Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   no magic in this equal relationship with authors tech-driven transparency, direct communication with readers

इसमें कहीं कोई चमत्कार नहीं: लेखकों के साथ बराबरी का रिश्ता, तकनीक-आधारित पारदर्शिता और पाठक से सीधा संवाद बने

Sun, 05 Oct 2025 05:18 AM IST
ज्योति भास्कर शैलेश भारतवासी, प्रकाशक, हिंदी युग्म
शैलेश भारतवासी, प्रकाशक, हिंदी युग्म Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 05 Oct 2025 05:18 AM IST
विज्ञापन
सार
पेशेवर संरचना, लेखकों के साथ बराबरी का रिश्ता, तकनीक-आधारित पारदर्शिता और पाठक से सीधा संवाद बने, तो हिंदी लेखक भी उसी तरह आर्थिक रूप से सशक्त हो सकते हैं, जैसे अंग्रेजी या दुनिया की तमाम बड़ी भाषाओं के लेखक होते हैं।
loader
no magic in this equal relationship with authors tech-driven transparency, direct communication with readers
हिंदी लेखक भी उसी तरह आर्थिक रूप से सशक्त हो सकते हैं... - फोटो : अमर उजाला प्रिंट / एजेंसी / इंस्टाग्राम

विस्तार

20 सितंबर 2025 को रायपुर में आयोजित चौथे हिंद युग्म उत्सव में जब हिंदी के वरिष्ठ साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल को 30 लाख रुपये का रॉयल्टी चेक सौंपा गया तो यह घटना इसलिए असाधारण बन गई कि हिंदी के साहित्यिक परिदृश्य में लंबे समय से यह धारणा बनी रही कि हिंदी किताबें बिकती नहीं हैं और लेखक अपनी मेहनत का उचित आर्थिक प्रतिफल नहीं पाते। इस घटना के तुरंत बाद साहित्यिक जगत में चर्चा तेज हो गई। बहुतों ने इसे स्वागत योग्य बताया, लेकिन संदेह भी जताए गए। कुछ लोगों ने कहा— ‘क्या वाकई हिंदी किताबों की बिक्री इतनी अधिक हो सकती है?’ कुछ ने इसे प्रचार का हथकंडा करार दिया। और कुछ ने मान लिया कि यह किसी तरह का पुरस्कार या सम्मान मात्र है। लेकिन यह समझना जरूरी है कि यह पूरी तरह पारदर्शी और बिक्री-आधारित रॉयल्टी थी, जो सीधे पाठकों की पसंद और खरीद से जुड़ी हुई थी। संदेह की किसी भी संभावना को खत्म करने के लिए हिंद युग्म ने 17 सितंबर, 2025 को ही रॉयल्टी की यह रकम विनोद कुमार शुक्ल के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी थी। इसी कार्यक्रम में हिंद युग्म ने विनोद कुमार शुक्ल की हिंद युग्म से प्रकाशित चार किताबों की 1 अप्रैल, 2025 से लेकर 20 सितंबर, 2025 तक की बिक्री का आंकड़ा भी साझा किया, जोकि 92,000 से अधिक प्रतियों का था। अकेले ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ की 86,000 से अधिक प्रतियां बिकी थीं।



हिंदी प्रकाशन की दुनिया में प्रायः लेखकों को न तो समय पर सही बिक्री आंकड़े मिलते हैं और न ही रॉयल्टी का नियमित भुगतान। इस पृष्ठभूमि में यह परिघटना संदेश देती है कि अगर पारदर्शिता हो और पाठक से सीधा रिश्ता बने, तो हिंदी लेखक भी उसी तरह आर्थिक रूप से सशक्त हो सकते हैं, जैसे अंग्रेजी या दुनिया की तमाम बड़ी भाषाओं के लेखक होते हैं।


विनोद कुमार शुक्ल हिंदी के सबसे सम्मानित कथाकारों और कवियों में गिने जाते हैं। लेकिन उनकी किताबों की बिक्री को लेकर हमेशा यह माना जाता रहा कि यह सीमित है। अचानक ऐसा क्या हुआ कि उनकी रॉयल्टी लाखों में जा पहुंची।

लेकिन याद रहे...इसी प्रकाशन से मानव कौल, दिव्य प्रकाश दुबे और नीलोत्पल मृणाल को वर्षों से 20-20 लाख रुपये रॉयल्टी की राशि प्रतिवर्ष मिली है। इस बढ़ती बिक्री के पीछे 20–40 वर्ष की आयु का नया पाठक वर्ग है। गांव-देहात से लेकर महानगरों तक फैला यह वर्ग सोशल मीडिया, ऑनलाइन बुकस्टोर और साहित्यिक आयोजनों से जुड़ा है। यह वही वर्ग है, जिसने पिछले दशक में ‘नई वाली हिंदी’ के लेखकों को व्यापक पाठक दिया। और अब वही पाठक और पढ़ने की चाह में विनोद कुमार शुक्ल जैसे वरिष्ठ लेखकों की किताबें पढ़ना शुरू कर चुका है। ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ तो नए पाठकों के बीच लगभग ‘कल्ट नॉवेल’ का दर्जा पा चुकी है।

हिंदी किताबों की लोकप्रियता में यह संक्रमण बेहद महत्वपूर्ण है। हिंदी समाज के पास करोड़ों संभावित पाठक हैं, लेकिन पिछले कई दशकों से हिंदी के लिए काम कर रही संस्थाओं द्वारा उन्हें कभी हिंदी किताबों का स्थायी पाठक बनाने की दिशा में प्रयास नहीं किए गए। नई वाली हिंदी के लेखकों की कहानियां, भाषा और जीवन-अनुभव नए पाठकों को आकर्षित करते रहे। इसी से एक बड़ा पाठक समुदाय खड़ा हुआ। यह साबित करता है कि साहित्यिक मूल्य और लोकप्रियता एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। अगर सही ढंग से प्रस्तुति और वितरण हो, तो गहरी संवेदना वाले लेखक भी लाखों पाठकों तक पहुंच सकते हैं। हिंदी प्रकाशक भी पारदर्शिता और पेशेवर ईमानदारी से काम करें, तो परिदृश्य बदल सकता है। 

हम तो इस पर काम कर रहे हैं कि आने वाले समय में तकनीक की मदद से प्रत्येक लेखक को उसकी किताबों की बिक्री का रियल-टाइम डाटा उपलब्ध कराया जाए। एक विशेष पोर्टल पर लेखक अपनी हर किताब की तारीखवार, माध्यमवार और खरीदारवार बिक्री देख सकेगा। 30 लाख की रॉयल्टी महज एक आंकड़ा नहीं है। यह हिंदी के भविष्य का संकेत है। यह बताता है कि अगर किताब पाठकों की संवेदना को छूती है, तो उसका आर्थिक मूल्य भी समाज में स्वीकार्य है। हिंदी लेखन अब ‘भुखमरी’ का पर्याय नहीं रह गया। सही रणनीति, ईमानदारी और नए पाठक तक पहुंच बनाने की क्षमता हिंदी साहित्य को वैश्विक मंच पर खड़ा कर सकती है। पेशेवर संरचना, लेखकों के साथ बराबरी का रिश्ता और तकनीक-आधारित पारदर्शिता ही इसे आगे ले जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed