{"_id":"684078b81a4ea86148075aae","slug":"two-people-died-and-28-were-injured-in-separate-road-accidents-while-returning-from-fair-in-raigarh-2025-06-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Road Accident: रायगढ़ में मेला से लौटते समय अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, 28 लोग हुए घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Road Accident: रायगढ़ में मेला से लौटते समय अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, 28 लोग हुए घायल
Wed, 04 Jun 2025 10:26 PM IST
श्याम जी.
अमर उजाला नेटवर्क, रायगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, रायगढ़
Published by: श्याम जी.
Updated Wed, 04 Jun 2025 10:26 PM IST
सार
रायगढ़ जिले में मेला से लौटते समय चार सड़क हादसों में दो युवकों की मौत और 28 लोग घायल हुए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
विज्ञापन
घायल
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
घरघोड़ा थाना क्षेत्र में श्रीहरि यज्ञ मेला देखकर लौट रहे लोगों के साथ अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हुए। एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर खेत में गिरी
घरघोड़ा थाना क्षेत्र के छर्राटांगर गांव में सुबह छह बजे मोटरसाइकिल (सीजी 14 एमक्यू 4918) पर सवार चार युवक सुरेश कलंगा, गजानंद सारथी, विशाल कलंगा और सोहन कलंगा मेले से लौट रहे थे। भेंड्रा पुलिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर खेत में गिर गई। हादसे में गजानंद सारथी (17) की सिर पर पत्थर लगने से मौके पर मौत हो गई। विशाल कलंगा गंभीर रूप से घायल होकर रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती है, जबकि अन्य दो को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
विज्ञापन
पुल से गिरकर बाइक चालक की मौत
एक अन्य हादसे में छर्राटांगर के पास मोटरसाइकिल पुल से नीचे गिर गई, जिसमें बाइक चालक जगदीश राठिया (28, निवासी कांटाझरिया) की मौके पर मौत हो गई।
गाय से टकराकर महिला की मौत
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रजीत राठिया ने बताया कि उसका भाई एंजिल राठिया (20) अपनी मां गुरबारी राठिया के साथ खम्हार में शादी समारोह से लौट रहा था। शाम छह बजे खम्हार अस्पताल के पास उनकी मोटरसाइकिल गाय से टकरा गई। हादसे में गुरबारी के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगीं, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।
विज्ञापन
टैंकर से टक्कर में युवक की मौत
लैलूंगा थाना क्षेत्र में दिलीप कुमार पैंकरा ने बताया कि शाम सात बजे रेगडी मॉडल स्कूल के सामने खड़े टैंकर (यूपी 64 टी 7110) से टकराने के बाद लिमीतेश पैंकरा (19, निवासी कुंजारा) गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
28 लोग घायल, उपचार जारी
बीएमओ डॉ. एस.आर. पैंकरा ने बताया कि रविवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह आठ बजे तक 28 लोग सड़क हादसों में घायल हुए। घायलों में जगदीश राठिया, ज्ञानेश राठिया, अनुराधा राठिया, पुरुषोत्तम, भोला सिदार, शिव प्रजा, पूर्णिमा चौहान, अलका डनसेना, अमितेश शर्मा, मोनिका, इतवार राठिया, श्यामवती, सोनिया, बंशी राठिया, सलिमा किसपोट्टा, सोहन सिदार, सुरेश सिदार, विशाल सिदार, संजय चौहान, भीम सिंह और अन्य शामिल हैं। अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।