सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से आईपीएल खेलने वाले भारतीय क्रिकेटर संदीप शर्मा ने अपनी गर्लफ्रेंड से सगाई कर ली। संदीप शर्मा की होने वाली हमसफर का नाम ताशा सात्विक है। ताशा पेशे से ज्वेलरी डिजाइनर और ब्लॉगर हैं।
गुरुवार को गर्लफ्रेंड ताशा के साथ एक सेल्फी पोस्ट करते हुए संदीप ने दुनिया के सामने अपनी सगाई की घोषणा की। फोटो में कपल बेहद खुश नजर आ रहा है। खबर लिखे जाने तक तस्वीर में लगभग 18 हजार लाइक्स तो अनगिनत कमेंट्स आ चुके हैं। फैंस इस तेज गेंदबाज को नए जीवन की शुभकामनाएं देते नहीं थक रहे।
भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाने को बेताब तेज गेंदबाज संदीप शर्मा अंडर-19 विश्व कप 2012 से सुर्खियों में आए। वह उनमुक्त चंद की कप्तानी में तीसरी बार U-19 वर्ल्डकप जीतने वाली टीम के सदस्य थे।
संदीप उस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। इस शानदार प्रदर्शन का फायदा उन्हें अगले साल आईपीएल के अगले सीजन में हुआ। पंजाब के इस तेज गेंदबाज को किंग्स इलेवन फ्रेंचाइजी ने खरीद लिया।
11 मई 2013 को पंजाब की ओर से हैदराबाद के खिलाफ ही उन्होंने अपना आईपीएल डेब्यू किया था। आईपीएल करियर के पहले ही मैच में उन्होंने 21 रन देकर 3 विकेट झटके थे।