल का साइरन बजा, लेकिन न तो हेड और न ही मुंबई के खिलाड़ी उस शोर में उसे सुन पाए।
हेड भी पवेलियन की ओर चल पड़े। तभी अंपायर मदनगोपाल ने उन्हें रुकने का इशारा किया। फिर एक बार और साइरन बजा और पूरे स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया। हार्दिक भी अपने बॉलिंग क्रीज पर वापस जाने लगे। स्टेडियम में मौजूदा आकाश अंबानी और नीता अंबानी भी चौंक गए और यकीन नहीं कर पाए। हद तो तब हुई जब अगली गेंद यानी फ्री हिट पर हेड ने लॉन्ग ऑन पर शॉट खेला और उस पर भी वह लपके गए। सैंटनर ने उनका कैच पकड़ा। दो गेंद पर दो बार उनका कैच पकड़ा गया, लेकिन वह आउट नहीं दिए गए। हेड ने 29 गेंद में 28 रन की बेहद धीमी पारी खेली। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में 1000 रन भी पूरे कर लिए।
No Ball...😐
— 𝙼𝚊𝚡_𝚂𝚞𝚍𝚎𝚎𝚙𝚒𝚊𝚗_45 (@RameshKandakur1) April 17, 2025
The Luck against blue Jersey for Head is insane...💀🙏#hardik #TravisHead pic.twitter.com/DvDHLewIFi
इस मैच में एक और कॉन्ट्रोवर्सियल मोमेंट तब देखने को मिला, जब मुंबई की टीम बल्लेबाजी के लिए आई। रियान रिकेल्टन और रोहित शर्मा ओपनिंग के लिए उतरे। हालांकि, दोनों की ओपनिंग साझेदारी 32 रन की ही रही। रोहित 16 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन रिकेल्टन को सातवें ओवर में जीवनदान मिला। सातवें ओवर में जीशान अंसारी की गेंद पर रिकेल्टन का कैच पैट कमिंस ने लपका। इसके बाद रिकेल्टन लगभग डगआउट में पहुंच गए थे, लेकिन वहां चौथे अंपायर ने उन्हें रोका। फिर थर्ड अंपायर ने क्लासेन का ग्लव्स चेक किया और उसे नो बॉल दिया गया। दरअसल, अंपायर ने पाया कि जब गेंद फेंकी गई तब हैदराबाद के विकेटकीपर क्लासेन का हाथ स्टंप्स के बगल में था। एमसीसी के नियम 27.3 के मुताबिक, गेंद को फेंके जाने तक विकेटकीपर का हाथ विकेट के पीछे होना चाहिए। ऐसे में नो बॉल दिया गया और रिकेल्टन को जीवनदान मिला। रिकेल्टन ने 23 गेंद में पांच चौके की मदद से 31 रन की पारी खेली।
Rickleton getting saved due to Klassen's gloves crossing the stumps. pic.twitter.com/7vJeJoYgFH
— CricAsh (@ash_cric) April 17, 2025
Ryan Rickelton has been given not out on a clear catch because Klassen’s gloves was just infront of the stumps.
— NoFilterThoughts (@6Opinions) April 17, 2025
IPL never ceases to amaze#IPL2025 #MIvSRH pic.twitter.com/PhN5oopVfQ
मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 18.1 ओवर में छह विकेट पर 166 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। मुंबई के लिए कोई बल्लेबाज बड़ी पारी तो नहीं खेल सका, लेकिन टुकड़ों में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया और जीत हासिल करने में सफल रहे। यह मुंबई की सात मैचों में तीसरी जीत है और वह छह अंक लेकर तालिका में सातवें स्थान पर है। वहीं, सनराइजर्स को सात मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है और वह चार अंकों के साथ नौवें स्थान पर है। विल जैक्स को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने दो विकेट लिए और बल्लेबाजी में 26 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 36 रन की पारी खेली।