World Cup 2019: मजबूत इंग्लैंड के सामने आज कैरेबियाई चुनौती, रोमांचक होगा मुकाबला
पिछले कुछ वर्षों में इंग्लैंड के लिए वेस्टइंडीज सबसे आसान प्रतिद्वंद्वी रहा है लेकिन शुक्रवार को विश्व कप मैच में जब ये दोनों टीमें आमने-सामने होंगी तो इयोन मोर्गन की अगुआई वाली टीम किसी भी तरह की ढिलाई से बचना चाहेगी क्योंकि कैरेबियाई दल कुछ पल में मैच का पासा पलटने में सक्षम है।
इंग्लैंड को पाकिस्तान से हार के बाद खुद के अंदर झांकने का मौका मिला और उसने बांग्लादेश के खिलाफ हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करके बड़ी जीत दर्ज की। दूसरी तरफ से वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को आसानी से शिकस्त दी लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतर स्थिति में होने के बावजूद उसे हार मिली।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसका मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था और अंक बांटने पड़े थे। इस मैच को भी मौसम प्रभावित कर सकता है और ओवरों की संख्या कम हो सकती है। शुरू में बादल छाए रहने की संभावना है जिससे तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी। ऐसे में कोई भी टीम पहले क्षेत्ररक्षण करना पसंद करेगी।
वेस्टइंडीज का सामना अब उस इंग्लैंड से है जिससे वह पिछले कुछ वर्षों से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। इन दोनों टीमों के बीच जो 101 वनडे खेले गए हैं उनमें 51 में इंग्लैंड और 44 में वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की है लेकिन पिछले दस वर्षों में खेले गए 19 मैचों में कैरेबियाई टीम केवल तीन में जीत हासिल कर पाई है। इंग्लैंड ने इनमें से 14 मैच में जीत दर्ज की है और वह अपना यह दबदबा बरकरार रखने की कोशिश करेगा।
इंग्लैंड का मजबूत पक्ष उसकी बल्लेबाजी है। उसके शीर्ष सात बल्लेबाज अकेले दम पर मैच का पासा पलटने का माद्दा रखते हैं। जेसन रॉय ने पिछले मैच में 153 रन बनाकर अपनी फॉर्म जाहिर की। जॉनी बेयरस्टो और जोस बटलर ने अर्द्धशतक जमाए। बेन स्टोक्स और जोफरा आर्चर ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया। वेस्टइंडीज के पास बाएं हाथ के बल्लेबाजों की अधिकता को देखते हुए तेज गेंदबाज लियाम प्लंकेट की जगह मोईन अली की अंतिम एकादश में वापसी हो सकती है।
‘अपनों’ के खिलाफ उतरेंगे आर्चर
आर्चर के लिए यह मैच महत्वपूर्ण होगा क्योंकि वह मूल रूप से वेस्टइंडीज से जुड़े हैं और उन्होंने इसी साल इंग्लैंड की तरफ से खेलने का हक पाया था। क्रिस गेल और आर्चर के बीच रोचक जंग देखने को मिल सकती है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आर्चर बाएं हाथ के इस बल्लेबाज या बेहतरीन फॉर्म में चल रहे शाई होप और विस्फोटक आंद्रे रसेल पर कैसे अंकुश लगाते हैं।
विंडीज के बल्लेबाजों की परीक्षा
वेस्टइंडीज की चिंता बल्लेबाजों को लेकर है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन बल्लेबाज अपेक्षित खेल नहीं दिखा पाए। होप के अलावा कप्तान जैसन होल्डर ने भी अर्द्धशतक जमाया लेकिन फिर टीम 15 रन से हार गई। वेस्टइंडीज को अगर इंग्लैंड को चुनौती देनी है तो गेल, शिमरॉन हेतमायर और निकोलस पूरन जैसे बल्लेबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा।