{"_id":"671cb7bd71d37d8179084721","slug":"ind-vs-nz-2nd-test-2024-result-india-lost-home-test-series-against-new-zealand-know-records-and-stats-2024-10-26","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IND vs NZ: 12 साल बाद घर में टेस्ट सीरीज हारा भारत, 25 साल में तीसरी बार अपनी सरजमीं पर लगातार दो मैच भी गंवाए","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IND vs NZ: 12 साल बाद घर में टेस्ट सीरीज हारा भारत, 25 साल में तीसरी बार अपनी सरजमीं पर लगातार दो मैच भी गंवाए
Sat, 26 Oct 2024 04:23 PM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Sat, 26 Oct 2024 04:23 PM IST
सार
भारतीय टीम अपने घर में 12 साल बाद कोई टेस्ट सीरीज हारी है। इसी के साथ घरेलू जमीन पर लगातार 18 टेस्ट सीरीज जीतने के बाद जीत का यह सिलसिला टूट गया।
विज्ञापन
भारत बनाम न्यूजीलैंड
- फोटो : BCCI
विस्तार
न्यूजीलैंड ने पुणे टेस्ट जीतने के साथ ही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। बंगलूरू में खेला गया पहला मुकाबला कीवी टीम ने आठ विकेट से अपने नाम किया था। भारतीय टीम से वापसी की काफी उम्मीदें थीं, लेकिन रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ऐसा करने में नाकाम रही। टीम इंडिया अपने ही बुने जाल में फंस गई। पहले मैच में जहां टीम इंडिया कीवी तेज गेंदबाजों के आगे धराशाई हुई, तो दूसरे टेस्ट में स्पिनर्स ने भारतीय बल्लेबाजों की बोलती बंद कर दी। पुणे में जीत के लिए मिले 359 रन के लक्ष्य के जवाब में टीम इंडिया अपनी दूसरी पारी में 245 रन पर सिमट गई और साथ ही सीरीज भी गंवा दी।
विज्ञापन
Trending Videos
12 साल बाद टेस्ट सीरीज हारा भारत
भारतीय टीम अपने घर में 12 साल बाद कोई टेस्ट सीरीज हारी है। इसी के साथ घरेलू जमीन पर लगातार 17 टेस्ट सीरीज जीतने के बाद जीत का यह सिलसिला टूट गया। पिछली बार टीम इंडिया को 2012-13 में इंग्लैंड ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से हराया था। उसके बाद भारत ने लगातार 18 सीरीज जीतीं। हालांकि, न्यूजीलैंड ने अब टीम इंडिया को हराकर यह सिलसिला तोड़ दिया। किसी ने नहीं सोचा था कि कीवी टीम भारतीय सरजमीं पर इतना प्रभावशाली प्रदर्शन करेगी। पहला टेस्ट जीतने के साथ ही न्यूजीलैंड ने 36 साल बाद भारत में कोई टेस्ट मैच जीता था। अब उसने पहली बार भारत में कोई टेस्ट सीरीज अपने नाम की है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 1955 में खेला गया था और 69 साल के दोनों देशों के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली बार न्यूजीलैंड की टीम ने भारतीय सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
भारतीय टीम को लगातार दो टेस्ट में मिली हार
भारत ने अपने घर में लगातार दो टेस्ट गंवाए हैं। यह भी 2012 के बाद पहली बार है जब टीम इंडिया ने घरेलू सरजमीं पर लगातार दो टेस्ट गंवाए हैं। 2012 में इंग्लैंड ने भारत को चार मैचों की सीरीज में वानखेड़े में खेले गए दूसरे और ईडन गार्डेन्स में खेले गए तीसरे टेस्ट में हराया था। साल 2000 से लेकर अब तक यानी 25 साल में यह तीसरी बार है जब टीम इंडिया अपने घर में लगातार दो टेस्ट हारी हो। न्यूजीलैंड और इंग्लैंड से पहले दक्षिण अफ्रीका ने ऐसा किया था। उसने साल 2000 में दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत को 2-0 से शिकस्त दी थी। तब अफ्रीकी टीम ने वानखेड़े और चिन्नास्वामी स्टेडियम में टीम इंडिया को हराया था।
मैच में क्या हुआ?
मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 259 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 156 रन पर समाप्त हो गई थी। 103 रन के साथ न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 255 रन बनाए और कुल मिलाकर 358 रन की बढ़त हासिल की थी। 359 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया के लिए यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 77 रन बनाए और रवींद्र जडेजा ने 42 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई बल्लेबाज 25+ का आंकड़ा नहीं छू सका। रोहित शर्मा आठ रन, शुभमन गिल 23 रन, विराट कोहली 17 रन, ऋषभ पंत खाता खोले बिना, वॉशिंगटन सुंदर 21 रन और सरफराज खान नौ रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड के लिए मिचेल सैंटनर ने पहली पारी में सात विकेट और दूसरी पारी में छह विकेट लिए।