Janjgir Champa: जमीन का पट्टा नहीं मिलने से नाराज वार्डवासी, SDM कार्यालय का किया घेराव
इस दौरान उन्होंने पट्टा नहीं देने पर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का अल्टीमेटम भी दिया।
विस्तार
जांजगीर चांपा जिले के नगर पालिका चांपा के वार्ड नंबर एक, दो, तीन और चार के वार्डवासियों ने चार सालों से पट्टे का वितरण नही किए जाने को लेकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने पट्टा नहीं देने पर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का अल्टीमेटम भी दिया।
दरअसल राज्य सरकार ने भूमिहीन लोगों को आवास योजना का लाभ देने के लिए जिस जगह पर निवास करते हैं उस जगह का पट्टा जारी करने आदेश दिया है। लेकिन राज्य सरकार की इस योजना का लाभ चांपा नगर पालिका के कई वार्डों को नहीं मिल रहा है। लगभग तीन हजार लोगों को पट्टा नहीं मिल पाया है।
वार्डवासियों ने विधानसभा अध्यक्ष को भी इस बात की जानकारी दी थी जिसमें उन्होंने एसडीएम को तीन दिनों में भीतर पट्टा जारी करने का निर्देश दिया था। मगर एसडीएम ने पट्टा जारी नही किया है। जिसे लेकर सैकड़ों की संख्या में चांपा एसडीएम कार्यालय का घेराव कर पट्टे की मांग करने लगे। जमीन का पट्टा नहीं मिलने पर आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार और वोट नही देने की बात कही है।