फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Exclusive: Before the semifinals Sushil Doshi discussed Indias performance, also named the finalist teams

Exclusive: फाइनल में कौन सी टीमें पहुंचेंगी? जानें क्या है सुशील दोशी का अनुमान; भारत के प्रदर्शन पर भी बोले

Wed, 26 Jun 2024 07:31 PM IST
Jaidev Singh जयदेव सिंह
Updated Wed, 26 Jun 2024 07:31 PM IST
विज्ञापन
सार
मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर सुशील दोशी ने अमर उजाला से खास चर्चा की। इस दौरान उन्होंने भारत की कमजोरियों पर प्रकाश डाला। साथ ही यह भी बताया कि भारत के अलावा फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम कौन सी होगी। आइये पढ़ते हैं इस बातचीत के कुछ खास हिस्से...
loader
Exclusive: Before the semifinals Sushil Doshi discussed Indias performance, also named the finalist teams
सुशील दोशी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में जारी टी20 विश्व कप 2024 अब अपने चरम पर पहुंच रहा है। गुरुवार को त्रिनिदाद में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा जबकि भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा नॉकआउट मैच होगा। इन दोनों मुकाबलों से पहले मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर सुशील दोशी ने अमर उजाला से खास चर्चा की। इस दौरान उन्होंने भारत की कमजोरियों पर प्रकाश डाला। साथ ही यह भी बताया कि भारत के अलावा फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम कौन सी होगी। आइये पढ़ते हैं इस बातचीत के कुछ खास हिस्से...

भारतीय टीम
भारतीय टीम - फोटो : BCCI
सवाल: आपने अफगानिस्तान और बांग्लादेश वाले मैच में भी कमेंट्री की, अब आप सेमीफाइनल और फाइनल में भी करने वाले हैं। इस विश्व कप में जो हमारी टीम है उस टीम का अब तक का जो प्रदर्शन है उसको आप कैसे देख रहे हैं? 

जवाब: देखिये मुझे तो कोई शिकायत नहीं होनी चाहिए और मैं समझता हूं कि भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को भी कोई शिकायत नहीं होनी चाहिए। क्योंकि हमारी टीम हर मैच जीती है एक भी मैच में हमें नीचे नहीं देखना पड़ा है और असली बात ये है कि कई खिलाड़ी जिनसे हम सोच रहे थे कि ये आईपीएल में खराब खेल रहे थे वो खिलाड़ी अब अच्छा खेल रहे हैं। हमने देखा कि पांड्या जो आईपीएल में असफल हो रहे थे वो यहां पर अच्छा खेल रहे हैं और रोहित शर्मा जो आईपीएल में नहीं जम रहे थे। अचानक जिस तरह से उनके बल्ले का मुंह खुल रहा है और जिस तरह उनका बल्ला गरज रहा है तो ये तो एक अलग ही तरह के तेवर दिखा रहे हैं। यह अच्छा लग रहा है, लेकिन दूसरी बात यह है कि जो अच्छा आईपीएल में खेले थे विराट कोहली वो नहीं चल रहे हैं। इतने बड़े बल्लेबाज, दुनिया के सबसे लाडले बल्लेबाज, क्रिकेट की दुनिया के सबसे बड़े सितारे जिनको दुनिया अच्छा करते देखना चाहती है वो यहां पर जम नहीं रहे। पिछली छह पारियों में उन्होंने कुल 66 रन बनाए हैं। आशीष नेहरा ने टी20 विश्व कप 2010 में सिर्फ 20 बनाए थे। यह एक खराब रिकॉर्ड है। अब कोहली ने उसकी बराबरी कर ली है।

