कल से IPL 2018 में होगी बादशाहत की जंग, MI के सामने CSK के शेर झोकेंगे पूरी ताकत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच शनिवार को आईपीएल 2018 का उद्घाटन मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स आईपीएल इतिहास की दो सबसे सफल टीमें हैं और फैंस के बीच इन दोनों की प्रतिद्वंद्विता का हमेशा से ही उत्साह देखने को मिला है।
मुंबई इंडियंस ने 2017 का खिताब जीता था और वह आईपीएल-11 में भी दमदार शुरुआत करना चाहेगी। वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स दो साल के निलंबन के बाद वापसी कर रही है। सीएसके में कई लोकप्रिय खिलाड़ी शामिल हैं, जिनकी कोशिश टीम की आईपीएल में धमाकेदार वापसी कराने की होगी।
रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली मुंबई इंडियंस का पिछले सत्र की शुरुआत में प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। मुंबई को आईपीएल-10 के अपने पहले पांच मुकाबलों में लगातार शिकस्त झेलनी पड़ी थी। रोहित शर्मा और उनकी टीम इस साल अपने खराब रिकॉर्ड को सुधारते हुए सीजन की धमाकेदार शुरुआत करना चाहेगी।
मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी की जान रोहित शर्मा होंगे जबकि एविन लेविस और इशान किशन पर भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। लेविस पहली बार आईपीएल खेलेंगे और इशान किशन के साथ वह ओपनिंग करते दिख सकते हैं। लेविस और किशन जबर्दस्त फॉर्म में हैं और दोनों किसी भी गेंदबाजी क्रम की धज्जियां उड़ाने में सक्षम हैं।
वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स की बल्लेबाजी का भार सुरेश रैना के कंधों पर रहेगा। रैना ने प्रैक्टिस मैच में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का नमूना भी पेश किया। इसके अलावा एमएस धोनी भी कमाल करते दिख सकते हैं, जो चेन्नई सुपरकिंग्स की कमान भी संभालते दिखेंगे। सीएसके के कोच स्टीफन फ्लेमिंग कह चुके हैं कि धोनी के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव देखने को मिल सकता है। वैसे फाफ डू प्लेसी ओपनिंग करते दिख सकते हैं।
मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी का भार जसप्रीत बुमराह और मुस्ताफिजुर रहमान के कंधों पर रहेगा, जो किसी भी बल्लेबाजी क्रम को ढहाने का दम रखते हैं। चेन्नई से ड्वेन ब्रावो और हरभजन सिंह कमाल करते दिखेंगे। दोनों काफी अनुभवी हैं और बल्लेबाजों के लिए बुरा सपना बन सकते हैं।
आंकड़ों के लिहाज से किसका पलड़ा भारी?
मुंबई और चेन्नई के बीच आईपीएल में अब तक कुल 22 मैच खेले गए हैं। मुंबई इंडियंस ने 12 जबकि चेन्नई सुपरकिंग्स ने 10 मैच जीते हैं।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर दोनों टीमों के बीच कुल 7 मैच खेले गए हैं। मुंबई इंडियंस का पलड़ा यहां भी भारी है क्योंकि उसने 5 मैच जीते जबकि चेन्नई सुपरकिंग्स दो मैच जीतने में सफल रहा।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
मुंबई इंडियंस- रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, राहुल चाहर, पैट कमिंस, बेन कटिंग, अकिला धनंजय, जेपी डुमिनी, इशान किशन, सिद्धेश लाड, एविन लेविस, शर्म लांबा, मयंक मारकंडे, मिचेल मैक्लेनाघन, मोहसिन खान, मुस्ताफिजुर रहमान, एमडी निधीश, हार्दिक पांड्या, कृनाल पांड्या, किरोन पोलार्ड, अनुकूल रॉय, प्रदीप सांगवान, तजिंदर सिंह, आदित्य तारे, सौरभ तिवारी और सूर्यकुमार यादव।
पहले मैच के लिए संभावित एकादश:
चेन्नई सुपरकिंग्स- मुरली विजय, शेन वॉटसन, सुरेश रैना, एमएस धोनी, फाफ डू प्लेसी, रविंद्र जडेजा, केदार जाधव, लुंगी एनगिडी/इमरान ताहिर, शार्दुल ठाकुर, मार्क वुड और कर्ण शर्मा।
मुंबई इंडियंस- रोहित शर्मा, एविन लेविस, सूर्यकुमार यादव, जेपी डुमिनी/बेन कटिंग, हार्दिक पांड्या, कृनाल पांड्या, किरोन पोलार्ड, मिचेल मैक्लेनाघन, इशान किशन/आदित्य तारे, अनुकूल रॉय/राहुल चाहर और प्रदीप सांगवान।