Asia Cup: जब मैदान पर भिड़ गए थे गंभीर-अकमल, एशिया कप में मशहूर हैं ये विवाद; कब-कब हुई खिलाड़ियों में भिड़ंत?
क्रिकेट से इतर एशिया कप में कई बार खिलाड़ी आपस में भिड़ चुके हैं जिसमें गौतम गंभीर और पाकिस्तान के कामरान अकमल के बीच हुई भिड़ंत काफी मशहूर है। आइए जानते हैं एशिया कप में हुए ऐसे चार विवाद जिन्होंने काफी सुर्खियां बटोरी...
विस्तार
एशिया कप के लिए भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में शामिल किया गया है। ग्रुप ए में ओमान, संयुक्त अरब अमीरात, भारत और पाकिस्तान हैं, जबकि ग्रुप बी में अफगानिस्तान, हॉन्ग कॉन्ग, बांग्लादेश और श्रीलंका की टीमें मौजूद हैं। भारतीय टीम 1984, 1988, 1990/91, 1995, 2010, 2016, 2018 और 2023 में एशिया कप का खिताब जीत चुकी है। भारत सर्वाधिक बार इस टूर्नामेंट को जीतने वाली टीम है।
क्रिकेट से इतर इस टूर्नामेंट में कई बार खिलाड़ी आपस में भिड़ चुके हैं जिसमें गौतम गंभीर और पाकिस्तान के कामरान अकमल के बीच हुई भिड़ंत काफी मशहूर है। आइए जानते हैं एशिया कप में हुए ऐसे चार विवाद जिन्होंने काफी सुर्खियां बटोरी...
एशिया कप 2010 में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थीं। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 267 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 49वें ओवर तक जूझती रही, लेकिन मामला तब गरमा गया जब शोएब अख्तर की गेंद पर हरभजन सिंह ने छक्का जड़ा। इससे अख्तर तमतमा गए और दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी। हालांकि, अंपायरों ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। उस मैच में हरभजन ने विजयी छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई थी।
एशिया कप 2010 में ही भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान भारतीय टीम के तत्कालीन सलामी बल्लेबाज और मौजूदा मुख्य कोच गौतम गंभीर और पाकिस्तान के विकेटकीपर कामरान अकमल की बहस हो गई थी। यह बहस इतनी तीखी थी कि दोनों खिलाड़ी एक दूसरे के आमने-सामने आ गए थे। दरअसल दूसरी पारी के दौरान जब भारत लक्ष्य का पीछा कर रहा था, तब शाहिद अफरीदी की गेंद पर कामरान अकमल ने कैच की जोरदार अपील की, लेकिन अंपायर बिली बॉडेन ने नॉटआउट दे दिया। इसके बाद सईद अजमल की गेंद पर भी कैच की अपील की गई और गंभीर इस पर नाराज हो गए। ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान गौतम गंभीर और अकमल आमने-सामने आ गए और बहस काफी तीखी हो गई, ऐसा लगा कि मार-पीट भी हो सकती है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। महेंद्र सिंह धोनी और अंपायर ने दोनों को अलग किया। गंभीर ने इस मैच में 83 रन बनाए और भारत ने तीन विकेट से जीत दर्ज की।
Asia Cup 2010 #INDvPAK Match At Dambulla was lit
— 🥳🥳🥳🥳🥳 (@MayankAnand014) September 18, 2018
India Chased Down 267 Batting Second on a Tuff Wicket against a Superb Bowling attack@GautamGambhir 83 (97)@msdhoni 56 (71)
& @harbhajan_singh with Second Last Ball Six to seal it
Bhajji Vs Akhtar 😂👌
Gambhir Vs Akmal 🔥 pic.twitter.com/Jw9leBBycP
एशिया कप में सिर्फ भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों में ही विवाद नहीं हुए हैं, बल्कि अन्य टीमें भी इससे अछूती नहीं है। 2022 में सुपर चार मैच के दौरान अफगानिस्तान और पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे के खिलाफ खेल रही थी। 19वें ओवर में फरीद अहमद ने आसिफ अली को आउट किया। विकेट गिरते ही दोनों खिलाड़ियों में धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। आसिफ अली ने तो गुस्से में बल्ला उठाकर वार करने का इशारा तक कर दिया। बाद में आईसीसी ने दोनों खिलाड़ियों को दोषी मानते हुए उन पर मैच फीस का 25% ज़ुर्माना लगाया। इस मैच का अंत भी बहुत मजेदार रहा था। नसीम शाह ने आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के मारकर पाकिस्तान को एक विकेट से जीत दिलाई। विवाद यहां भी खत्म नहीं हुआ और मैदान में खिलाड़ियों की लड़ाई फैंस तक जा पहुंची। दोनों टीमों के फैंस के बीच मार-पीट की बात सामने आई और कुछ तोड़-फोड़ की घटना के बारे में भी सुना गया था।
बांग्लादेश के खिलाड़ी अक्सर भावनाओं में बह जाते हैं और खेल भावना से विपरीत हरकतें करने के लिए मशहूर हैं। ऐसा ही कुछ एशिया कप में भी देखा गया। दरअसल, 2018 निदास ट्रॉफी में बांग्लादेश ने श्रीलंका को हराने के बाद नागिन डांस कर जश्न मनाया था। श्रीलंकाई खिलाड़ियों को बांग्लादेश के खिलाड़ियों का यह रवैया बिल्कुल पसंद नहीं आया था और उन्होंने चार साल बाद इसका बदला लिया। एशिया कप 2022 में दुबई में श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराया। जीत के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ी चमिका करुणारत्ने ने नागिन डांस करके उसी अंदाज में बांग्लादेश पर तंज कसा था।