सवाल: सेमीफाइनल में भारत की प्लेइंग 11 में बदलाव की कोई संभावना है? क्या विराट कोहली को नंबर तीन पर भेजा जाएगा?
जवाब: नहीं, ऐसा अगर करना होता तो शुरू से करना चाहिए था। मैं हमेशा कहता हूं कि आपके सबसे अच्छे बल्लेबाज को हमेशा वन डाउन आना चाहिए, दुनिया भर में यह होता और विराट कोहली ओपनर नहीं हैं। अगर हम पुराने जितने सालों का रिकॉर्ड देखें, विराट कोहली ने बड़ी-बड़ी पारियां हमेशा वन डाउन पर ही खेली हैं। और एक बात हमें समझ लेनी चाहिए कि वेस्टइंडीज की पिच धीमी हैं। यहां पर गेंद फंसकर आती है, टप्पा खाने के बाद धीमी गति से आती है और गेंद कांटा भी बदलती है। जब ऐसा होता है न तो आप यह नहीं सोच सकते कि आईपीएल की तरह ढाई सौ रन बना लेंगे। 20 ओवरों में संभव नहीं है। इंडिया-ऑस्ट्रेलिया के मैच की बात है, वो बैटिंग का विकेट मिल गया तो भारत ने 200 का आंकड़ा प्राप्त कर लिया। लेकिन बाकी जितनी भी पिच है यहां पर सब धीमी पिच हैं तो उस पर आपको तकनीकी कुशलता चाहिए। और मैं तो समझ रहा हूं कि कई पिच पर उछाल असमान भी है, कभी ऊंची जाती है, कभी नीचे रह जाती है। जैसे अफगानिस्तान बनाम बंग्लादेश मैच में, उसमें तो दोहरा उछाल था। कभी  गेंद ऊंची उठ रही थी, कभी नीचे बैठ जा रही थी। तो ये तमाम चीजें हैं। आप ये नहीं कह सकते क्यूंकी आप कितने भी बड़े बल्लेबाज हो तो अगर तकनीकी रूप से सफल भी हो तो भी आपके लिए दिक्कतें पेश होंगी। क्योंकि कोई गेंद नीचे रह जाएगी तो आप क्या करेंगे? विराट कोहली की किस्मत इसलिए खराब है क्योंकिं उन्हें कुछ ऐसी गेंदों का सामना शुरू में ही करना पड़ रहा है। तो मैं तो हमेशा चाहता था कि वो वन डाउन जाए, लेकिन अब अगर बदलेंगे तो उसका उल्टा असर पड़ सकता है। बैकफायर हो सकता है। कारण क्या है कि जब किसी बल्लेबाज को लगेगा कि मुझे पहले स्थान से विस्थापित करके लोगो की मांग के अनुसार नीचे भेजा गया है और तीसरा अब विराट कोहली तो दुनिया के सबसे बड़े बल्लेबाज माने जाते हैं। मेरे ख्याल से आप जब आए हैं तो ठहर जाएं वहीं पर और दिखाएं कि आज दुनिया का सबसे अच्छा बल्लेबाज, उनको क्यों कहा जाता है। 

सवाल: जिस तरह से रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आक्रामक पारी खेली, क्या हम विराट कोहली से अगले मैच में इस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद कर सकते हैं?
जवाब: मैं हमेशा कहता हूं कि बड़ा खिलाड़ी बड़े मौकों पर बड़ा काम करता है। भूतकाल को देखें तो जब भी कोई बड़ा मौका आता है और भारत को उनकी जरूरत होती है, अपना सौ प्रतिशत देते हैं, बिल्कुल आलोचनाओं से घबराते नहीं हैं, कई बड़े खिलाड़ी आलोचनाओं से घबराते हैं। वो कहते हैं मुझे किसी को कोई जवाब नहीं देना, मुझे अपने खेल के बारे में मालूम है और मैं जानता हूं मुझे क्या करना है। दूसरी बात भारत ने जो प्रदर्शन किया है, रोहित शर्मा की कप्तानी के बारे में अगर बात न करें तो यह उनके साथ न्याय नहीं होगा। उन्होंने इतनी बढ़िया कप्तानी की और वो भी देखिये जब विराट कोहली का विकेट गिर गया, एक तरह से उन्होंने जवाबी हमला कर दिया, बिल्कुल उनको लगा कि ये क्या हो रहा है, मैं अभी दिखा दूंगा तो ये जो बात है न कि कोई हो न हो, मैं तो हूं न, यह बात जब किसी कप्तान में आती है तो वो फिर बड़ा काम करता है।

