फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   history of world cinema, Penélope Cruz Spanish actress and her films

विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: पेनेलोपी क्रूज- स्पेनिश जादूगरनी

Sat, 13 May 2023 12:12 PM IST
Dr. Vijay Sharma डॉ. विजय शर्मा
Updated Sat, 13 May 2023 12:12 PM IST
विज्ञापन
history of world cinema, Penélope Cruz Spanish actress and her films
पेनेलोपी क्रूज, स्पेनिश अभिनेत्री - फोटो : Twitter

स्पेन में जन्म लेकर अमेरिकी फिल्मों में राज करने वाली पेनेलोपी क्रूज को ‘स्पेनिश जादूगरनी’ कहा जाता है। उसने अपने अभिनय के बल पर न केवल ऑस्कर के समकक्ष कई स्पेनिश पुरस्कार जिन्हें ‘गोया’ कहते हैं, प्राप्त किए वरन पांच मुख्य यूरोपियन फिल्म अकादमी पुरस्कार भी जीते हैं। उन्हें तीन स्पेनिश गोया (स्पेनिश ‘ऑस्कर’), एक इटैलियन ‘ऑस्कर’, दो यूरोपियन ‘ऑस्कर’ प्राप्त हुए हैं, साथ ही सर्वोत्तम सहायक अभिनेत्री का अकादमी पुरस्कार (‘विकी क्रिस्टीना बार्सेलोना’) भी प्राप्त हुआ है।

विज्ञापन


अभिनेता, प्रड्युसर तथा लेखक पेनेलोपी क्रूज का जन्म 28 एप्रिल 1974 को मैड्रिड में हुआ था। उनका जन्म का नाम पेनेलोपी क्रूज सेंचेज है। उनके पिता एडुराडो क्रूज एक रिटेलर थे तथा मां एन्कार्ना सेंचेज हेयरड्रेसर का काम करती थीं। पेनेलोपी ने नौ साल तक स्पेन के नेशनल कन्जरवेट्री में क्लासिकल बेले डॉन्स का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
विज्ञापन


बेले डॉन्स एक कठिन अनुशासन तथा परिश्रम की मांग करता है, इसके लिए आपको अपना पूरा जीवन लगा देना होता है, आपके पैरों की अंगुलियों के नाखून टूट कर गिर जाते हैं तब भी आपको नाचते रहना होता है। पेनेलोपी ने इस डॉन्स को जुनून के साथ सीखा। इसके साथ ही उन्होंने जाज डॉन्स भी सीखा। वे प्रोफेशनल बेले डॉन्सर बनना चाहती थीं, मगर सिने-अभिनेत्री बनीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

‘द ग्रीक लेबीरिंथ’ फिल्म के साथ शुरुआत

हुआ यूं कि एक टैलेन्ट एजेंसी ऑडीसन कर रही थी जिसमें 300 लड़कियों ने भाग लिया, पेनेलोपी को इस ऑडीशन के फलस्वरूप कई स्पेनिश टीवी तथा म्युजिक वीडियो में काम करने का अवसर मिला। इसी का नतीजा हुआ आगे चल कर उन्हें फिल्मों में अवसर प्राप्त हुआ। उनकी पहली फिल्म ‘द ग्रीक लेबीरिंथ’ थी जो उन्होंने 1993 में की, फिर तो सिलसिला चल पड़ा। वे हर साल तीन-चार फिल्म करने लगीं और शीघ्र ही स्पेनिश सिनेमा की प्रमुख तारिका बन गईं।


‘लाइव फ्लेश’ में काम करने का अवसर उन्हें स्पेन के प्रमुख सिने-निर्देशक पेड्रो एल्मोडोवर ने दिया, वे ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय सिने-फलक पर भी लेकर आए। उनकी 1997 की थ्रिलर/ड्रामा/मिस्ट्री/साइंस फिल्म ‘ओपेन योर आईज’ खूब सफल स्पेनिश फिल्म थी, जिसने ढेर सारे पुरस्कार जीते। अगले साल कॉमेडी फिल्म ‘ला नीना डे टस ओजस’ के लिए पेनेलोपी को सर्वोत्तम अभिनेत्री का गोया पुरस्कार प्राप्त हुआ। पेड्रो एल्मोडोवर की फिल्म ‘ऑल अबाउट माई मदर’ से पेनेलोपी को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हुई। इसमें उन्होंने एक नन की भूमिका की है।

लंबे काले बालों, गहरी आवाज और भारी स्पेनिश लहजे वाली पेनेलोपी क्रूज जब अमेरिका आई तब उन्हें इंग्लिश नहीं आती थी, हालांकि वे इंग्लिश फिल्मों में काम कर रही थीं। उन्हें इंग्लिश में मात्र दो वाक्य बोलने आते थे, ये वाक्य थे, ‘हाऊ आर यू?’ तथा ‘आई वांट टू वर्क विद जॉनी डेप।’ और जब उन्होंने जॉनी डेप के साथ ‘ब्लो’ में काम कर लिया तो कहना सीख लिया, ‘आई वांट टू वर्क विद जॉनी डेप अगैन।’ वे जॉनी डेप को अपनी दोस्ती के लिए धन्यवाद देती हैं क्योंकि वे उनकी प्रतिभा की कायल हैं। जॉनी डेप बहुअत सारे लोगों के लिए प्रेरणा हैं। 

history of world cinema, Penélope Cruz Spanish actress and her films
ऑस्कर विजेता अभिनेत्री पेनेलोपी क्रूज - फोटो : Twitter
 

अमेरिका में उन्होंने ‘वूमन ऑन टॉप’, ‘ब्लो’, ‘ऑल द प्रेटी होर्सेस’ जैसी प्रसिद्ध फिल्में कीं। ‘ब्लो’ में उनके साथ जॉनी डेप थे, यह एक ड्र्ग ट्रेफिंकिंग ड्रामा है। इस फिल्म में काम करते हुए वे जॉनी डेप की प्रशंसक बन गई। बाद में उन्होंने जॉनी डेप के साथ ‘पाइरेट्स ऑफ करेबियन: ऑन स्ट्रेन्जर टाइड्स’ तथा ‘मर्डर ऑन दि ओरियंट एक्सप्रेस’ में भी काम किया। ‘ऑल द प्रेटी होर्सेस’ के बाद वे पूरी तरह से शाकाहारी हो गई हैं। इस फिल्म में मैट डैनम उनके सह-अभिनेता हैं। 


वे सलमा हाइक की प्रशंसा करते हुए कहती हैं कि सलमा कभी भी समझौता नहीं करती हैं, वे अपने विजन का पीछा करती हैं और सदा ईमानदार रहती हैं और इसीलिए वे महान अभिनेत्री हैं। सलमा हाइक की मित्रता वाली अब पेनेलोपी क्रूज स्पेनिश के साथ इटैलियन तथा इंग्लिश भी मजे में बोलती हैं। उन्होंने इटैलियन भाषा सीखी क्योंकि वे 2004 में ‘डोन्ट मूव’ फिल्म में काम करने की इच्छुक थीं। और उनका यह सीखना फायदेमंद रहा, उन्हें इस फिल्म के लिए अकादमी के बराबर सर्वोत्तम अभिनेत्री का इटैलियन पुरस्कार प्राप्त हुआ।

उनका कहना है कि इटैलियन संस्कृति एक बहुत खूबसूरत संस्कृति है और वे उसे प्यार करती हैं। वे इटैलियन भाषा, इटैलियन लोगों, उनके एटिट्यूड और उनके संगीत को पसंद करती हैं। उनके अनुसार वह एक इटैलियन व्यक्ति हैं, जो स्पेनिश स्त्री शरीर में कैद हैं।
 

ऑस्कर पाने वाली अभिनेत्री

वे ऑस्कर पाने वाली स्पेन की दूसरी फिल्म कलाकार हैं, मजे की बात यह है कि पहले अभिनेता उनके पति जेवियर बारडेम हैं। जेवियर बारडेम के साथ उन्होंने 2008 में ‘विकी क्रिस्टीना बारसेलोना’ फिल्म में काम किया था, तभी से दोनों की दोस्ती थी। वैसे दोनों ने ‘लाइव फ्लेश’ में भी काम किया है लेकिन दोनों इस फिल्म में साथ में परदे पर नहीं हैं। जेवियर बारडेम से उन्होंने 2010 में शादी की। दोनों के दो बच्चे हैं, एक बेटी लुना और एक बेटा लियो।  
 

अभिनय के प्रति उनका ऐस लगाव है कि जब वे 2011 में ‘पाइरेट्स ऑफ करेबियन: ऑन स्ट्रेन्जर टाइड्स’ की शूटिंग कर रही थीं तब वे सात महीने के गर्भ के साथ थीं। उनका बेटा लियो पैदा होने वाला था और जब बेटा छ: महीने का हुआ वे ‘टू रोम विद लव’ की शूटिंग के लिए सेट पर थीं। जब बेटी 11 महीने की हुई वे फिर ‘मा मा’ की शूटिंग कर रही थीं।


मेरिल स्ट्रिप को अपना रोल मॉडल मानने वाली पेनेलोपी क्रूज के विषय में भारतीय सिने-दर्शकों को यह जान कर अच्छा लगेगा कि वे भारतीय सिनेमा की बड़ी प्रशंसक हैं और मौका मिला तो शाहरुख खान के साथ काम करना चाहती हैं। स्पेन में अभिनेता उम्र दराज होने पर भी सक्रिय रहते हैं, पेनेलोपी का भी प्लान है कि वे 50 साल में रिटायर्ड नहीं होंगी और काम करती रहेंगी। वे अभी बहुत कुछ करना चाहती हैं।



----------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed