Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   AI and the weak link case involving Nvidia CEO beyond personal relationships questions is about accountability

एआई और कमजोर कड़ी: एनवीडिया के सीईओ का मामला निजी संबंधों तक सीमित नहीं, जवाबदेही से जुड़े कई सवाल खड़े हुए

Tue, 10 Nov 2026 03:31 AM IST
ज्योति भास्कर अमर उजाला, नई दिल्ली।
अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 10 Nov 2026 03:31 AM IST
विज्ञापन
सार
वैश्विक एआई उद्योग की धुरी मानी जाने वाली एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग का नाम कथित चीनी जासूसी से जुड़ने का मामला केवल एक उद्योगपति के व्यक्तिगत संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने कंपनियों की सुरक्षा, राष्ट्रीय हितों और शीर्ष नेतृत्व की जवाबदेही से जुड़े कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
loader
AI and the weak link case involving Nvidia CEO beyond personal relationships questions is about accountability
जेन्सन हुआंग - फोटो : amarujala.com

विस्तार

दुनिया की सबसे बड़ी और प्रभावशाली तकनीकी कंपनियों में शामिल एनवीडिया के संस्थापक एवं सीईओ जेनसन हुआंग का नाम चीन की कथित जासूसी गतिविधियों से जुड़ना एक उद्योगपति के व्यक्तिगत संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), राष्ट्रीय सुरक्षा, वैश्विक तकनीकी प्रतिस्पर्धा और संवेदनशील तकनीक के नियंत्रण से जुड़े हैं। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि एलिस हुआंग नामक चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़ी महिला का एनवीडिया के सीईओ के साथ करीबी और कथित प्रेम संबंध था।



अमेरिकी अधिकारियों को आशंका है कि इस संबंध का इस्तेमाल एनवीडिया की संवेदनशील तकनीकी जानकारी और चीन को उन्नत एआई चिप उपलब्ध कराने संबंधी अमेरिकी नीतियों को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र जांच अभी बाकी है। आज एआई का इस्तेमाल आर्थिक विकास से लेकर साइबर सुरक्षा, सैन्य अनुसंधान और खुफिया गतिविधियों तक में हो रहा है।


ऐसे में कंपनी के शीर्ष नेतृत्व तक किसी विदेशी खुफिया नेटवर्क की संभावित पहुंच को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। गौरतलब है कि अक्तूबर के अंतिम हफ्ते में जब यह प्रकरण पहली बार चर्चा में आया था, तब कंपनी ने इसे सामान्य कारोबारी संपर्क बताकर खारिज करने की कोशिश की थी।

स्वयं जेनसन हुआंग ने भी इसे सामान्य व्यावसायिक बातचीत बताया था। लेकिन बाद में अपनी पत्नी से बेवफाई स्वीकार करते हुए कर्मचारियों को भेजे गए हुआंग के संदेश और निदेशक मंडल की स्वतंत्र जांच की घोषणा ने मामले को नया आयाम दे दिया है। हालांकि कंपनी ने अपने सीईओ पर भरोसा जताते हुए कहा है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई प्रमाण नहीं है, जिससे यह माना जाए कि कंपनी के गोपनीय रहस्य या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां लीक हुई हैं। लेकिन जब किसी कंपनी के पास ऐसी तकनीक हो, जिसका रणनीतिक महत्व राष्ट्रीय सीमाओं से कहीं आगे तक फैला हो, तब उसके नेतृत्व की जवाबदेही भी सामान्य कॉरपोरेट मानकों से अधिक व्यापक होनी चाहिए।

अमेरिका और चीन के बीच सेमीकंडक्टर तथा एआई तकनीक को लेकर पहले से ही तनाव है। इसलिए जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि क्या वास्तव में कोई गोपनीय सूचना साझा की गई, क्या कंपनी की तकनीक को प्रतिबंधों से बचाकर चीन तक पहुंचाने का प्रयास हुआ और क्या किसी विदेशी एजेंसी ने कंपनी के निर्णयों को प्रभावित करने की कोशिश की। चूंकि भारत भी सेमीकंडक्टर निर्माण, डिजिटल अर्थव्यवस्था और एआई के क्षेत्र में अपनी वैश्विक भूमिका मजबूत करना चाहता है, इसलिए इस प्रकरण में उसके लिए भी महत्वपूर्ण सबक छिपा है कि वह कॉरपोरेट जासूसी, विदेशी खुफिया हस्तक्षेप, आपूर्ति शृंखला की पारदर्शिता और संवेदनशील तकनीक तक पहुंच पर भी गंभीर निगरानी रखे।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed