ENG vs IND: भारत को लगा बड़ा झटका, आवेश खान चोटिल, पूरी सीरीज से हो सकते हैं बाहर
डरहम में काउंटी सिलेक्ट इलेवन के खिलाफ खेले जा रहे अभ्यास मैच के पहले दिन उन्हें चोट लगी थी।
विस्तार
भारतीय युवा तेज गेंदबाज आवेश खान बाएं अंगूठे में चोट के कारण अभ्यास मैच से बाहर हो गए हैं। साथ ही उनका इंग्लैंड दौरे से बाहर होना भी लगभग तय है। बीसीसीआई ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि, आवेश को मेडिकल टीम की निगरानी में रखा गया है। वह अभ्यास मैच के दूसरे व तीसरे दिन नहीं खेलेंगे। बता दें कि डरहम में काउंटी सिलेक्ट इलेवन के खिलाफ खेले जा रहे अभ्यास मैच के पहले दिन उन्हें चोट लगी थी। दरअसल, मंगलवार को पहले दिन लंच के बाद के सत्र में अपने 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आवेश को चोट लगी थी। वह हनुमा विहारी के शॉट को रोक रहे थे। गेंद लगने के बाद वह काफी दर्द में दिख रहे थे और तुरंत उन्हें चिकित्सा मदद की गई।
UPDATE - Fast bowler Avesh Khan remains under observation of the BCCI Medical Team. He will not be taking any further part on Day 2 and Day 3 of the warm-up game. https://t.co/Owc7fQpBL0
— BCCI (@BCCI) July 21, 2021विज्ञापन
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दौरे पर स्टैंडबाई खिलाड़ी के रूप में गए आवेश चोट के कारण लंबे समय तक बाहर हो सकते हैं। चार अगस्त से नॉटिंघम के ट्रेंटब्रिज में शुरू हो रही टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम प्रबंधन के पास कम से कम एक नेट गेंदबाज कम होगा।
बीसीसीआई सूत्र ने कहा, 'इस मैच को तो छोड़ दीजिए, आवेश के इस सीरीज में भी आगे हिस्सा लेने की संभावना नहीं है। उनके अंगूठे में फ्रैक्चर है। वह कम से कम एक महीने तक गेंदबाजी नहीं कर पाएगा और इसके बाद उसका रिहैबिलिटेशन शुरू होने की उम्मीद है। अगले तीन दिन में स्थिति स्पष्ट होगी।' बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत चार अगस्त से होगी जो 14 सितंबर चलेगी।