टीजीटी-सीएंडवी तबादले पर करना होगा इंतजार, जानिए अब क्या है मुश्किल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के टीजीटी यानी ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर्स व सीएंडवी (भाषा अध्यापक) के तबादले के इंतजार की घड़ियां लंबी होती जा रही हैं। इस मामले में मौलिक शिक्षा निदेशालय ने एक बार फिर ट्रांसफर का विकल्प भरने की अवधि आगे बढ़ा दी है।
अब दस नवंबर तक शिक्षक अपनी मर्जी के मुताबिक स्कूल का विकल्प ऑनलाइन भर सकेंगे। निदेशालय ने इसके अभी मौखिक आदेश की जारी किए हैं, लिखित आदेशों का शिक्षक इंतजार कर रहे हैं।
दूसरी ओर अभी ऑनलाइन ट्रांसफर पोर्टल भी बंद चल रहा है। इस पर विकल्प नहीं भरा जा रहा। माना जा रहा है कि सोमवार से इसे खोला जा सकता है।
अब दस नवंबर तक चुन सकेंगे मनमर्जी के स्कूल
एक बार फिर अवधि बढ़ाने के पीछे मुख्य कारण कुछ शिक्षकों का हाईकोर्ट जाना बताया जा रहा है। शिक्षकों ने कोर्ट से शिक्षा के मौलिक अधिकार के अनुसार और सभी पद खोलकर तबादले करने के आदेश देने मांग की है।
इसकी सुनवाई आठ नवंबर को कोर्ट में होनी है। बता दें कि इससे पहले विकल्प भरने की अवधि 15 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक और उसके बाद 27 अक्टूबर तक बढ़ाई गई थी।
तबादले के लिए प्रदेश के सभी स्कूलों को सात जोन में बांटा गया है। एक जोन में पांच स्कूल का विकल्प शिक्षकों को भरना अनिवार्य है। मौलिक शिक्षा निदेशक आरएस खरब ने बताया कि दो दिन पहले मौखिक आदेश जारी किए गए हैं। शिक्षकों की सुविधा के मद्देनजर निर्णय लिया गया है।