फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   CG Weather: Monsoon reactivated in Chhattisgarh;  heavy rain  IN Raipur  KNOW HERE other districts condition

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय मानसून; रायपुर में सुबह से मूसलाधार बारिश, जानें अन्य जिलों का हाल

Wed, 24 Sep 2025 04:28 PM IST
ललित कुमार सिंह अमर उजाला ब्यूरो, रायपुर/दुर्ग/बिलासपुर/पेंड्रा/कवर्धा/बेमेतरा/धमतरी/बलौदाबाजार/बालोद/सरगुजा
अमर उजाला ब्यूरो, रायपुर/दुर्ग/बिलासपुर/पेंड्रा/कवर्धा/बेमेतरा/धमतरी/बलौदाबाजार/बालोद/सरगुजा Published by: ललित कुमार सिंह Updated Wed, 24 Sep 2025 04:28 PM IST
सार

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार को राजधानी रायपुर में सुबह से ही रुक-रुककर हल्की-मध्यम बारिश हो रही है।

विज्ञापन
CG Weather: Monsoon reactivated in Chhattisgarh;  heavy rain  IN Raipur  KNOW HERE other districts condition
रायपुर में रुक-रुककर हो रही बारिश - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

विस्तार

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार को राजधानी रायपुर में सुबह से ही रुक-रुककर हल्की-मध्यम बारिश हो रही है। कहीं-कहीं पर जमकर मूसलाधार बारिश हो रही है। आसमान में घने काले बादल छाने से अंधेरा छाया हुआ है। बादल गरज रहे हैं। रह-रहकर बिजली की गड़गड़ाहट लोगों को डरा रही है। लगातार बारिश होने से राजधानीवासियों का घर से निकलना दूभर हो गया है। बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, दुर्ग -भिलाई, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, जांजगीर-चांपा आदि जिलों में मौसम ने करवट फेरी है। इन जिलों में भी सुबह से ही रुक-रुककर बारिश जारी है। 

विज्ञापन










दुर्ग, बिलासपुर में सुबह से ही मौसम खराब
दुर्ग जिले में सुबह से ही मौसम खराब है। दुर्ग-भिलाई में रुक-रुककर बारिश हो रही है। बिलासपुर में बीती देर रात झमाझम बारिश हुई । शाम चार बजे के बाद करीब 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। फिलहाल मौसम सुहाना बना हुआ है। हालांकि उमस से लोगों को राहत मिली है। आसमान में अभी भी बादल छाये हुए हैं। धमतरी जिले में बीती रात से ही मौसम खराब है, जहां कल रात से लगातार रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने धमतरी जिले में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
विज्ञापन


बालोद जिले में हो रही मूसलाधार बारिश
बालोद जिले में सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। मार्केट में भी सन्नाटा छाया हुआ है। सुबह से पानी एक जैसे गिर रहा है। इस बारिश से लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की है, लेकिन बारिश की वजह से लोगों को आवागमन में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। 
विज्ञापन
विज्ञापन






रायगढ़ में बदला मौसम का मिजाज
रायगढ़ जिले में पिछले तीन दिनों से दोपहर एक बजे से मौसम का मिजाज बिगड़ जा रहा है। मंगलवार की दोपहर  जिले में बारिश नहीं हुई, लेकिन शाम 4 बजे से गरज-चमक के साथ बारिश हुई और रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही, जो सुबह 9 बजे तक जारी रही। आज सुबह से रायगढ़ में बादल छाये हुए हैं। यहां कभी भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश की वजह से एक बार फिर से यहां के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। साथ ही केलो नदी डेम गेट के तीन गेट खोले गए हैं।

पेंड्रा में रुक-रुककर हल्की मध्यम बारिश 
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में मौसम सुबह से ही खराब है। रुक-रुककर हल्की बारिश का सिलसिला जारी है। आसमान में बादलों का डेरा है। दूसरी ओर बलरामपुररामानुजगंज जिले में मौसम साफ है। कवर्धा जिले के वनांचल में हल्की बारिश हो रही है। बेमेतरा जिले में दोपहर को बारिश हुई है। फिलहाल यहां बारिश बंद हो गई है। इस मानसून सीजन में पूरे प्रदेश में सबसे कम बारिश बेमेतरा जिले में हुई है।





भाटापारा में जनजीवन अस्त-व्यस्त
भाटापारा जिले में मौसम ने अचानक करवट बदली। लगातार हो रही झमाझम। बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे आमजन को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बरसात से लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया है। नगर के निचले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। बारिश के कारण बाजारों में भी त्योहारी रौनक फीकी पड़ गई है। लगातार जारी बारिश से किसानों के चेहरे जरूर खिले हैं, लेकिन शहरी इलाकों में स्थिति खराब है। 

अंबिकापुर में तेज धूप, तो जांजगीर-चांपा में झमाझम बारिश
अंबिकापुर में मौसम साफ है। यहां तेज धूप निकली हुई है। जांजगीर चांपा में झमाझम बारिश होने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यहां तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश हो रही है। हालांकि लगातार धूप के बाद उमस से लोगों को राहत मिली है। जिला मुख्यालय की गलियों में जलभराव की स्थिति है। कांकेर जिले में सुबह से ही लगातार हल्की-मध्यम बारिश हो रही है। 





बीजापुर में रुक-रुककर बारिश 
बीजापुर शहर एवं आस-पास के इलाकों में सुबह से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। जिले के कई हिस्सों में खंड  वर्षा भी हो रही है।

मानसून की विदाई से पहले 'आफत की बारिश'
एक तरफ जहां मानसून विदाई की ओर है, वहीं जाते-जाते लोगों को तरबतर कर रहा है। बात मौसम विभाग की करें, तो विभाग ने रायपुर जिले में हल्की मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। पूर्व-मध्य व उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हुआ है। इसके असर से 24 सितंबर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तेज बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।





बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर तक फैले चक्रवाती परिसंचरण से जुड़ा हुआ है। इसका असर ओडिशा से लेकर तेलंगाना तक दिखाई दे रहा है, जहां द्रोणिकाएं सक्रिय हो गई हैं। इसके अलावा 25 सितंबर को एक और नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है, जिससे प्रदेश का मौसम और प्रभावित होगा।


आज का पूर्वानुमान
24 सितंबर को छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में कई स्थानों पर मध्यम और कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश होने की संभावना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed