Kabirdham : केंद्र सरकार धान खरीदी के लिए 80 फीसदी पैसा देती है, सांसद पांडेय बोले- झूठ बोलते हैं सीएम
सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने इस वर्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश से 86.5 लाख मीट्रिक टन चावल अर्थात 1.30 करोड़ मीट्रिक टन धान की बंपर खरीदी करने का निर्णय लेकर छत्तीसगढ़ के किसानों को सौगात दी है।
विस्तार
कवर्धा में भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में बुधवार को केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा इस वर्ष धान खरीदी में बढ़ोतरी के विषय को लेकर एक प्रेस वार्ता की गई। इस प्रेस वार्ता में राजनांदगांव-कवर्धा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक साहू, पूर्व संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी और जिला मीडिया प्रभारी जसविंदर बग्गा उपस्थित रहें। सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने इस वर्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश से 86.5 लाख मीट्रिक टन चावल अर्थात 1.30 करोड़ मीट्रिक टन धान की बंपर खरीदी करने का निर्णय लेकर छत्तीसगढ़ के किसानों को सौगात दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के किसानों की पूरी उपज की खरीदी की व्यवस्था कर दी है, इसके लिए छत्तीसगढ़ के किसान केंद्र सरकार का अभिनंदन करते हैं। भाजपा इसकी जानकारी छत्तीसगढ़ के प्रत्येक किसानों तक पहुंचाएगी और प्रयास करेगी कि प्रदेश का हर किसान प्रधानमंत्री मोदी को पोस्टकार्ड लिखकर धन्यवाद ज्ञापित करेंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल झूठ बोलते है- सांसद
सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बार-बार यह झूठ बोलते हैं कि किसानों का पूरा धान प्रदेश सरकार खरीदती है, जबकि सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार ने अब तक धान खरीदी के लिए प्रदेश सरकार को 74 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि का भुगतान किया है, जिसकी बदौलत प्रदेश के किसानों का धान खरीदी जा सका।
केंद्र सरकार ने किसानों के हित में किया है काम
कबीरधाम भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक साहू ने केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए गए कदमों की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में धान का समर्थन मूल्य 873 रुपए बढ़ा है। खाद में सब्सिडी 35 हजार करोड़ रुपए से बढ़ाकर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 1.08 लाख करोड़ रुपए करके किसानों को बड़ी राहत देने का काम किया है। केन्द्र में प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार आने के बाद धान का समर्थन मूल्य बढ़ने से किसानों को 17,500 रुपए अधिक मिलेंगे। पहले जब यही धान 1310 रुपए में किसान 15 क्विंटल बेचते थे तो उन्हें 19,650 रुपए मिलते थे। इस प्रकार अब किसानों को 17,500 रुपए ज्यादा मिलेंगे।