पीयू डीन के पदों पर हुआ डीएवी-बीजेपी-यूनिवर्सिटी ग्रुप का कब्जा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) की राजनीति में इस बार बड़ा उलटफेर हुआ है। डीएवी-बीजेपी-यूनिवर्सिटी ग्रुप ने मिलकर 2016-2020 सीनेट में दबदबा बना लिया था।
2017-18 की नई सिंडीकेट के लिए रविवार को सभी 15 सीटों पर यूनिवर्सिटी ग्रुप ने जीत हासिल कर ली। सोमवार को पीयू की विभिन्न फैकल्टी के डीन चुनाव में भी सभी आठ पदों पर डीएवी-बीजेपी-यूनिवर्सिटी ग्रुप का कब्जा हो गया है।
अशोक गोयल ग्रुप सिंडीकेट के साथ ही डीन पदों पर एक भी सीट नहीं जीत सके। पीयू में सोमवार आठ डीन और पांच सेक्रेटरी के पदों के लिए मतदान तय था। लेकिन इन सभी पदों पर निर्विरोध डीएवी-बीजेपी-यूनिवर्सिटी ग्रुप ने बाजी मार ली।
अशोक गोयल ग्रुप ने किसी भी फैकल्टी में डीन पद पर उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा। डीन चुनाव में फैकल्टी ऑफ एजुकेशन में कई वर्षों बाद बड़ा उलटफेर हुआ है। करीब 21 साल बाद पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस के प्रोफेसर को डीन चुना गया।
यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (यूसोल) में असिस्टेंट सीनिटर प्रोफेसर डॉ. जितेंद्र ग्रोवर को निर्विरोध एजुकेशन फैकल्टी डीन चुना गया है। डॉ. ग्रोवर के पास पीयू के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर का भी अतिरिक्त कार्यभार है।
पीयू राजनीति में डीएवी ग्रुप का बढ़ता कद
जानकारी के अनुसार कई वर्षों से इस पद पर एजुकेशन कॉलेजों के प्रोफेसर का कब्जा रहा है। एजुकेशन फैकल्टी में प्रो. गुरमीत सिंह को सेक्रेटरी चुना है।
शेड्यूल के तहत सोमवार को सुबह 9 बजे से विभिन्न फैकल्टी डीन के लिए मतदान होने थे। लेकिन किसी भी फैकल्टी डीन के लिए अशोक गोयल ग्रुप ने उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारे।
फैकल्टी ऑफ आर्ट्स से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के प्रो. बीएस घुम्मन, फैकल्टी ऑफ लैंग्वेज से अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर अक्षय कुमार और फैकल्टी ऑफ साइंस से प्रो. प्रवीण रिषी चुनी गईं।
फैकल्टी ऑफ डिजाइन एंड फाइन आर्ट्स में जीसीजी-11 प्रिंसिपल डॉ.अनीता कौशल डीन और प्रो.पंकज माला शर्मा सेक्रेटरी चुनी गई हैं। फैकल्टी ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट एंड कॉमर्स से डॉ. मनोज कुमार शर्मा डीन और डॉ. अश्वनी कुमार भल्ला सचिव चुने गए हैं।
फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से यूआईईटी डायरेक्टर प्रो. रेणू विज डीन और प्रो. सुखविंदर सिंह सेक्रेटरी चुने गए। फैकल्टी ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज में प्रो. इंदू पाल कौर डीन और प्रो. मनोज कुमार सेक्रेटरी चुने गए हैं।
पीयू राजनीति में डीएवी ग्रुप का बढ़ता कद
पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट और सिंडीकेट में डीएवी ग्रुप का लगातार दबदबा रहा है। सीनेट में 10-12 के करीब प्रिंसिपल, प्रोफेसर, नॉमिनेटेड और ग्रेजुएट कांस्टीट्यूंसी क्षेत्र से सदस्य सीधे तौर पर डीएवी मैनेजमेंट से जुड़े हैं। आने वाले दिनों में डीएवी ग्रुप का दबदबा बढ़ेगा।
सिंडीकेट में जीत के बाद ही डीन चुनावों की स्थिति स्पष्ट हो गई थी। इसमें सभी सहयोगी ग्रुप का काफी योगदान रहा है। अब यूनिवर्सिटी और कॉलेजों की बेहतरी के लिए काम किया जाएगा। -प्रो. नवदीप गोयल।