पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र ध्यान दें, सेमेस्टर परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं ऑनलाइन या ऑफलाइन एक ही तरीके से भेजें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी की सेमेस्टर परीक्षाओं में शामिल होने जा रहे विद्यार्थी इस बार उत्तर पुस्तिकाएं भेजते समय सावधान रहें। कॉपियां एक ही माध्यम से भेजें। चाहे वह ऑनलाइन हो या फिर ऑफलाइन। यदि दोनों माध्यम से कॉपियां भेजी गई तो पीयू को रिजल्ट जारी करने में दिक्कतें आएंगी और ऐसे में आपका परिणाम प्रभावित हो सकता है।
इस बार पीयू की सेमेस्टर परीक्षा में लगभग तीन लाख विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। यह विद्यार्थी पीयू के अलावा 196 कॉलेजों के भी हैं। इन विद्यार्थियों की परीक्षाएं ऑनलाइन होंगी। परीक्षा को बेहतर बनाने के लिए समय समय पर निर्णय लिए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को भी निर्देश दिए जा रहे हैं। वेबसाइट के जरिये विद्यार्थियों को यह जानकारियां दी जा रही हैं।
पीयू ने अपनी परीक्षा गाइड लाइन में साफ कहा है कि विद्यार्थी उत्तर पुस्तिकाएं एक ही माध्यम से उन्हें भेजें। चाहे परीक्षा सुबह की पाली की हो या फिर शाम की। विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिका भेजने से पहले संबंधित कॉलेज व विभाग को बताना होगा कि वह किस माध्यम से उत्तर पुस्तिका भेज रहे हैं। कॉपी पर भी लिखना होगा कि उन्होंने इस माध्यम से कॉपी भेजी है।
चालाकी की तो फंस सकते हैं छात्र
इस बार पीयू की ओर से यह गाइडलाइन भी जारी की गई है कि यदि किसी विद्यार्थी ने नकल कर कॉपी दूसरी लिखकर भेजी है तो वह उसमें पकड़े जाएंगे, क्योंकि कॉपी चेक करने वाले शिक्षक को उत्तर पढ़ते समय शक हुआ तो वे विद्यार्थी से कॉपी मंगवा सकते हैं जो उन्होंने परीक्षा के दौरान लिखी है और उसकी स्कैन कॉपी अपनी मेल पर भेजी होगी, क्योंकि परीक्षा समाप्त होते ही उत्तर पुस्तिका के पेज को स्कैन कर अपनी मेल पर भेजने होंगे। इसका नियम इसलिए लागू किया गया है ताकि विद्यार्थी परीक्षा की शुचिता बनाए रखें। यह एक तरह से नकल पर पहरा है।
हार्ड कॉपी भेजने के लिए दिया समय
यदि परीक्षा शुक्रवार को होती है और शनिवार व रविवार को डाकघर की छुट्टी होती है तो ऐसी स्थिति में विद्यार्थी सोमवार को उत्तर पुस्तिका स्पीड पोस्ट से संबंधित संस्थान को भेज सकते हैं। हालांकि उससे पहले उत्तर पुस्तिका को पूरी तरह सील करना होगा। साथ ही उसकी भी कॉपी एक अपनी मेल पर स्कैन करनी होगी ताकि पीयू या कॉलेज उसे भी जरूरत पड़ने पर मंगवा सकें।
विद्यार्थी यह ध्यान रखें कि उत्तर पुस्तिका ऑनलाइन व ऑफलाइन मोड में से एक ही तरीके से भेजें। कोई समस्या आए तो संबंधित संस्थान से संपर्क किया जा सकता है। साथ ही पीयू की वेबसाइट पर समय समय पर चेक करते रहें। - प्रो. जगत भूषण, परीक्षा नियंत्रक