{"_id":"025bb9bf946f75776275f00eed579f04","slug":"parker-of-five-hundred-poetry-hindi-rk","type":"story","status":"publish","title_hn":"पांच सौ की पार्कर","category":{"title":"Opinion","title_hn":"नज़रिया ","slug":"opinion"}}
पांच सौ की पार्कर
अभिनव अरुण
Updated Sat, 14 Mar 2015 09:19 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
छोडो भी ये पांच सौ की पार्कर देना
इस कलम से क्या लिखूं
दफ्तर की फाइलें
या घर का हिसाब
क्योंकि अब नहीं लिखनी मुझे
कविताओं की किताब
देना ही हो, तो मुझे मेरे जन्मदिन
पर दिया करो
ये वरदान कि मैं अगले जन्म में कवि न बनूं
मुझे छंद लय मात्रा का न हो ज्ञान
मैं भी साहब बन, कर सकूं देश की सेवा
जैसे आज बहुतेरे कर रहे हैं
एक कवि के सिवाय।
------------------
डायरी
मैं क्या करूंगा एक और डायरी
पहले से ही कई पड़ी हैं कोरी
अलमारी में डायरी रखूं या गृहस्थी का सामान
जब देना था, तब तो तुमने नहीं दी
अब डायरी नहीं लिखता और न ही
लिखता हूं कविताएं
जिन्हें पढूं पढाऊं, सहेजकर रखूं
प्रकाशित हो इतराऊं
अब मैं डरता हूं डायरी से , शायरी से।
------------------
प्रेम
कविता में प्रेम नहीं होता
प्रेम में होती हैं कविताएं
जून के हिस्से में होती है जुलाई
दिसंबर को मिलता है जनवरी का साथ
और अगस्त बेचारा रह जाता है अकेला
सावन में भीगा
सबसे ऊंची पहाड़ी पर
लिए हाथ में बादलों में लिपटे
हुए सूरज का तोहफा
जिसे लेने अगले सावन तक भी
शायद कोई नहीं आएगा
और इस तरह अगस्त बन जाएगा
प्रतीक्षारत कवि
पथराई आंखों वाला
जिसका न कोई संग्रह आएगा
और न जिसकी कविताओं की आप करेंगे चर्चा अगली 14 फरवरी तक।