{"_id":"66c96ced9428bd0ae70439df","slug":"indian-cricketer-shikhar-dhawan-goodbye-to-international-cricket-2024-08-24","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"शिखर धवन संन्यास: 'गब्बर' ने चुपके से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कर दिया बाय-बाय...","category":{"title":"Blog","title_hn":"अभिमत","slug":"blog"}}
शिखर धवन संन्यास: 'गब्बर' ने चुपके से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कर दिया बाय-बाय...
सार
5 दिसंबर को 39 साल के होने जा रहे शिखर धवन बाएं हाथ के दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में एक रहे हैं। दर्जनों रिकॉर्ड शिखर के नाम दर्ज हैं। गब्बर के नाम से साथी खिलाड़ियों के बीच प्रसिद्ध शिखर धवन दिल्ली के रहने वाले हैं और मात्र 12 साल की उम्र में उन्होंने क्रिकेट की ट्रेनिंग लेना शुरू कर दिया था।
विज्ञापन
शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया।
- फोटो : Amar Ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शनिवार सुबह जब क्रिकेट प्रेमी अपने बिस्तरों को छोड़कर बाहर निकल रहे थे, तभी खबर आई कि गब्बर यानी शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम की ओपनिंग बैटिंग की रीढ़ रहे शिखर धवन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा की। टीम इंडिया की ओपनिंग बल्लेबाजी में वो वीरेंद्र सहवाग के बाद दूसरे सबसे धाकड़ बल्लेबाज रहे हैं। हालांकि, शिखर पिछले दो वर्षों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर थे।
विज्ञापन
5 दिसंबर को 39 साल के होने जा रहे शिखर धवन बाएं हाथ के दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में एक रहे हैं। दर्जनों रिकॉर्ड शिखर के नाम दर्ज हैं। गब्बर के नाम से साथी खिलाड़ियों के बीच प्रसिद्ध शिखर धवन दिल्ली के रहने वाले हैं और मात्र 12 साल की उम्र में उन्होंने क्रिकेट की ट्रेनिंग लेना शुरू कर दिया था। उनके पहले कोच तारक सिन्हा थे, जिनका जिक्र शिखर ने अपने संन्यास लेने के वीडियो में किया है। शुरुआत में शिखर धवन विकेटकीपर के तौर पर क्रिकेट करियर बनाना चाहते थे, लेकिन उनकी पहचान एक ओपनर बल्लेबाज के रूप में दुनिया में बनी।
विज्ञापन
बहुत जल्द शिखर ने क्रिकेट का क, ख, ग सीख लिया था। वर्ष 1999 में मात्र 14 साल की उम्र में उनका चयन अंडर 16 दिल्ली टीम में हो गया था। वर्ष 2000-01 की विजय मर्चेंट ट्रॉफी में दिल्ली उप विजेता रही थी। इस टूर्नामेंट में नौ पारियों में शिखर ने 755 रन बनाए थे। उनका बैटिंग औसत 83.88 रहा था। उन्होंने दो शतक बनाए थे और उनका अधिकतम स्कोर 199 रन था।
विज्ञापन
शुरुआत में ही शिखर ने बता दिया था कि वो लंबी रेस के घोड़े हैं। वर्ष 2003-04 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में शिखर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे। उन्होंने 505 रन 84.16 के औसत से बनाए, जिसमें तीन शतक शामिल थे।
घरेलू क्रिकेट में अच्छा खेलने के बावजूद शिखर को टीम इंडिया में आने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ा। शिखर ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 अक्टूबर 2010 को विशाखापट्टनम में खेला। हालांकि, पहले ही मैच में वो मात्र दो गेंदें खेलकर शून्य पर आउट हो गए थे, लेकिन मार्च 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में अपने पहले टेस्ट मैच में उन्होंने 187 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच रहे।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो शिखर ने 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी-20 मैच खेले। टेस्ट में उन्होंने 2315 रन, 7 शतक व 5 अर्द्धशतक लगाए। टेस्ट में शिखर का अधिकतम स्कोर 190 है। वनडे में उन्होंने 6793 रन बनाए, जिसमें 17 शतक और 39 अर्द्धशतक शामिल हैं। वनडे में उनका अधिकतम स्कोर 143 रन है। टी-20 में शिखर ने 1759 रन बनाए, जिसमें 11 अर्द्धशतक लगाए और उनका अधिकतम स्कोर 92 रन है।
शिखर धवन का आईपीएल करियर भी बेहद शानदार रहा। वो उन चुनिंदा खिलाड़ियों में हैं, जिन्होंने दो आईपीएल टीमों की कप्तानी की है। अपने आईपीएल करियर में शिखर धवन पांच टीमों से खेले। वो पहले ऐसे आईपीएल खिलाड़ी भी रहे, जिन्होंने लगातार शतक लगाए। शिखर धवन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने वर्ष 2016 में आईपीएल टूर्नामेंट जीता था। शिखर धवन ने हैदराबाद के अलावा पंजाब किंग्स की भी कप्तानी की।
हालांकि, शिखर धवन का निजी जीवन बहुत अच्छा नहीं रहा। उन्होंने वर्ष 2012 में खुद से 10 साल बड़ी तलाकशुदा आयशा मुखर्जी से शादी की थी। दोनों सोशल मीडिया पर मिले थे। आयशा की पहले से दो बेटियां थीं। वर्ष 2014 में उनके एक बेटा हुआ। मात्र 9 साल की शादी के बाद शिखर और आयशा ने वर्ष 2021 में अपनी राहें जुदा कर लीं। वर्ष 2023 में उनका विधिवत तलाक भी हो गया।
कोर्ट ने भी माना था कि शिखर धवन के साथ आयशा मुखर्जी ने मानसिक क्रूरता की थी। शिखर धवन एक नेक दिन दिल इंसान तो हैं ही, उनकी सोशल मीडिया पर बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है। सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें 7.2 मिलियन, इंस्टाग्राम पर 18.4 मिलियन और फेसबुक पर 17 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। गब्बर की धाकड़ परियों के लिए क्रिकेट प्रेमी सदैव उन्हें याद रखेंगे।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।