कांग्रेस पार्टी डूबता जहाज: सीएम साय बोले- देश को लूटने का किया काम, मोदी का काम देखकर बिगड़ा मानसिक संतुलन
सीएम साय ने कहा कि लोकसभा का यह चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है, नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार सबका साथ ,सबका विकास संकल्प को लेकर काम कर रही है।
विस्तार
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पहली बार कोरबा लोकसभा क्षेत्र के मरवाही विधानसभा के अडी गांव में कोरबा संसदीय क्षेत्र की प्रत्याशी सरोज पांडे के पक्ष में चुनावी आमसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के पक्ष में प्रत्याशी के लिए वोट मांगा। इस दौरान साय ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए प्रदेश की पिछली सरकार पर तीखा प्रहार किया है।
सीएम साय ने कहा कि लोकसभा का यह चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है, नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार सबका साथ ,सबका विकास संकल्प को लेकर काम कर रही है। चुनावी सभा में कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जमकर हमला किया। भूपेश बघेल सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके शासन में शराब की दुकानों में दो-दो केस काउंटर हुआ करता था, एक सरकार का और एक सोनिया राहुल गांधी का भ्रष्टाचार इतना किया कि उनके भ्रष्टाचारी अभी तक जेल की हवा खा रहे हैं।
सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस के लोगों का दिमाग खराब हो गया है हमारा और मोदी जी का काम देखकर 11 की 11 लोकसभा सीट जीतकर देना है और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।
वहीं पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कन्हैया कुमार के द्वारा प्रधानमंत्री को जनरल कायर कहने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी नेताओं द्वारा की गई इस तरह की टिप्पणी से प्रधानमंत्री को कोई फर्क नहीं पड़ेगा, कभी मौत का सौदागर कभी कायर कहना इस तरह की भाषा देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। राहुल गांधी के मीडिया में एक भी आदिवासी एंकर ना होने की बात पर राहुल गांधी पर किया पलटवार कहा हमारा और मोदी का काम देखकर इनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। कांग्रेस ने 55 60 साल सिर्फ लूटने का काम किया है जिसका परिणाम वह भोग रहे हैं। कांग्रेस पार्टी डूबता हुआ जहाज है सब कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ रहे हैं।