World Cup 2019: धोनी-राहुल का शतक, दूसरे वॉर्म-अप मैच में भारत ने बांग्लादेश को 95 रन से हराया
महेंद्र सिंह धोनी (113) और केएल राहुल (108) की शानदार शतकीय पारी और गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत भारत ने दूसरे अभ्यास मैच में बांग्लादेश को 95 रनों से हराया। इंग्लैंड के कार्डिफ में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 359 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 264 रन पर ही सिमट गई और मैच हार गई। टीम इंडिया की तरफ से कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल ने तीन-तीन, जसप्रीत बुमराह ने दो और रविंद्र जडेजा ने एक विकेट झटके।
इंडिया की तरफ से केएल राहुल और एमएस धोनी ने 5वें विकेट के लिए 164 रनों की साझेदारी की। आउट होने से पहले राहुल ने 99 गेंदों में 12 चौके और 4 छक्के की मदद से 108 रन वहीं धोनी ने मात्र 78 गेंदों में 8 चौके और 7 छक्के की मदद से 113 रनों की तूफानी पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश ने शानदार शुरुआत की लेकिन दसवें ओवर में टीम को लगातार दो झटके लगे। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इस ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर क्रमशः सौम्या सरकार (25) और शाकिब अल हसन (0) को अपना शिकार बनाया।
इसके बाद 32वें ओवर में चहल ने बांग्लादेश को लगातार दो झटके लिए। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर सलामी बल्लेबाजी लिटन दास को स्टंप आउट, जबकि चौथी गेंद पर मोहम्मद मिथुन (0) को एलबीडब्ल्यू आउट कराकर चलता किया। लिटन दास ने 90 गेंदों में 10 चौके की मदद से 73 रन की शानदार पारी खेली। तीसरे विकेट के लिए लिटन और मुश्फिकुर के बीच 120 रन की साझेदारी हुई।
35.4 ओवर में चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने महमूदुल्लाह (9) को क्लीन बोल्ड कर बांग्लादेश को पांचवां झटका दिया। 40वें ओवर में कुलदीप यादव ने बांग्लादेश को लगातार दो झटके दिए। ओवर की दूसरी गेंद पर मुशफिकुर रहीम को जबकि तीसरी गेंद पर बल्लेबाजी करने आए मोसद्देक हुसैन (0) को चलता किया। मुशफिकुर ने 94 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 90 रन की शानदार पारी खेली।
इसके बाद जडेजा ने शब्बीर रहमान (7) को अपना शिकार बनाया। 48.4 ओवर में चहल ने मोहम्मद सैफुद्दीन (18) को कुलदीप यादव के हाथों कैच आउट कराकर बांग्लादेश को नवां झटका दिया। आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर हसन मिर्जा रन आउट हो गए। मिर्जा के आउट होते ही यह मुकाबला भारत ने जीत लिया। इससे पहले भारत ने बांग्लादेश के सामने 360 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। बांग्लादेश की तरफ से सबसे अधिक रूबेल हुसैन और शाकिब अल हसन ने दो-दो विकेट लिए।
भारतीय पारी
एक बार फिर से टीम इंडिया की खराब शुरुआत हुई, टीम ने तीसरे ओवर की पांचवी गेंद पर धवन का विकेट गंवाया। मुस्ताफिजुर की अंदर आती गेंद पर पूरी तरह से चूके धवन और 9 गेंदों में 1 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए।
धवन के आउट होने के बाद रोहित और विराट ने पारी को संभाला दूसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। हालांकि रूबेल की 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर शॉट खेलने के चक्कर में रोहित अपना विकेट गंवा बैठे। बोल्ड होने से पहले रोहित ने धीमी पारी खेलते हुए 42 गेंदों में 19 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाजों के फेल होने के बाद विराट ने पारी को आगे बढाया और तेजी से रन जोड़ते हुए 46 गेंदों में 47 रन बना दिए। लेकिन तेजी से अर्धशतक बनाने के चक्कर में विराट 19वें ओवर में सैफुद्दीन की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसी के साथ 100 रन के अंदर ही टीम के तीनों धुरंधर बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।
कप्तान कोहली के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे विजय शंकर। चोट से वापसी करने के बाद पहला अभ्यास मैच खेल रहे शंकर बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए और 7 गेंदों में 2 रन बनाकर आउट हो गए। विजय को 20वें ओवर में रूबेल ने विकेटकीपर के हाथों कैच करवाया।
22 ओवर में 102 रन पर अपने चार विकेट गंवाने के बाद टीम को संभालने की जिम्मेदारी राहुल और धोनी के कंधों पर आ गई। राहुल ने जिम्मेदारी की बखूबी निभाते हुए मात्र 45 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने उतरे केएल राहुल ने अपने चयन को सही ठहराते हुए वर्ल्ड कप से पहले मात्र 94 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
वर्ल्ड कप से पहले दोनों ही टीमों के लिए यह आखिरी अभ्यास मैच है जिसे जीतकर दोनों ही टीमें वर्ल्ड कप में जाना चाहेंगी। आज के मैच में भी टीम इंडिया केदार जाधव के बिना उतरेगी, हालांकी विजय शंकर फिट होकर वापस टीम के साथ जुड़ गए हैं।
टीमें इस प्रकार हैं
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, केएल राहुल, विजय शंकर, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी
बांग्लादेश: मशरफे मुर्तजा (कप्तान), लिटन दास (विकेटकीपर), महमूदुल्लाह, मेहदी हसन, मोहम्मद मिथुन, मोहम्मद सैफुद्दीन, मोसद्देक हुसैन, मुशफिकुर रहीम (विकेटकीपर), मुस्ताफिजुर रहमान, रूबेल हुसैन, शाकिब अल हसन, सौम्या सरकार, शब्बीर रहमान।