इमरजेंसी लैंडिंग के बाद तीन साल से खड़ा है विदेशी विमान, पार्किंग फीस ही 54 लाख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांग्लादेश एयरलाइंस के बोइंग विमान की बेमेतरा के पास आसमान में एक इंजन गिरने की वजह से रायपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। 5 अगस्त 2015 की रात सुरक्षित उतरा यह विमान ऐसा रुका कि तीन साल बाद भी यहां से नहीं उड़ पाया है। विमानन अफसरों के लगातार पत्र व्यवहार के बाद अब जाकर इस विमान की वापसी की संभावनाएं बनी हैं, लेकिन पार्किंग शुल्क के तौर पर 54 लाख रुपए की वसूली कैसे की जाए, इस मुद्दे पर विमानन, विदेश विभाग और एयरलाइंस के अफसरों की 20 जुलाई को रायपुर में बैठक होगी। उसी के बाद तय होगा कि इतने लंबे समय से ग्राउंड विमान यहां से जाएगा या नहीं।
बांग्लादेश एयरलाइंस के साथ देश के विमानन-विदेश विभाग के अफसरों की होगी बैठक
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद इस विमान को सालभर में नया इंजन लगाकर सुधार लिया गया था, लेकिन तब बांग्लादेशी एयरलाइंस ने इसे ले जाने में यह कहकर असमर्थता जता दी कि पार्किंग शुल्क बहुत अधिक लग रहा है, इसे देने में वे सक्षम नहीं हैं। इसके बाद से अब तक पार्किंग शुल्क बढ़कर 54 लाख हो गया है। इमरजेंसी के तौर पर लैंड किए गए इस विमान की वजह से एयरपोर्ट अथॉरिटी भी जगह की कमी से परेशान है। इसीलिए इसे एक बार फिर वापस भेजने की कवायद शुरू की गई। अथॉरिटी के नए डायरेक्टर ने विमान को वापस भेजने के लिए बांग्लादेशी एयरलाइंस को लगातार ई-मेल किए थे। इसी वजह से विमान के बारे में विचार करने के लिए यहां बैठक पर सहमति बन गई है।
चलाकर देखा और लौट गए
गौरतलब है कि ढाका से मस्कट की ओर जा रहे इस विमान का एक इंजन छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के आसपास गिर गया था। इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग रायपुर में कराई गई थी। इसके यात्रियों को दूसरे विमान से अगले दिन रवाना कर दिया गया था। एयरलाइंस ने खराब विमान रायपुर एयरपोर्ट पर ही छोड़ दिया था। काफी पत्र व्यवहार के बाद एयरलाइंस के इंजीनियर नया इंजन यहां लेकर आए और विमान में फिट किया। उसके बाद विमान को रन-वे में दौड़ाकर टेस्टिंग की गई और कुछ दिन में ले जाने की बात कहकर इंजीनियर लौट गए। तब से यह विमान एयरपोर्ट पर ही खड़ा है।
पूरा शुल्क वसूलने की तैयारी
बांग्लादेशी विमान के पार्किंग एरिया में खड़े होने की वजह से उस पर पार्किंग शुल्क ही 54 लाख रुपए से ज्यादा का हो गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी हर दिन इस विमान पर करीब 4800 रुपए शुल्क चार्ज कर रहा है। बांग्लादेशी एयरलाइंस ने इस शुल्क का विरोध भी किया है। एयरलाइंस की माली स्थिति खराब होने का हवाला देकर इसमें छूट भी मांगी गई है। अफसरों की उच्चस्तरीय बैठक में तय होगा कि इस शुल्क में कितनी छूट दी जाए, अथवा छूट दी जाए भी या नहीं। हालांकि संकेत मिले हैं कि विमानन विभाग इस एयरलाइंस से पूरा शुल्क वसूलने के मूड में है।
देश के टॉप फाइव घरेलू एयरपोर्ट
बांग्लादेशी विमान को वापस भेजने के लिए उच्चस्तरीय समिति बैठेगी। विमान को इसलिए भी वापस भेजना होगा क्योंकि रायपुर एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स बढ़ने से देश के टॉप थ्री घरेलू एयरपोर्ट में शामिल हो गया है और इस वजह से विमानों का ट्रैफिक भी बढ़ रहा है।
एयरपोर्ट पैसेंजर (वार्षिक)
इंदौर 2,28,874
रांची 2,09,661
रायपुर 1,75,103
अगरतला 1,38,024
देहरादून 1,19,283