{"_id":"6b0b662f8437cc124b0e8c82","slug":"indian-cricket-s-first-superstar-ck-naidu-wrote-a-new-chapter-with-bat-played-a-memorable-innings-in-mumbai-2026-11-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"भारतीय क्रिकेट के पहले सुपरस्टार: सीके नायडू ने बल्ले से लिखी नई इबारत, मुंबई में खेली थी यादगार पारी","category":{"title":"Opinion","title_hn":"विचार","slug":"opinion"}}
भारतीय क्रिकेट के पहले सुपरस्टार: सीके नायडू ने बल्ले से लिखी नई इबारत, मुंबई में खेली थी यादगार पारी
विज्ञापन
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
सार
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
सब्सक्राइब करें
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो :
Freepik
विस्तार
भारतीय क्रिकेट आज दुनिया में एक बड़ी ताकत बन चुका है। देश में क्रिकेटरों को जिस तरह का सम्मान, लोकप्रियता और आर्थिक सफलता मिलती है, उसकी कल्पना एक सदी पहले करना भी मुश्किल था। लेकिन भारतीय क्रिकेट को लोकप्रियता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने की नींव रखने वाले कुछ ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने अपने खेल से देशवासियों के मन में गर्व और आत्मविश्वास पैदा किया। इनमें सीके नायडू का नाम सबसे प्रमुख है। उनकी एक ऐतिहासिक पारी ने न केवल अंग्रेज क्रिकेटरों को भारतीय प्रतिभा का अहसास कराया, बल्कि उन्हें आम भारतीयों का नायक भी बना दिया।वर्ष 1976 में ऑस्ट्रेलियाई लेखक एडवर्ड डॉकर की पुस्तक ‘हिस्ट्री ऑफ इंडियन क्रिकेट’ प्रकाशित हुई थी। इस पुस्तक की शुरुआत सीके नायडू की उस यादगार पारी से होती है, जो उन्होंने 1 दिसंबर, 1926 को मुंबई के बॉम्बे जिमखाना मैदान पर दौरे पर आई मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) की टीम के खिलाफ खेली थी। अंग्रेजी टीम में कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल थे। इससे एक दिन पहले मेहमान टीम ने अपनी पहली पारी में 361 रन बनाए थे। जीएफ अर्ल ने 130 रन की आक्रामक पारी खेली थी, जिसमें आठ छक्के शामिल थे। जवाब में उतरी हिंदुओं की प्रतिनिधि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। महज 84 रन पर उसके तीन विकेट गिर चुके थे। ऐसे मुश्किल समय में सीके नायडू मैदान पर उतरे और उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 153 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 11 छक्के शामिल थे। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता के साथ बेहतरीन नियंत्रण भी था। हालांकि हिंदुओं की टीम पहली पारी में आठ रन से पिछड़ गई, लेकिन नायडू की इस पारी ने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया।
उस समय उनके लगाए 11 छक्के विश्व रिकॉर्ड थे। खास बात यह थी कि ये छक्के किसी कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों के सामने लगाए गए थे। जिस मैदान पर यह मुकाबला हुआ था, उसकी बाउंड्री भी लगभग 70 से 80 मीटर दूर थी। आज के टी-20 क्रिकेट की तरह छोटी बाउंड्री का फायदा नायडू को हासिल नहीं था।
एडवर्ड डॉकर ने अपनी पुस्तक में इस पारी के बाद पैदा हुए माहौल का जीवंत वर्णन किया है। उनके अनुसार, मैच समाप्त होने के बाद पवेलियन के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी। हर कोई अपने नायक की एक झलक पाना चाहता था। नायडू ने अपनी बल्लेबाजी से लोगों के भीतर गौरव और आत्मसम्मान की ऐसी भावना पैदा कर दी थी, जो उस दौर में भारतीयों के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी।
अब इस ऐतिहासिक पारी के 100 साल पूरे होने जा रहे हैं। इसकी शताब्दी के अवसर पर 1 दिसंबर, 2026 को क्रिकेट लेखक गुलू एजेकियल की पुस्तक ‘नायडूज नॉक : द इनक्रेडिबल इनिंग्स दैट शेप्ड इंडियन क्रिकेट’ प्रकाशित होने जा रही है। इसमें नायडू की ऐतिहासिक पारी से जुड़ी कई दुर्लभ तस्वीरें और मूल स्कोरकार्ड का चित्र भी शामिल है। लेखक ने उस मुकाबले से जुड़े कई दिलचस्प प्रसंगों को भी सामने रखा है। इनमें एक घटना यह है कि जब नायडू 33 रन पर खेल रहे थे, तब इवार्ट एस्टिल ने कैच एंड बोल्ड का आसान मौका गंवा दिया था। गुलू एजेकियल अपनी पुस्तक की भूमिका में लिखते हैं कि आज भारतीय क्रिकेट का पूरी दुनिया में दबदबा है, लेकिन सौ साल पहले स्थिति बिल्कुल अलग थी। एक व्यक्ति और उसकी एक पारी ने भारतीय क्रिकेट को उस रास्ते पर आगे बढ़ाया, जहां वह आज खड़ा है। उनकी पुस्तक इसी महान खिलाड़ी और उसकी रोमांचकारी पारी को श्रद्धांजलि है।
