{"_id":"68e1af3186aa1344dc0b2183","slug":"special-people-making-bengaluru-beautiful-they-become-institutions-their-human-qualities-are-true-soul-of-city-2025-10-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"बंगलूरू को संवारने वाले विशेष लोग: मानवीय विशेषताओं के कारण खुद एक संस्था बन गए, शहर की असली आत्मा हैं ये लोग","category":{"title":"Opinion","title_hn":"विचार","slug":"opinion"}}
बंगलूरू को संवारने वाले विशेष लोग: मानवीय विशेषताओं के कारण खुद एक संस्था बन गए, शहर की असली आत्मा हैं ये लोग
विज्ञापन
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
सार
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
सब्सक्राइब करें
बंगलूरू (फाइल)
- फोटो :
एएनआई
विस्तार
वंशानुगत दृष्टि से देखा जाए तो मैं बंगलूरू में रहने वाली चौथी पीढ़ी का निवासी हूं। मेरे पितामह के पितामह 19वीं सदी में तंजावुर जिले के एक गांव से यहां वकालत करने आए थे। उनके बच्चे यहीं बड़े हुए, पढ़ाई-लिखाई भी की, जिनमें मेरे पिता भी थे। उन्होंने सेंट जोसेफ कॉलेज और बाद में भारतीय विज्ञान संस्थान में पढ़ाई की। मेरी मां की ओर से बंगलूरू से रिश्ता 1962 का है, जब उनके माता-पिता सेवानिवृत्ति के बाद यहां आ बसे थे। उस समय शहर को ‘नॉन-फैन स्टेशन’ और ‘पेंशनर्स पैराडाइज’ कहा जाता था और उन्होंने इसे इसी दृष्टि से स्वीकार किया।
इस तरह मेरे परिवार का बंगलूरू से संबंध 150 साल पुराना है। हालांकि मैं देहरादून में बड़ा हुआ, लेकिन गर्मियों की छुट्टियों में अपने दादा-दादी, चाचा-चाची और चचेरे भाई-बहनों से मिलने दक्षिण भारत आता था। मेरी पत्नी तमिल मूल की हैं और उनका बचपन बंगलूरू में ही बीता, मगर हमने स्थायी रूप से यहां बसने का फैसला 1995 में किया। अब मैं दावा कर सकता हूं कि पिछले 30 वर्षों में मैंने बंगलूरू में अनेक बदलाव होते देखे हैं, जिनमें बंगलौर का नाम बदलकर बंगलूरू करना सबसे छोटा बदलाव है। दूसरी ओर, कुछ चीजें जस की तस बनी हुई हैं, जैसे कि यहां की जलवायु, लालबाग, कब्बन पार्क की शोभा और किताबों की दुकानों की विविधता एवं गुणवत्ता। साथ ही इस शहर के ज्यादातर बाशिंदों का खुला और गैर-क्षेत्रीय रवैया भी अब तक कायम है।
इन तीन दशकों के जश्न के तौर पर मैंने सोचा कि इस कॉलम में बंगलूरू के तीन असाधारण निवासियों का जिक्र करूं। पहले हैं बिरेन दास। वह कोलकाता (तब कलकत्ता) के मशहूर मिठाई बनाने वाले परिवार से थे। 1970 के दशक की शुरुआत में उनके पिता, जो ‘केसी दास एंड कंपनी’ चलाते थे, ने सोचा कि पश्चिम बंगाल सरकार की दूध आपूर्ति पर सख्त पाबंदियों को देखते हुए राज्य के बाहर एक शाखा खोलना उचित होगा। तब बीस की उम्र पार कर रहे बिरेन को बंगलूरू भेजा गया। उन्होंने चर्च स्ट्रीट और सेंट मार्क्स रोड के कोने पर ‘केसी दास’ की शाखा खोली, जो आज भी प्रमुख दुकान है। अब शहर में दर्जन भर से ज्यादा शाखाएं हैं।
जब मैं 1995 में बंगलूरू आया, तब तक बिरेन यहां दो दशक बिता चुके थे। मैं उन्हें कभी-कभी कब्बन पार्क में तेज चलते हुए देखता। सफेद धोती-कुर्ता में वह बहुत ही सुंदर लगते थे। घने सफेद बाल उनकी पहचान थे। बंगाली वैज्ञानिकों की बदौलत मेरी उनसे पहचान हुई। उन्होंने मुझे कई बार अपने घर पर संगीत के उन कार्यक्रमों में बुलाया, जिनमें वेंकटेश कुमार जैसे गायक गाते थे। धीरे-धीरे वह मेरे लिए भी ‘बिरेन दा’ बन गए। पार्क, संगीत सभाओं या उनके चर्च स्ट्रीट वाले घर, जहां वह अपनी बिल्लियों के साथ रहते थे, में उनसे बातें होती थीं। उनकी नम्रता, उदारता और आत्मीयता ने मुझे बहुत प्रभावित किया। वह मुझे कभी दुर्लभ शोध सामग्री देते तो कभी पूजा भोज और संगीत बैठकों के लिए बुलाते।
जब बिरेन दास 1972 में बंगलूरू आए, तब तक चिरंजीव सिंह यहां कई साल बिता चुके थे। पंजाब से आए इस सिख ने कर्नाटक कैडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा जॉइन की थी। उनकी शुरुआती नियुक्ति मुख्यमंत्री देवराज उर्स के कार्यालय में हुई। वहां यह पगड़ीधारी अफसर गोवा के कैथोलिक क्रिस्टोफर लिन को रिपोर्ट करते थे और मालाबार के थिया पी.के. श्रीनिवासन के साथ काम करते थे। यही था उस समय का मैसूर (राज्य का पुराना नाम) और चाहता हूं कि कर्नाटक की आत्मा हमेशा ऐसी ही बनी रहे।
