{"_id":"1ed233c6-9ab4-11e2-b06d-d4ae52bc57c2","slug":"they-have-returned","type":"story","status":"publish","title_hn":"वे लौट आए हैं","category":{"title":"Opinion","title_hn":"नज़रिया ","slug":"opinion"}}
वे लौट आए हैं
सहीराम
Updated Mon, 01 Apr 2013 03:38 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब जब एक-एक कर सब सरकार को छोड़कर जा रहे हैं और जो बचे हैं, वे भी जाने की धमकी दे रहे हैं, तब वे लौट आए हैं। जी नहीं, ममता बनर्जी नहीं लौटी हैं। हालांकि बताते हैं कि द्रमुक के जाने के बाद उन्होंने लौटने के संकेत दिए हैं। वामपंथियों के डर से वह लौट सकती हैं।
विज्ञापन
इधर कहते हैं कि सीबीआई वाले स्टालिन जी के यहां भी गए उन्हें लौटा लाने के लिए कि वैसे नहीं, तो शायद डरकर ही लौट आएं। बाद में हालांकि प्रधानमंत्री ने कहा कि यकीन करो हमारा, हमने नहीं भेजा सीबीआई को। वह खुद ही चली गई। इसके बाद तो अब लोगों को यकीन कर लेना चाहिए कि सीबीआई स्वायत्त है।
विज्ञापन
खैर जी, कोई लौटे न लौटे, वे लौट आए हैं। जी नहीं, भोपाल कांड करनेवाले वारेन एंडरसन नहीं लौटे हैं। विमान से हथियार गिरानेवाले किम डेवी भी नहीं लौटे हैं। जैसे गया वक्त नहीं लौटता, जैसे विदेश गया काला धन नहीं लौटता, वे भी नहीं लौटे हैं। पर जी, इटली वाले लौट आए हैं।
विज्ञापन
जी नहीं, यह गलतफहमी मत रखिए कि क्वात्रोची लौट आए हैं। ये तो वे दो नौसैनिक लौटे हैं, जिनके न लौटने से सरकार परेशान थी। उनके अपने देश लौटते ही इटली ने पूरी दबंगई से इंडिया से कहा था कि अब वे तुम्हारे यहां कभी नहीं लौटेंगे। हालांकि वे लौटने का वायदा करके गए थे। पर उन्हें लगा होगा कि वायदा तो इंडिया में नेता लोग ही पूरा नहीं करते, तो हम ही क्यों वायदा निभाएं!
पर जी, हमारा सुप्रीम कोर्ट कोई जनता नहीं है कि वायदा पूरा नहीं हुआ, तो चलो माफ कर दिया। उसने साफ-साफ कहा कि नौसैनिकों को लौटना ही होगा, वरना राजदूत जी नहीं लौट पाएंगे।
नाराजगी तो कायदे से भाजपा वालों को दिखानी चाहिए थी, पर उसके बजाय वे चुहल ही करते रहे-अरे भाई, इटली मायका है सोनिया जी का। क्वात्रोची लौटे क्या, जो ये लौटेंगे वगैरह-वगैरह। पर जी, बताते हैं कि सोनिया जी बहुत नाराज हुईं। उन्होंने इटली वालों को धमका दिया। जैसे कह रही हों कि देखो, अब यह मेरा देश है। तुम्हारी मनमानी नहीं चलेगी। विपक्ष वालों ने ऐसी उमीद नहीं की थी।
खैर जी, बताते हैं कि असली मसला यह आया कि अगर इन दो नौसैनिकों को वापस नहीं किया, तो हथियारों के सौदे अटक जाएंगे। अब बाप बड़ा न भैया, सबसे बड़ा रुपैया। सो खुद वहां के विदेश उपमंत्री दोनों नौसैनिकों को लेकर आए और बोले-लो जी आपके मुजरिम, हमने लौटा दिए।