IPL 2019: धोनी के बिना हारी चेन्नई, मुंबई ने 46 रन से जीता मुकाबला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोहित शर्मा (67) की शानदार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के दम पर मुंबई ने शुक्रवार को इंडियन टी-20 लीग के 44वें मुकाबले में चेन्नई को 46 रन से हरा दिया। टॉस हराकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की पूरी टीम 109 रन पर ही सिमट गई और मैच हार गई। मुंबई की तरफ से सबसे अधिक विकेट लसिथ मलिंगा ने चटकाए। उन्होंने 3.7 ओवर में 37 रन देकर 4 विकेट झटके।
इस जीत के साथ मुंबई की टीम 14 अंकों के साथ अंकतालिका में दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। वहीं, चेन्नई 16 अंकों के साथ शीर्ष पर बरकरार है। इस मैच में शानदार पारी खेलने के लिए मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत निराशाजनक रही। पहले ही ओवर की पांचवीं गेंद पर लसिथ मलिंगा ने सलामी बल्लेबाज शेन वॉटसन (8) को राहुल चाहर के हाथों कैच आउट कराकर चेन्नई को पहला झटका दिया। वॉटसन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए सुरेश रैना (2) भी ज्यादा देर पर पिच पर नहीं टिक पाए। हार्दिक पांड्या ने उन्हें चौथे ओवर की पहली गेंद पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट कराया और चेन्नई को दूसरा झटका दिया।
इसके बाद 34 रन के स्कोर पर चेन्नई को तीसरा झटका लगा। क्रुणाल पांड्या ने 4.3 ओवर में अंबाती रायुडू (0) को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट कराया। इसके कुछ ही देर बाद आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर क्रुणाल पांड्या ने केदार जाधव (6) को अपना शिकार बनाया। पांड्या ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
इस सीजन का पहला मैच खेल रहे अनूकुल रॉय ने 9.6 ओवर में ध्रुव शौरी (5) को राहुल चाहर के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद 12वें ओवर की चौथी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने मुरली विजय को अपना शिकार बनाया। बुमराह ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट कराया और चेन्नई को छठा झटका दिया। विजय ने 35 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्के की मदद से 38 रन बनाए। 15.6 ओवर में लसिथ मलिंगा ने ड्वेन ब्रावो (20) को खुद की गेंद पर कैच लेकर चलता किया। मलिंगा के अलावा क्रुणाल और जसप्रीत बुमराह ने 2-2, जबकि अनुकूल रॉय और हार्दिक ने 1-1 विकेट झटके।
मुंबई की पारी
इससे पहले मुंबई ने चेन्नई के सामने जीत के लिए 156 रन का लक्ष्य रखा है। बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी तो रही, लेकिन 2.4 ओवर में सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (15) के रूप में मुंबई को पहला झटका लगा। पहले विकेट के लिए डिकॉक ने रोहित के साथ मिलकर 24 रन की साझेदारी की।
डिकॉक के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए एविन लेविस ने कप्तान रोहित के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को 99 रन तक पहुंचाया। मगर 13वें ओवर की पहली गेंद पर मिशेल सैंटनर ने लेविस को ब्रावो के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। वह 30 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 32 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए रोहित और एविन के बीच 75 रन की साझेदारी हुई। इसके तुरंत बाद इमरान ताहिर ने 13.1 ओवर में क्रुणाल पांड्या को सैंटनर के हाथों कैच आउट कराकर मुंबई को तीसरा झटका दिया।
इसके बाद 16.2 ओवर में मुंबई को कप्तान रोहित शर्मा के रूप में चौथा झटका लगा। सैंटनर ने रोहित को मुरली विजय के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा। रोहित ने 48 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 67 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। किरोन पोलार्ड (13*) के साथ हार्दिक पांड्या 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। चेन्नई की तरफ से मिशेल सैंटनर ने 4 ओवर में 13 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
टीमें इस प्रकार हैंः
इससे पहले चेन्नई ने मुंबई के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। धोनी की गैरमौजूदगी में खेल रही चेन्नई ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं। कार्यवाहक कप्तान सुरेश रैना ने प्लेइंग इलेवन में बदलाव करते हुए मिशेल सैंटनर, ध्रुव शौरी और मुरली विजय को टीम में जगह दी है, जबकि एमएस धोनी, रविंद्र जडेजा और फाफ डु प्लेसिस को बाहर बिठाया है। दूसरी तरफ मुंबई ने अपनी टीम में दो बदलाव करते हुए बेन कटिंग की जगह एविन लेविस और मयंक मारकंडे की जगह अनूकुल रॉय को शामिल किया है।
इस प्रकार है दोनों टीमेंः
चेन्नई : मुरली विजय, शेन वाटसन, सुरेश रैना (कप्तान), केदार जाधव, अंबाती रायुडू (विकेटकीपर), ध्रुव शौरी, मिशेल सैंटनर, ड्वेन ब्रावो, दीपक चाहर, हरभजन सिंह, इमरान ताहिर।
मुंबई : रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), एविन लेविस, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, सूर्यकुमार यादव, राहुल चाहर, अनूकुल रॉय, जसप्रीत बुमराह, लसिथ मलिंगा।