आगे चलकर चिरंजीव सिंह पूरे कर्नाटक में अपनी अद्वितीय बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के लिए मशहूर हुए। वह जहां भी गए, सबका दिल जीता और साथ ही कन्नड़ भाषा के विद्वान बन गए। उनकी कन्नड़ विद्वता उतनी ही गहरी है, जितनी उनकी जर्मन और फ्रेंच की दक्षता तथा बांग्ला पढ़ने की क्षमता। साथ ही वह अपनी मातृभाषा पंजाबी में कविता प्रकाशित करते रहे। वह शास्त्रीय संगीत और कलाओं के पारखी हैं और यूनेस्को में भारत के एक कुशल राजदूत भी रहे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अलायंस फ्रांसेज का सफल संचालन किया, पंजाबी में कविताएं लिखीं और कन्नड़ में अखबार के लिए कॉलम भी शुरू किया।
शायद वह कर्नाटक के सबसे प्रिय नौकरशाह हैं, जो मूल रूप से इस राज्य से नहीं हैं। उनके कॅरिअर का एक प्रसंग उल्लेखनीय है। जून 1984 में इंदिरा गांधी सरकार द्वारा स्वर्ण मंदिर पर हमले के बाद उन्होंने बंगलूरू के सिखों के साथ राज्यपाल से मिलकर विरोध दर्ज कराया। दिल्ली के नेताओं और अफसरों ने इसे नापसंद किया और तत्कालीन मुख्यमंत्री रामकृष्ण हेगड़े को चिट्ठी लिखकर उन्हें बर्खास्त या दंडित करने की मांग की। मगर हेगड़े का जवाब था कि एक सरकारी अफसर भी नागरिक होता है और उसे संविधान प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता हासिल है। फिर यह अफसर इतना सम्मानित है कि मुख्यमंत्री उसे अपनी सरकार और राज्य का रत्न मानते हैं, इसलिए उन्हें न तो दंडित किया जाएगा और न ही निकाला जाएगा, बल्कि सम्मानित किया जाएगा।
तीसरी हस्ती हैं अरुंधति नाग। वह दिल्ली में पली-बढ़ीं, लेकिन उनकी मातृभाषा मराठी है। युवावस्था में उन्हें रंगमंच से गहरा लगाव हो गया। उसी दौरान उनकी मुलाकात शंकर नाग से हुई और 1980 में दोनों का विवाह हुआ। वे बंगलूरू आ गए और रंगमंच तथा सिनेमा में सक्रिय हुए। दोनों का कॅरिअर खूब फला-फूला, लेकिन दुखद रूप से एक दशक बाद शंकर नाग सड़क दुर्घटना में चल बसे। अरुंधति नाग ने अपने दुख को ऊर्जा में बदलते हुए शंकर नाग की स्मृति और धरोहर को जीवित रखने का बीड़ा उठाया। दस वर्षों की मेहनत- धन जुटाने, जमीन तलाशने और डिजाइन बनाने- के बाद 2004 में ‘रंग शंकरा’ ने अपने द्वार खोले। बीते दो दशकों में यहां सैकड़ों नाटक हुए हैं, देश की तमाम भाषाओं में और मशहूर तथा नए कलाकारों के साथ। शहर के सांस्कृतिक जीवन में इसका योगदान अद्वितीय है।
‘रंग शंकरा’ के साथ-साथ अरुंधति नाग ने अभिनय भी जारी रखा- हिंदी, कन्नड़, अंग्रेजी, मराठी, गुजराती और उर्दू, सभी भाषाओं में। उनमें असाधारण प्रतिभा है और व्यक्तिगत स्तर पर एक दुर्लभ आत्मीयता, उदारता तथा विनम्रता। हाल ही में उनका मेरे साथ संवाद हुआ। जब मैं निको स्लेट द्वारा लिखी कमला देवी चट्टोपाध्याय की जीवनी पढ़ रहा था तो मुझे कमला देवी का यह कथन मिला- “फिल्म अभिनय ने मुझे आकर्षित नहीं किया, जबकि रंगमंच ने मुझे गहरे जुनून से भर दिया। स्टूडियो में अभिनय करना मुझे ऐसा लगता था, जैसे किसी शून्य में प्रदर्शन करना, जिसमें संवेदनशील दर्शकों की आत्मीय उपस्थिति नहीं होती।” मैंने यह उद्धरण अरुंधति को भेजा। उन्होंने उत्तर दिया- “यह मेरे रंगमंच में बिताए पचास वर्षों की उस आस्था से मेल खाता है, जिसमें मुझे कभी एक क्षण के लिए भी संदेह नहीं हुआ।” इसके साथ उन्होंने यह भी कहा- “काश मैं कमला देवी की शिष्या रही होती!”
जब शेष भारत बंगलूरू की प्रशंसा करता है तो वह प्रायः आईटी या बीटी उद्योगपतियों या क्रिकेटरों का नाम लेता है। लेकिन मेरे लिए इस शहर की असली आत्मा वे लोग हैं, जिन्हें मैंने यहां प्रस्तुत किया- बिरेन दास एवं अरुंधति नाग, जिन्होंने संस्थाएं खड़ी कीं और सामाजिक जीवन को समृद्ध किया। चिरंजीव सिंह ने इतने क्षेत्रों में योगदान किया कि वह स्वयं एक संस्था बन गए। मेरे लिए ये सभी मित्र भी हैं और प्रतीक भी, जो इस शहर और हमारे देश की श्रेष्ठतम मानवीय विशेषताओं का प्रतिनिधित्व करते हैं।