{"_id":"6780f6a2d535782839068315","slug":"bullies-beat-husband-wife-and-son-to-death-in-surajpur-2025-01-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"ट्रिपल मर्डर: छत्तीसगढ़ में जमीनी विवाद में हुई हिंसक झड़प, दबंगों ने पति-पत्नी और बेटे को पीट-पीटकर मार डाला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ट्रिपल मर्डर: छत्तीसगढ़ में जमीनी विवाद में हुई हिंसक झड़प, दबंगों ने पति-पत्नी और बेटे को पीट-पीटकर मार डाला
Fri, 10 Jan 2025 04:02 PM IST
श्याम जी.
अमर उजाला नेटवर्क, सूरजपुर (छत्तीसगढ़)
अमर उजाला नेटवर्क, सूरजपुर (छत्तीसगढ़)
Published by: श्याम जी.
Updated Fri, 10 Jan 2025 04:02 PM IST
सार
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जमीनी विवाद में पति, पत्नी और बेटे की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
Crime demo
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
प्रतापपुर थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान मां-बेटे की मौके पर मौत हो गई और पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अंबिकापुर पहुंचने पर घायल पिता की भी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, जगन्नाथपुर के डूबकापारा में संयुक्त खाते की जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद चल रहा था। विवादित भूमि पर खेती करने उमेश टोप्पो, नरेश टोप्पो अपनी मां बसंती टोप्पो और पिता माघे टोप्पो के साथ पहुंचे थे। दोपहर करीब एक बजे माघे टोप्पो के रिश्ते में भाई के परिवार के छह से सात सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन
विवाद कुछ देर में हिंसक झड़प में बदल गया। दूसरे पक्ष ने माघे टोप्पो के परिवार पर टांगी और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में बसंती टोप्पो (55) एवं नरेश टोप्पो (30) की मौके पर मौत हो गई। दोनों मृतकों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, माघे टोप्पो (57) गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के दौरान उमेश टोप्पो ने भागकर जान बचाई और ग्रामीणों को सूचना दी।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलने पर खड़गवां चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल माघे टोप्पो को इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के लिए रवाना किया। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अंबिकापुर पहुंचने पर घायल माघे टोप्पो की भी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। प्रतापपुर से भी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि विवादित जमीन जगन्नाथपुर कोल माइंस के सामने है। विवादित भूमि पर हमलावरों ने खेती करने से मना किया था। आहत परिवार खेती करने के लिए पहुंच गया तो विवाद हिंसक में बदल गया।