सवाल: ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत के लिए क्या बड़ा खतरा इंग्लैंड है?
जवाब: मुझे लगता है आईसीसी टूर्नामेंट जीतने का जो सूखा पड़ा हुआ और हम नहीं जीत पा रहे वर्षों से तो वो टूर्नामेंट इस बार जीत सकते हैं। एक तो बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया हार चुका है। ऑस्ट्रेलिया ऐसी टीम है जो बड़े मुकाबलों में बेहतर खेलती है और वो पुराने मुकाबलों को भूल जाती है कि पहले क्या किया था तो यह कहते हैं बीती ताही बिसार दे आगे की सुधि ले तो वो ये बहुत जरूरी होता है। क्रिकेट में आप भूल जाएं की पहले आप कितने मैच हार रहे हैं। पहले भी कई टूर्नामेंट देखे जैसे आईसीसी वनडे टूर्नामेंट हुआ था जिसमें हम ऑस्ट्रेलिया से हारे थे। फाइनल में तब भी हमने देखा कि ऑस्ट्रेलिया की टीम एक अलग ही रंग में नजर आई। ऑस्ट्रेलिया अब बाहर हो गई है तो भारत के लिए अवसर बहुत उजले हैं और इंग्लैंड की टीम अच्छी है लेकिन भारत कहीं ज्यादा महाबली लगता है। जब आप दोनों टीमों की तुलना करें तो हमारे पास मैच विनर्स बहुत सारे खिलाड़ी हैं। सूर्यकुमार यादव बहुत बड़े खिलाड़ी हैं जो मैच की तकदीर अकेले बदल सकते हैं। और हार्दिक पांड्या जो कुछ समय पहले असफल हो रहे थे। पहले आईपीएल में लोग प्रश्न उठा रहे थे, इनको बाहर करना चाहिए। लेकिन अब वह दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। विपरीत परिस्थितियों में जो अच्छा खेल सकता है न वो खिलाड़ी बड़ा खिलाड़ी होता है। और मैं कह सकता हूं कि ये जो खिलाड़ी है न, हार्दिक पांड्या ये बड़े अवसरों का बड़ा खिलाड़ी है, यह अच्छा खेल रहा है। बॉलिंग भी अच्छी कर रहे हैं और पिचों से मदद मिल रही है। देखिए जब पिच मदद करे तो फिर आपको अपनी सीमाओं में अपनी बॉलिंग करनी चाहिए और आपकी बल्लेबाजी को भी आपको मौका देना चाहिए, क्यूोंकि पिच मदद दे तो लाभ उठाना चाहिए। 

सवाल: जसप्रीत बुमराह  की घातक गेंदबाजी पर आपकी क्या राय है?
जवाब: आपने अगर ये प्रश्न नहीं किया होता तो मैं खुद इस सवाल को उठाता और इसका जवाब देता। वास्तव में अगर देखा जाए तो हमारी पुरानी जितनी सफलताएं बढ़ी हैं, यह जसप्रीत बुमराह के कारण। मैं समझता हूं कि बुमराह क्रिकेट का कोहिनूर हीरा है। लोग बल्लेबाजों की लाख बातें करते हैं लेकिन बॉलर के रूप में अगर कोई मैच जिता रहा है, वो जसप्रीत बुमराह है। अगर वह विकेट नहीं भी लेते हैं तो उनके ओवर्स ऐसे जाते हैं जहां बहुत कम रन देते हैं, सभी उनको संभलकर खेलने की कोशिश करते हैं। उनकी जो बॉलिंग है तो उसको इस लीग में समझता हूं कि क्रिकेट के जो ऑल टाइम बेस्ट सर्वश्रेष्ठ सर्वकालीन बॉलर्स हम मानते हैं, हम समझते हैं कि इमरान खान या वेस्टइंडीज के छह फास्ट बॉलर्स जिनका हम अक्सर जिक्र करते हैं। एंटी रॉबर्ट्स आदि बुमराह उनकी श्रेणी का बॉलर है। इसका कारण ये है कि उसका एक्शन इस तरह का है कि टप्पा खाकर गेंद एक तो तेज गति से आती है क्यूंकि एक्शन इस तरह का है जिससे गेंद बल्लेबाज को बाद में दिखती है। क्योंकि जिस तरह का हाथ घूमता है वो एयरो डायनामिक्स के हिसाब से जिस तरह का हाथ घूमता है वो सम्भव नहीं और बल्लेबाज को थोड़ी देर से समझ में आती है। तो ये जो उसका आतंक है, उसकी वजह से बहुत ही अच्छे-अच्छे बल्लेबाज उसको खेलना नहीं चाहते हैं। और आज मैं समझता हूं कि बुमराह भारत के लिए एक बहुत बड़ी शख्सियत है। वह भारत के लिए बहुत बड़ा वरदान है और अगर भारत को टूर्नामेंट जीतना है तो बुमराह को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। और दूसरी बात ये है कि जो पिच है यहां पर स्पिनर्स को बहुत मदद मिल रही है। तो कुलदीप यादव जिस तरह से खेल रहे हैं, वो एक मिस्ट्री बॉलर हैं। वह लेफ्ट आर्म बॉलिंग करते हैं, स्पिनर हैं और वो चाइनामैन बॉलिंग भी करते हैं जो दूसरी गेंद करते हैं गुगली और तीसरी करते हैं टॉप स्पिनर, चौथी करते हैं फ्लिपर तो जिस जगह से वो छोड़ रहे हैं और जो रिदम जो लय उनकी जो जम रही, ऐसे अच्छे-अच्छे बॉलर्स की दुनिया में कमी है। क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा बॉलर मैं तो कुलदीप को कहूंगा। वहीं, राशिद खान अफगानिस्तान का सबसे अच्छा राइट गुगली बॉलर है, उनकी गुगली कोई नहीं पढ़ पा रहा। अगानिस्तान की सफलता में उनका बड़ा हाथ है। मैं समझता हूं कि अच्छे बॉलर्स को भी हमें उसी मापदंड से प्रशंसनीय मानना चाहिए जैसा कि हम बैटर्स को मानते हैं। 

सवाल: जडेजा के मुकाबले अक्षर अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। इस पर आपकी क्या राय है?
जवाब: आपका कहना ठीक है कि जडेजा आईपीएल में बहुत अच्छा खेल रहे थे, जिनका रिकॉर्ड बहुत अच्छा था।  ऐसे कई खिलाड़ी हैं जो वैसा प्रदर्शन कर नहीं रहे हैं जिसके लिए वो जाने जाते हैं और रवींद्र जडेजा सचमुच इस तरह के खिलाड़ी हैं जो अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। ये बात सही है लेकिन फिर ये है कि वो एक बहुत बड़ी टीम में है, एक बहुत अच्छे फील्डर हैं और भारत में इतने सारे मैच विजेता हैं। रवींद्र जडेजा के बारे में सब जानते हैं कि वक्त पड़ने पर ये आदमी भी हाथ खड़ा करके कहता है कि कोई फिक्र न करो, मैं हूं न। तो मैं समझता हूं आपको अनुभव की बहुत जरुरत है। वह जडेजा आपको दे रहे हैं। आज भारत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। ऐसे खिलाड़ी जो पहले नहीं खेल रहे थे लेकिन अब वो खेल रहे हैं। जिनको अनुभव है। तो यह एक कारण है कि भारत में जब इतने सारे हैं तो एक अगर नहीं खेलता तो दूसरा खेल लेता है। कभी सूर्यकुमार यादव खेल लेगा। शिवम दुबे की हमने बात नहीं की वो आईपीएल के इतने बड़े सितारे हैं। लेकिन यहां लगातार असफल हुए हैं। हालांकि पिछले मैच में उन्होंने थोड़े अच्छे शॉट लगाए। ऐसा लग रहा है कि शायद वो अपनी लय में आ रहे हैं। दिक्कत मुझे जो समझ में आ रही है उन्हें अच्छे पेस के सामने टिकने में मुश्किल हो रही है। स्पिनर्स को तो वो अच्छा खेलते हैं। कई बार आप मासूम पर अत्याचार कर सकते हैं लेकिन जब बड़ा पहलवान आता है तब मुश्किल हो रहा है।  

सवाल: इंग्लैंड के किन खिलाड़ियों को आप खतरा मानते हैं?
जवाब: देखिए उनके पास भी इन पिचों के लिए अच्छे बॉलर्स हैं। उनके तेज गेंदबाज जोफ्रा ऑर्चर दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक हैं और गेंद अगर फंस कर आएगी तो वो खतरनाक हो सकते हैं। बहुत जरूरी है कि आप इस जगह पर ध्यान दें कि आप टप्पा किस जगह खिला रहे हैं। क्योंकि अगर गलत लाइन लैंथ की बॉलिंग की और गलत दिशा में बॉलिंग की तो आपकी रफ्तार का बल्लेबाज गलत फायदा उठा ले जाएगा। भारतीय बॉलर्स का एक डिसिप्लिन बहुत अच्छा है, ये कोशिश कर रहे हैं। दूसरी तरफ आपने इंग्लैंड की बात की, उनके ओपनर्स बहुत अच्छे हैं, दोनों ओपनर्स बहुत अच्छे हैं और बहुत तेज गति से रन बनाते हैं। वो भी पावरप्ले में। आपने उन्हें कंट्रोल नहीं किया, नियंत्रित नहीं किया तो आप मुश्किल में फंस सकते हैं। उनकी बैटिंग भी अच्छी है और बॉलिंग में भी वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

सवाल: अफगानिस्तान की सफलता पर आप क्या कहना चाहेंगे?
जवाब: देखिये मानसिक रूप से जितनी परेशानी  अफगानिस्तान ने झेली है उतनी परेशानी तो किसी भी देश ने नहीं झेली है। क्योंकि आप इतनी विषमताओं के बीच में रह रहे हैं? आपके पास अभ्यास करने की जगह नहीं।  तो सबसे बड़ी बात यह कि उनमें टैलेंट है, क्रिकेट जो है, केवल मेहनत का खेल नहीं है, ये प्रतिभा का बड़ा खेल है। और उनका जो टैलेंट है वो दूसरी टीमों के मुकाबले अधिक है। 

सवाल: खिलाड़ियों को अधिकतर लीग्स में खेलने का फायदा मिल रहा है?
जवाब: भारत आज अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, उसका सबसे बड़ा कारण आईपीएल है। दुनिया के तेज गेंदबाज यहां आकर खेलते हैं, तो आपको सबके बारे में मालूम पड़ जाता है। दूसरी बात दुनिया के जितने तेज गेंदबाज यहां आते हैं वो आते हैं पैसा कमाने। पैसा कमाने का सबसे अच्छा तरीका है कि अपने शरीर को लंबे समय तक चलाएं तो वो उसमें क्या करते हैं। जो 160 किलोमीटर प्रति घंटे की बॉलिंग कर सकता है वो लाइन एंड लैंथ बॉलर हो जाता है। हमने देखा न स्टार्क को किसी बल्लेबाज ने चार छक्के मार दिए थे। रोहित शर्मा ने कैसा मारा उनको एक ही ओवर में चार-चार छक्के लगाए। इस तरह से हमें उनकी तकनीक का पता चल रहा है।

