{"_id":"680f4ee0fadbadf3cb069531","slug":"heavy-rain-and-hailstorm-in-korba-2025-04-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"मौसम का मिजाज बदला: कोरबा में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि, सड़कों पर जलभराव; बस्तियों व घरों में घुसा पानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मौसम का मिजाज बदला: कोरबा में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि, सड़कों पर जलभराव; बस्तियों व घरों में घुसा पानी
Mon, 28 Apr 2025 03:42 PM IST
श्याम जी.
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
Published by: श्याम जी.
Updated Mon, 28 Apr 2025 03:42 PM IST
सार
नालियां जाम होने से गलियों में घुटनों तक पानी भर गया और कई घरों में पानी घुस गया। इससे स्थानीय निवासियों में नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के प्रति गुस्सा देखा गया।
विज्ञापन
जलभराव
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कोरबा जिले में सोमवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कभी धूप, कभी छांव का सिलसिला जारी रहा। दोपहर करीब दो बजे के बाद जिले के अलग-अलग हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई और ओले भी गिरे।
विज्ञापन
लगातार बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज आंधी-तूफान के चलते अमरियापारा स्थित ट्रांसफार्मर के पास लगे पेड़ टकराने से शॉर्ट सर्किट की घटना हुई। चिंगारी निकलने से आसपास के लोग दहशत में रहे, क्योंकि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।
विज्ञापन
बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में विद्युत व्यवस्था ठप हो गई। रामनगर, मुड़ापार, बुधवारी, काशी नगर, संजय नगर, पुरानी बस्ती, सीएसईबी कॉलोनी और एसईसीएल कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में बिजली गुल रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। शहर के काशी नगर वार्ड नंबर 23, बोल बम चौक में बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई।
विज्ञापन
नालियां जाम होने से गलियों में घुटनों तक पानी भर गया और कई घरों में पानी घुस गया। इससे स्थानीय निवासियों में नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के प्रति गुस्सा देखा गया। लोगों ने बताया कि पिछले दो दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। कभी 42 डिग्री तापमान, तो कभी आंधी-तूफान और बारिश ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया है।