बस एक जीत और सीरीज अपने नाम कर लेगी भारतीय टीम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले एकदिवसीय मुकाबले में बांग्लादेश-ए टीम को खेल के सभी विभाग में उन्नीस साबित करने के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारत-ए टीम शुक्रवार को सीरीज जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
बंगलूरू में कप्तान उन्मुक्त चंद की अगुआई में तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान टीम ने बृहस्पतिवार को बांग्लादेश को 96 रनों से पराजित किया था जिसमें युवा ऑलराउंडर गुरकीरत सिंह मान ने अहम भूमिका निभाई थी।
निचले क्रम पर गुरकीरत ने ऑलराउंड खेल दिखाते हुए पहले शानदार 65 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने ताबड़तोड़ पांच विकेट भी झटके।
गुरकीरत के अलावा संजू सैमसन ने भी 73 रनों की पारी खेली थी। जबकि शीर्षक्रम में सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (56) ने शुरुआती संकट के समय क्रीज पर टिककर टीम पर बने दबाव को हटाया था।
भारत-ए टीम अगर सीरीज जीतने में कामयाब रहती है तो वह जून में अपनी सीनियर टीम की बांग्लादेश के हाथों मिली हार का बदला ले लेंगे।
जीत के बाद भी दूर करना होगा टीम इंडिया को अपनी कमजोरी
मेजबान भारतीय टीम की ओर से शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। पहले मुकाबले में मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों की बदौलत भारत-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 322 रन बनाए थे।
3 महीने की लंबी छुट्टी के बाद मैदान पर लौटे सीनियर बल्लेबाज सुरेश रैना पहले मुकाबले में कुछ खास योगदान नहीं दे सके और वह 16 रन बनाकर चलते बने। रैना आगामी दक्षिण अफ्रीका के साथ घरेलू सीरीज के मद्देनजर इस सीरीज में अपनी तैयारियों को परख रहे हैं।
कप्तान उन्मुक्त चंद (16), मनीष पांडेय (1) और केदार जाधव (0) भी इस मुकाबले में शानदार पारी खेलना चाहेंगे। जाधव और पांडेय दक्षिण अफ्रीका के साथ आगामी सीरीज के लिए 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। उनका इरादा बेहतर प्रदर्शन का होगा।
राहुल द्रविड़ की कोचिंग वाली इस टीम इंडिया में विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने भी 73 रनों की पारी खेली थी। शीर्षक्रम में सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (56) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज नहीं चल सका था।
गेंदबाजों में श्रीनाथ अरविंद ने 29 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि मध्यम गति के तेज गेंदबाज रिषि धवन ने 51 रन खर्च कर दो विकेट चटकाए थे। गुरकीरत ने 29 रन पर पांच बांग्लादेशी खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई थी।
मोमिनुल हक की कप्तानी वाली बांग्लादेश-ए की ओर से पहले मैच में विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास ने शानदार 75 रनों की पारी खेली थी। नासिर हुसैन ने 52 और सब्बीर रहमान ने 25 रन बनाए थे। मेहमान टीम में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं।