रामानुजगंज: अटल जयंती पर भव्य आयोजन, मनाया गया सुशासन दिवस, पूर्व पीएम के योगदान को किया गया याद
पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक 1 स्थित अटल चौक में नगर पालिका परिषद द्वारा अटल जयंती समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक 1 स्थित अटल चौक में नगर पालिका परिषद द्वारा अटल जयंती समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर देश में सर्वप्रथम स्थापित अटल जी की अष्टधातु से बनी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके पुनीत कार्यों एवं राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि “भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि सुशासन, संवेदनशीलता और सर्वसमावेशी विकास के प्रतीक थे। उनके नेतृत्व में देश ने विकास की नई दिशा पाई। आज भी उनके विचार हम सभी जनप्रतिनिधियों के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी के आदर्शों को आत्मसात कर नगर पालिका परिषद रामानुजगंज शहर के समग्र विकास एवं पारदर्शी प्रशासन के लिए सतत प्रयासरत है।
इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष आर.के. पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हैया लाल अग्रवाल अरुण केसरी, शर्मिला गुप्ता, रामसेवक गुप्ता, सुभाष केसरी, विमलेश सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल,शैलेश गुप्ता पार्षद सुमित गुप्ता, विजय रावत, विकास गुप्ता, अर्जुन दास, रमेश गुप्ता, उषा गुप्ता, पवन गुप्ता, एस.पी. निगम, अशोक जैन, अजय केसरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत नगर पालिका परिषद द्वारा सुशासन दिवस भी मनाया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 24 हितग्राहियों को कार्य आदेश प्रदान किए गए, जिससे लाभार्थियों में उत्साह एवं प्रसन्नता देखी गई। कार्यक्रम का समापन अटल बिहारी वाजपेई के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने एवं उनके आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ किया गया।
धान खरीदी व निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर दो पटवारी निलंबित
धान खरीदी वर्ष 2025-26 एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा दो पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के उल्लंघन पाए जाने पर की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज के प्रतिवेदन के आधार पर श्री विजय यादव, पटवारी तहसील रामानुजगंज को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उन पर धान खरीदी वर्ष 2025-26 एवं निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय शंकरगढ़ निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
इसी प्रकार, श्री बंधन राम, पटवारी तहसील रामचन्द्रपुर को भी धान खरीदी कार्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय कुसमी नियत किया गया है। उन्हें भी नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
दोनों ही मामलों में कलेक्टर द्वारा जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कर्मचारियों का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 (1), (2) एवं (3) के विपरीत पाया गया है, जिसके चलते छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, धान खरीदी एवं निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है और भविष्य में भी इस प्रकार की अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।