IPL की वजह से नंबर एक बना इंग्लैंड, इस अंग्रेज ने की भारतीय टी-20 लीग की तारीफ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत और इंग्लैंड के बीच आज से पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला शुरू होने जा रही है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सभी मैच खेले जाएंगे। आईपीएल और भारत में साल के आखिरी में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप से पहले यह सीरीज दोनों ही टीमों के लिए काफी अहम है। दोनों टीमों के कई खिलाड़ी इन टूर्नामेंट का हिस्से होंगे, ऐसे में सभी अपनी तैयारियों को परखने की कोशिश करेंगे।
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के प्रबंध निदेशक एश्ले जाइल्स ने इंग्लैंड टीम के सीमित ओवरों के खेल में शीर्ष पर पहुंचने के पीछे आईपीएल को श्रेय दिया है। उन्होंने स्काई स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम में कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग उनके लिए लाभकारी रहा है और उन्हें लगता है कि इस टी-20 टूर्नामेंट में इंग्लिश क्रिकेटरों की मौजूदगी से राष्ट्रीय टीम को सीमित ओवरों के प्रारूपों में नंबर एक स्थान हासिल करने में मदद मिली।
जाइल्स ने कहा, ‘खिलाड़ियों के साथ बातचीत में मैंने उन्हें अपने कार्यक्रम पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। मैंने उन्हें निर्देश नहीं दिए। हम किसी भी तरह का दबाव नहीं बना रहे हैं। आईपीएल को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट से हमें बहुत लाभ हुआ है। मुझे लगता है कि हमारी इस टीम से 12 से 16 खिलाड़ी आईपीएल में खेलने के लिए जा रहे हैं।’
बता दें कि इससे पहले इस सप्ताह के शुरू में इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी जोस बटलर, सैम बिलिंग्स और सैम कुरेन भी आईपीएल को वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिए अहम बता चुके हैं। बटलर ने तो यह भी कहा था कि ईसीबी ने उनसे न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए कभी इस लोकप्रिय टी-20 प्रतियोगिता से हटने को नहीं कहा।
खिलाड़ियों को आईपीएल में भेजने के लिए तैयार
जाइल्स ने कहा, ‘वर्षों पहले हमारे लिए खिलाड़ियों को आईपीएल का अनुभव दिलाना मुश्किल था। अब हमारे खिलाड़ियों की वहां काफी मांग है और संभवत: यह बड़ा कारण है कि हम सीमित ओवरों की क्रिकेट के दोनों प्रारूपों में विश्व में नंबर एक हैं।’
गौरतलब है कि इंग्लैंड के 12 खिलाड़ी आईपीएल में खेलेंगे और इनमें से कुछ का करार करोड़ों में है। इनमें से बटलर, बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर राजस्थान रॉयल्स से, मोईन अली और सैम कुरेन चेन्नई सुपरकिंग्स से, टॉम कुरेन दिल्ली कैपिटल्स से और डेविड मलान पंजाब किंग्स की तरफ से खेलेंगे। आईपीएल नौ अप्रैल से शुरू होकर 30 मई को समाप्त होगा जबकि इंग्लैंड का न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच दो जून से शुरू होगा।
जाइल्स ने कहा, ‘हम खिलाड़ियों को आईपीएल में भेजने के लिए तैयार हैं। इन दो टेस्ट मैचों का कार्यक्रम बाद में तैयार किया गया। वह मूल कार्यक्रम का हिस्सा नहीं थे।
उन्होंने कहा, ‘हमारी खिलाड़ियों और आईपीएल के साथ सहमति है कि खिलाड़ी टूर्नामेंट के शुरू से ही उपलब्ध रहेंगे और अगर उनकी टीम अंतिम चरण में पहुंचती है तो भी वे अपनी टीमों के साथ बने रहेंगे।’