हालांकि, भारतीय क्रिकेट के शुरुआती इतिहास में नायडू से पहले भी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हुए थे। इनमें पालवंकर बालू का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है। आम तौर पर रणजीत सिंह को भारत का पहला महान क्रिकेटर माना जाता है, लेकिन रणजीत सिंह ने अपना अधिकांश क्रिकेट कॅरिअर इंग्लैंड में बिताया और अंग्रेजी टीमों की ओर से खेला। दूसरी ओर, पालवंकर बालू ने भारतीय क्रिकेट को अपनी प्रतिभा से नई पहचान दिलाई। बाएं हाथ के इस धीमी गति के गेंदबाज ने 1911 में भारतीय टीम के पहले इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया था।
बालू का जीवन संघर्षों से भरा था। उनका जन्म दलित परिवार में हुआ था और उन्हें अपनी प्रतिभा के बावजूद सामाजिक भेदभाव का सामना करना पड़ा। सीके नायडू बालू से लगभग 20 वर्ष छोटे थे और उनके साथ क्रिकेट भी खेल चुके थे। वे बालू की प्रतिभा और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को स्वीकार करते थे।
लेकिन नायडू की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि वे पहले ऐसे भारतीय क्रिकेटर बने, जिन्हें आम जनता ने अपना नायक माना। भले ही नायडू के राजनीतिक विचार स्पष्ट नहीं थे, लेकिन वे अनायास ही देशभक्त भारतीयों के प्रतीक बन गए।
नायडू का आकर्षण मुंबई तक सीमित नहीं था। वर्ष 1933-34 में डगलस जार्डिन की कप्तानी में एमसीसी की टीम भारत दौरे पर आई। उस समय भारतीय टीम के कप्तान नायडू थे। उन्होंने तीन टेस्ट मैचों के अलावा मेहमान टीम के खिलाफ कई अन्य मुकाबले भी खेले। बनारस, दिल्ली, नागपुर और सिकंदराबाद जैसे शहरों में आयोजक उन्हें अपनी टीम में शामिल करना चाहते थे, क्योंकि उनकी मौजूदगी से मैदान पर दर्शकों की भारी भीड़ जुटती थी। नायडू की इस लोकप्रियता से जार्डिन प्रभावित भी थे और परेशान भी। उन्होंने तंज कसते हुए इसे ‘सीके नायडू का घूमता-फिरता सर्कस’ कहा था।
नायडू का प्रभाव क्रिकेट के मैदान से बाहर भी दिखाई देता था। नवंबर 1937 में मुंबई में एक अंग्रेजी टीम के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट के लिए भारतीय टीम चुनी गई, लेकिन नायडू को उसमें जगह नहीं मिली। इसके अगले महीने आयोजित एक प्रदर्शनी मैच में उन्होंने शानदार शतक लगाकर अपनी प्रतिभा साबित कर दी। एक अखबार ने उनकी तारीफ करते हुए लिखा कि 42 वर्ष की उम्र में भी वे भारत के सर्वश्रेष्ठ युवा क्रिकेटरों से बेहतर हैं। प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक वी. शांताराम की फिल्म 'दुनिया न माने' के प्रचार में भी नायडू का उल्लेख किया गया था। फिल्म की नायिका की तुलना उनसे करते हुए कहा गया कि दोनों के साथ अन्याय हुआ, लेकिन उन्होंने अपनी योग्यता साबित की।
नायडू की बल्लेबाजी की ताकत का वर्णन उनके समकालीन खिलाड़ियों ने भी किया है। वे हाफ वॉली पर शानदार ड्राइव लगाते और अगले ही पल गेंद को फाइन लेग की सीमा के पार पहुंचा देते थे। सीके नायडू को अक्सर भारतीय क्रिकेट में वह स्थान नहीं दिया जाता, जिसके वे वास्तव में हकदार हैं। सुनील गावस्कर, कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे महान खिलाड़ियों ने जिस लोकप्रियता और सम्मान को हासिल किया, उसकी राह तैयार करने वालों में नायडू सबसे आगे थे। उन्हें आज के खिलाड़ियों जैसी आर्थिक सफलता और सुविधाएं भले ही नहीं मिलीं, लेकिन उन्होंने भारतीय क्रिकेट को जनमानस से जोड़ने का काम किया। उनकी 153 रन की ऐतिहासिक पारी केवल एक शतक नहीं थी, बल्कि भारतीय क्रिकेट के आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव की शुरुआत का एक यादगार प्रतीक थी।