सवाल: दक्षिण अफ्रीका को कैसे देख रहे हैं?
जवाब: पूरे टूर्नामेंट में अगर उनकी यात्रा को देखें तो कई मैचे उन्होंने फंसते-फंसते से जीते लेकिन अभी तक अजेय रहे हैं। मैं तो इस टीम को सलाम करता हूं। कारण क्या है कि अभी तक सब लोग कह रहे थे कि चोकर्स की टीम चोक हो जाते, बड़े मुकाबलों में कुछ ऐसा कर लेते हैं कि जीत के जबड़े में से हार खींच लेते। ऐसा बहुत कम लोग करते हैं लेकिन वो करते थे तो वो बहुत बदनाम थे। इस बात के लिए कि ये लगातार जब भी अच्छी स्थिति होती वहीं ऐसी हार जाती है। ये टीम जीत नहीं सकती लेकिन हम यहां देख रहे हैं इस टूर्नामेंट में उनके तेवर बदले-बदले से नजर आ रहे हैं।  ये टीम अच्छा प्रदर्शन कर सकती है और यह टीम चौंका सकती है क्योंकि ये चाहती है कि पुरानी जो बदनामी है, चोकर्स का जो निशान उन पर लगा उससे छुटकारा मिले।

सवाल: अमेरिका की टीम पहली बार विश्व कप में खेली और सुपर-8 तक का सफर तय किया, इस पर आपकी क्या राय है?
जवाब:  मैं समझता हूं कि अमेरिका की टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। वो पाकिस्तान को हराकर पहुंची तो टीम में दम तो था नहीं तो आप पाकिस्तान जैसी बड़ी टीम को नहीं हरा पाते। लेकिन अमेरिका की पिचों ने खास परेशान किया। रेडीमेड पिच थीं। अगर ऐसी पिच भारत में होती या किसी और देश में होती जो क्रिकेट खेलते हैं तो मेरे ख्याल से आईसीसी उसको बहुत टेढ़ी निगाहों से देखता और उसको कहीं न कहीं अपराध की तरह मानता। लेकिन देखिये अब क्रिकेट जो है न खेल नहीं रह गया क्रिकेट अब व्यवसाय भी हो गया और अमेरिका से बड़ा व्यवसायी देश सबसे बड़ा धनाड्य देश दुनिया में दूसरा नहीं है, तो निगाहें तो यही है कि अमेरिका में क्रिकेट को पॉपुलर किया जाए, उसको लोकप्रिय किया जाए। तो कोशिश यही की जा रही है कि उनकी तमाम कमजोरियों को अनदेखी करे। 

सवाल: सेमीफाइनल का लाइन अप तय है, आप फाइनल में भारत के अलावा किन्हें देख रहे हैं? 
जवाब: मैं सोच रहा हूं कि भारत फाइनल में पहुंचना चाहिए। दूसरी तरफ मैं समझता हूं साउथ अफ्रीका अच्छा खेल रहा है और लगातार उनके फास्ट बॉलर्स भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, उनके स्पिनर्स भी अच्छे हैं और वो एकजुट होकर खेल रहे हैं। अफगानिस्तान की तरफ देखें उनके साथ ये होता है कि वे एक-दो मैच तो अक्सर अच्छा खेलते हैं लेकिन बाद में बड़े मैचों में फिसल जाते हैं। तो फिर भी अनुभव उनका अच्छा दिख रहा है। फिर भी मुझे लगता है कि दक्षिण अफ्रीका के लिए अफगानिस्तान से पार पाना मुश्किल होगा। मुझे लगता है कि अफगानिस्तान और भारत के बीच में फाइनल हो सकता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed