IPL से भी बाहर हुए श्रेयस अय्यर: जल्द होगी सर्जरी, कौन संभालेगा दिल्ली कैपिटल्स की कमान?
आईपीएल से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स को करारा झटका लगा है। टीम के कप्तान और स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर 9 अप्रैल से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से भी बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में फिल्डिंग के दौरान अपना कंधा चोटिल कर बैठे अय्यर कम से कम चाह माह क्रिकेट से दूर रहेंगे। टीम के सहमालिक पार्थ जिंदल ने खबर की पुष्टि की है। दिल्ली कैपिटल्स को टूर्नामेंट के दूसरे दिन चेन्नई सुपरकिंग्स से मुंबई में भिड़ना है।
Absolutely devastated and gutted for our skipper @ShreyasIyer15 - stay strong captain - hope for a very quick recovery. Have full faith that you will come back even stronger from this. India needs you in the T20 World Cup. @DelhiCapitals @BCCI
— Parth Jindal (@ParthJindal11) March 25, 2021विज्ञापन
बाएं कंधे की हड्डी खिसकी
श्रेयस अय्यर को पुणे में इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर के दौरान चोट लगी थी। शार्दुल ठाकुर गेंद फेंक रहे थे। इस दौरान इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने करार शॉट लगाया। जिसे रोकने के लिए श्रेयस ने अपना पूरा शरीर झोंकते हुए डाइव मारा। इसके बाद वह कराते हुए दिखे और कंधा पकड़ कर बैठ गए। कप्तान विराट कोहली सहित टीम के अन्य खिलाड़ी भी उनके पास गए। उनके कंधे में लगी चोट गंभीर थी, ऐसे में उन्हें मैदान के बाहर ले जाया गया। फिर वह मैदान पर नहीं लौट पाए और बाद में वनडे सीरीज से ही बाहर होने की खबर सामने आई।
कौन होगा दिल्ली का नया कप्तान?
हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टी-20 सीरीज में श्रेयस अय्यर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए काफी रन बनाए थे। उनके इस शानदार प्रदर्शन के चलते भारत ने इंग्लैंड की टी-20 सीरीज में 3-2 से हराया था। अब श्रेयस अय्यर के स्थान पर दिल्ली कैपिटल्स को नया कप्तान तलाशना होगा। टीम मैनेजमेंट के पास विकल्पों की कोई कमी नहीं है। अनुभवी अजिंक्य रहाणे और रविचंद्रन अश्विन राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब की अगुवाई कर चुके हैं। हाल ही में अपनी कप्तानी में मुंबई को विजय हजारे ट्रॉफी जिताने वाले युवा पृथ्वी शॉ भी दावेदार हैं।
ऋषभ पंत का नाम सबसे आगे
सूत्रों की माने तो रेस में सबसे आगे ऋषभ पंत चल रहे हैं। टीम इंडिया के इस मैच विनर से फ्रैंचाइजी काफी प्रभावित हैं और उन्हें ही कमान देने की प्रबल संभावना है। दिल्ली कैपिटल्स के प्रमोटर किरण कुमार गांधी और पार्थ जिंदल जल्द ही हेड कोच रिकी पोंटिंग के साथ किसी एक नाम पर मुहर लगाएंगे। उपकप्तान होने के नाते सबसे पहले उनके ही नाम पर चर्चा होनी लाजिमी है। अगर ऐसा हुआ तो तीन-तीन भारतीय विकेटकीपर आईपीएल में कप्तानी करते नजर आएंगे। केएल राहुल पंजाब किंग्स के अगुवा हैं और इस सीजन के लिए राजस्थान रॉयल्स ने बड़ा दांव खेलते हुए युवा संजू सैमसन पर भरोसा जताया है।
अय्यर की कमी पूरी करना नामुमकिन
टीम मैनेजमेंट सिर्फ कप्तान ही नहीं बल्कि अय्यर की गैरमौजूदगी में एक बेहतरीन बल्लेबाज भी खोने जा रहे हैं। यूएई में खेले गए पिछले सीजन में वह टूर्नामेंट के चौथे सर्वोच्च स्कोरर थे। केएल राहुल, शिखर धवन और डेविड वार्नर के बाद उनके नाम 519 रन थे। 2018 के मध्य में गौतम गंभीर के कप्तानी छोड़ने के बाद श्रेयस अय्यर के रूप में दिल्ली को नया कप्तान मिला था। तब से 26 वर्षीय इस मुंबईकर ने टीम को कामयाबी ही दिलाई है। एक बार प्लेऑफ तो पिछले सीजन में पहली बार दिल्ली कैपिटल्स फाइनल में पहुंची थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में मुंबई इंडियंस से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।