Raipur: शासकीय कार्यक्रम रोक सीएम ने ट्रैफिक में फंसी एंबुलेंस को निकलवाया, मंच से की रास्ता देने की अपील
सीएम भूपेश आज बुधवार को शासकीय कार्यक्रम में तात्यापारा के नवीन मार्केट में लोक निर्माण विभाग के भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मंच से देखा कि एक एंबुलेंस जाम में फंस गई है।
विस्तार
राजधानी रायपुर में बुधवार को ट्रैफिक में फंसी एक एंबुलेंस को खुद सीएम भूपेश बघेल ने निकलवाया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच पर खड़े होकर एम्बुलेंस को रास्ता दिलवाया। इसके बाद फिर मंच पर बैठ गए। सीएम भूपेश ने मानवता की मिसाल पेश की है। शासकीय कार्यक्रम को छोड़कर ट्रेफिक में फंसे एंबुलेंस को रास्ता दिलवाया है।
बता दें कि सीएम भूपेश आज बुधवार को शासकीय कार्यक्रम में तात्यापारा के नवीन मार्केट में लोक निर्माण विभाग के भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मंच से देखा कि एक एंबुलेंस जाम में फंस गई है। उसे निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा है। जैसे ही सीएम की नजर एंबुलेंस पर पड़ी उन्होंने अपने प्रोटोकॉल को तोड़ते हुए तुरंत कार्यक्रम को रोकने का इशारा किया।
इसके बाद सीएम भूपेश बघेल ने खुद ही अपनी कुर्सी छोड़कर एंबुलेंस को रास्ता देने की अपील करने लगे। मुख्यमंत्री के खड़े होने के बाद तुरंत ही गाड़ियों ने एंबुलेंस को रास्ता दिया इसके बाद मुख्यमंत्री वापस अपनी कुर्सी पर बैठे और कार्यक्रम शुरू हुआ।