BCCI SGM Meeting: बोर्ड की अहम बैठक आज, IPL की तारीख और रणजी मुआवजे पर हो सकती है चर्चा
बीसीसीआई की एसजीएम में आईपीएल के बाकी बचे मैचों को 15 सितंबर से 15 अक्तूबर तक के बीच यूएई में कराने पर फैसला किया जा सकता है। इसके अलावा रणजी मुआवजा और टी-20 विश्व कप का मुद्दा भी बैठक में अहम होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) आज यानी शनिवार को ऑनलाइन होने वाली विशेष आम बैठक (एसजीएम) में आईपीएल, टी-20 वर्ल्ड कप सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक में आईपीएल के बाकी बचे मैचों को 15 सितंबर से 15 अक्तूबर तक के बीच यूएई में कराने पर फैसला कर सकता है। वहीं, टी-20 विश्व कप का मुद्दा भी बैठक में अहम होगा। इसके अलावा आईसीसी टी-20 विश्व कप और रद्द किए गए रणजी ट्रॉफी के पिछले सत्र के लिए घरेलू क्रिकेटरों के लिए विलंबित मुआवजे के पैकेज पर चर्चा हो सकती है।
बीसीसीबाई टी-20 विश्व कप को भारत में ही आयोजित करना चाहता है और एक जून को आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) के बोर्ड की बैठक के दौरान वह खेल के इस वैश्विक निकाय को कोई भी फैसला लेने से पहले भारत में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए इंतजार करने को कहेगा।
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के शनिवार को मुंबई से बैठक की अध्यक्षता करने की उम्मीद है। आईपीएल के 18 से 20 सितंबर के बीच फिर से शुरू होने और 10 अक्तूबर को समाप्त होने की संभावना जताई जा रही है। यूएई के अबू धाबी, दुबई और शारजाह में तीन स्थानों पर इसके मैचों की मेजबानी की जाएगी।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बैठक से एक दिन पहले बताया था कि जाहिर है, मुख्य मुद्दा आईपीएल का कार्यक्रम होगा। हम फाइनल सहित चार प्ले-ऑफ मैच (दो क्वालीफायर, एक एलिमिनेटर) के अलावा 10 डबल-हेडर (एक दिन में दो मुकाबले) और सात सिंगल हेडर (एक दिन में एक मैच) की उम्मीद कर रहे हैं। लीग सप्ताहांत में शुरू होगा और फाइनल भी सप्ताहांत में आयोजित किया जाएगा।'
इसमें विदेशी खिलाड़ियों की सेवाएं लेने और बबल-टू बबल ट्रांसफर (एक जैव-सुरक्षित माहौल से दूसरे जैव-सुरक्षित माहौल में आना) सहित अन्य संबंधित पहलुओं पर भी बहुत विचार-विमर्श होगा। उन्होंने बताया, 'इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट निदेशक एशले जाइल्स पहले ही कह चुके हैं कि उनके देश के खिलाड़ियों को आईपीएल खेलने की अनुमति नहीं दी जाएगी क्योंकि वे आईसीसी टी-20 विश्व कप से पहले अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का पालन करेंगे।' भारतीय टीम 14 सितंबर को इंग्लैंड के दौरे को खत्म कर वहां से चार्टर्ड विमान से यूएई आएगी।
खिलाड़ियों के लिए मुआवजा पैकेज पर हो सकती है चर्चा
बीसीसीआई की ऑनलाइन होने वाली विशेष आम बैठक में कोविड-19 के कारण रद्द हुए रणजी सत्र के कारण 700 खिलाड़ी प्रभावित हुए हैं, इसको लेकर भी चर्चा होगी। बीसीसीआई ने पिछले साल जनवरी में खिलाड़ियों को वित्तीय मदद का भरोसा दिया था, लेकिन उसके तरीके के बारे में नहीं बताया था। राज्य इकाई (रणजी टीम) से जुड़े एक अधिकारी ने कहा, 'घरेलू क्रिकेट में खेलने वाले महज 73 क्रिकेटरों के पास ही आईपीएल अनुबंध है। सिर्फ विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेलने से उनकी वित्तीय जरूरतें पूरी नहीं होंगी। मुझे लगता है कि इसका सबसे बेहतर समाधान राज्य इकाइयों को एकमुश्त मुआवजा पैकेज सौंपना होगा और वे पिछले सत्र के अनुसार अपने खिलाड़ियों के बीच वितरित करेंगे।'