फिर विवादों में फारूख इंजीनियर, इस बार CoA की पूर्व सदस्य डायना से हुआ मतभेद
टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर फारूख इंजीनियर और सीओए की पूर्व सदस्य डायना एडुल्जी के बीच बुधवार को सार्वजनिक तौर पर मतभेद हो गया जब महिला टीम की पूर्व कप्तान ने क्रिकेट में उनकी उपलब्धियों पर सवाल उठाने वाले इंजीनियर पर भड़ास निकाली।
विवादों से घिरे रहने वाले इंजीनियर ने कहा कि प्रशासकों की समिति समय की बर्बादी थी। दिलीप सरदेसाई स्मृति व्याख्यान में एडुल्जी ने कहा, 'फारूख ने मौजूदा चयनकर्ताओं के बारे में बहुत कुछ कहा। उसमें उन्होंने मेरे बारे में भी कुछ टिप्पणी की। मैं आपको बताना चाहती हूं कि मैने भी 30 टेस्ट खेले हैं जो कम नहीं है। आपने कहा कि एडुल्जी ने कोई क्रिकेट नहीं खेला।'
इससे पहले इंजीनियर ने कहा था, 'मैंने कहा था कि सीओए समय की बर्बादी है और मैं सच कहा रहा हूं। सीओए के रहने से क्या फायदा हुआ और उन पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए जिसका बेहतर इस्तेमाल देश में जमीनी स्तर पर क्रिकेट की बेहतरी के लिए होता।'
उन्होंने कहा, 'आपके (एडुल्जी) के खिलाफ कुछ निजी नहीं था। मैने चयनकर्ताओं के बारे में पहले भी कहा था और उस बयान की यही वजह है।' भारत के लिए 46 टेस्ट खेलने वाले इंजीनियर ने विकेटकीपर ऋषभ पंत को प्रतिभाशाली कहा लेकिन यह भी कहा कि उसकी तकनीक में खामी है।
बता दें कि इससे पहले भी फारुख चायवाले विवादों में घिरे थे। इंजीनियर एमएसके प्रसाद की अगुवाई वाली पांच सदस्यीय चयन समिति को मिकी माउस चयन समिति कहा था। उन्होंने चयनकर्ताओं को आड़े हाथ लेते हुए दावा किया था कि वर्ल्ड कप के दौरान चयनकर्ता विराट की पत्नी अनुष्का की जरूरतों को पूरा कर रहे थे। हालांकि, फारुख ने बाद में नुष्का शर्मा से माफी मांगी थी।