चंडीगढ़ : सिंडिकेट का आदेश पलटा, अब पानीपत की जमीन नहीं बेचेगी पंजाब यूनिवर्सिटी, बनेगा इनोवेशन हब
- पानीपत के मॉडल टाउन एरिया में है पंजाब यूनिवर्सिटी की जमीन
- वहां इनोवेशन हब बनाएगी पीयू, कपड़ा कंपनियों को किया जाएगा आमंत्रित
- पॉश इलाके में स्थित जमीन की करोड़ों रुपये है कीमत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी ने सिंडिकेट के आदेश को पलट दिया है। अब पीयू पानीपत स्थित जमीन को नहीं बेचेगी। यहां पर इनोवेशन हब बनाया जाएगा। कपड़े से जुड़ी कंपनियों को वहां कार्यालय स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
पीयू को इससे लाखों की आमदनी होगी। इनोवेशन हब के निर्माण के लिए पीयू केंद्र सरकार से रकम लेगी। इसके लिए अगले महीने प्रस्ताव भेजा जाएगा। पीयू की इस जमीन को बेचने पर पीयू की सिंडिकेट ने निर्णय ले लिया था।
1960 में पानीपत के एक व्यक्ति ने पीयू को दो कॉमर्शियल प्लॉट दान किए थे। मॉडल टाउन एरिया में ये प्लॉट 2427 व 1382 स्क्वायर मीटर के हैं। ये प्लॉट पॉश इलाके में हैं और इनकी कीमत करोड़ों में है। इन प्लॉटों का पीयू कोई उपयोग नहीं कर पा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए दिसंबर 2017 में पीयू की सिंडिकेट ने प्रस्ताव पास किया कि इस जमीन को बेचा जाए। साथ ही यहां से मिलने वाली रकम को गरीब विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के रूप में दिया जाए। सिंडिकेट में प्रस्ताव पास होने के बाद भी आगे की कार्रवाई इसके लिए शुरू नहीं हो पाई। कुछ लोगों का कहना है कि इस जमीन के लिए खरीदार नहीं मिल पाए थे।
इस तरह बनी इनोवेशन हब के लिए योजना
कुछ दिनों पहले पीयू प्रशासन ने इस जमीन पर अंतिम निर्णय लेने के लिए कमेटी बनाई। इस कमेटी की बैठक हुई तो निर्णय लिया गया कि जमीन नहीं बेची जाएगी। पानीपत कपड़ा उद्योग के लिए जाना जाता है। कपड़े की बड़ी-बड़ी कंपनियां वहां स्थापित हैं। ऐसे में इस जमीन पर इनोवेशन हब बनाया जाए और उन कंपनियों को यहां अपने कार्यालय स्थापित करने के लिए जगह दी जाए।
यह कंपनियां समय-समय पर अपने स्टाफ को प्रशिक्षण भी दे सकेंगी। साथ ही अन्य कार्य भी कर सकेंगी। इन कंपनियों से हर माह किराया लिया जाएगा और यह रकम पीयू के विकास में खर्च होगी। पीयू को इसके जरिए हर माह लाखों रुपये मिलेंगे।
पीयू के छात्रों को भी मिल सकेगा प्रशिक्षण
पीयू के छात्रों को भी इस इनोवेशन हब में प्रशिक्षण मिल सकेगा। पीयू क्लोफिंग एंड टेक्सटाइल कोर्स भी संचालित करती है। ऐसे में छात्रों को इनोवेशन हब में ज्ञान मिलेगा और नौकरी के अवसर मिल सकेंगे। पूरी दुनिया में कपड़े की नई तकनीकों के बारे में भी यहां जानकारी प्रदान की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि बैठक में तय हुआ है कि इनोवेशन हब के निर्माण के लिए पीयू एक प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को भेजेगी। वहां से पैसे लिए जाएंगे और निर्माण करवाया जाएगा। पीयू अपनी तरफ से पैसे नहीं लगाएगी।